ज्योतिष

ज्योतिष

आइये आइये
आपके भाग्य में क्या लिखा
भूत भविष्य वर्तमान की
पहचान कराइये।
हाथ की लकीरें
कुण्डली में बैठे ग्रह
आपका भाग्य
शादी विवाह
सन्तान का योग
होने वाले बच्चों का भविष्य
धनी होने के उपाय
कैसे मिलेगा
मान और सम्मान
हमारे पास है
सब समस्याओं का समाधान।
प्रेमिका रूठी हो
बेवफा
या
झूठी हो,
जीजा साली का खुमार
हमारे पास
हमारे पास है सबका उपचार।
आइये
मात्र ग्यारह सौ रुपये में
भूत भविष्य वर्तमान की
जाँच कराइये।


भीड़ से आवाज आई
सुनो ज्योतिषी भाई
मेरी समस्या पर दो ध्यान
मुझे बताओ कोई समाधान।
मेरी कुंडली में कौन सा ग्रह है
जो परिवार में
भाई चारे की राह रोके खड़ा है?
घर के बीच खड़ी दिवार
कब तक गिर जाएगी
माँ बाप की ममता
परिवार को मिल पाएगी?
कब मेरा बेटा
सर्वश्रेष्ठ बन पायेगा
अपने कार्य क्षेत्र में
शीर्ष पर छा जाएगा?
क्या तुम्हारा ज्योतिष
मेरे समस्याओं
सवालों का हल खोज पाएगा?
सवाल तो और भी बहुत हैं
देश में जाति धर्म
अलगाववाद
समस्याएं बहुत हैं।
जिनका प्रभाव
मेरे परिवार पर भी होता है
क्या उसे पढ़ने की भी
मेरे हाथ
या माथे में कोई रेखा है?


ज्योतिषी बोला
अपने मुख से
मधुर चाशनी भरे
शब्दों का पिटारा खोला।
श्री मान
न हों हैरान परेशान
यूँ तो ज्योतिष में
आपकी हर समस्या की है पहचान
और हमारे पास
होता है सबका समाधान?
आपके कारण ही तो
हमारी रोज़ी रोटी चलती है
आपकी समस्याओं पर ही
हमारी गृहस्थी पलती है।
परन्तु श्री मान
इस बात पर भी दें ध्यान
कि क्यों
ईश्वर नें
दिन और रात बनाये
क्यों पाप और पुण्य
जगत में बताये?
फूल की खुशबू
सौन्दर्य का बखान है,
क्यों नहीं उपवन में
काँटों की उपस्थिति का भान है?
आपकी चाह
जगत में सर्वश्रेष्ठ बनने की
स्वयं ईश्वर को भी
चुनौती देने की
परन्तु
यह तो तुलनात्मक अभियान है
आपकी चाह में
झलकता अभिमान है।


महोदय
आपकी समस्या
बहुत छोटी है
बस आपके अन्तशः में
अहंकार की रेखा
बहुत मोटी है।
आदर्श के नाम पर
ढोल पीटना चाहते हो,
आँगन में खड़ी दिवार
भाई से गिरवाना चाहते हो?
क्या कोई सर्वश्रेष्ठ की परिभाषा है
कौन है
जिसकी नहीं अभिलाषा है?
खोखले आदर्श
ज़मीनी हकीकत नहीं जानते
मृग मरीचिका से सुन्दर
सत्य नहीं पहचानते?


परन्तु जनाब
हमारे पास इसका भी है उपाय
कुछ विशेष मंत्र
और पूजा
नियमित नियमपूर्वक करनी पड़ेंगी
उसका खर्च अलग से लगेगा
यकीन मानिए
आपका भाग्य
आपके अनुरूप ही चलेगा।
आपकी पत्नी
आज्ञाकारी बन जाएगी
घर की कलह खत्म होते ही
बाहर शान्ति नज़र आयेगी।
आपके बच्चे बहुत आगे बढ़ेंगे
धन तो खूब कमाएंगे
परन्तु आपको
ठेंगे पर धरेंगे।
आपके माथे की लकीरें बता रही हैं
मन में उठते
अंतर्द्वंद्व को दर्शा रही हैं।
आपकी चाह
भाई को नीचा दिखाने की है
सबसे बड़ी आपकी
यही परेशानी है।
कुंडली के नवम भाव में
शनि की दृष्टि है
परन्तु सूर्य की इस पर
कृपा बरसती है।
सूर्य मज़बूत है
वृहस्पति संग हैं
आपकी कुंडली में
बहुत पैंच और ख़म हैं।
आपके हाथ में भाग्य रेखा प्रबल है
बच्चे की शादी का योग बन रहा है
उसका भविष्य
उज्ज्वल लग रहा है।


जनाब
यूँ तो हम बहुत कुछ बता सकते हैं
आपके सोये भाग्य को
जगाने की राह सुझा सकते हैं।
परन्तु
सुन्दर भविष्य के लिए
सुखद वर्तमान न गँवाइए
आज खुश रहो
भविष्य सुखद बनाइये।

डॉ अ कीर्ति वर्द्धन
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ