Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

बकरी पालन से सीमांचल में गुलाबी क्रांति: 20 हजार महिलाओं की एकजुटता ने रचा 15 करोड़ के कारोबार का इतिहास

(जीविका - बकरी पालन से नई मिसाल)

बकरी पालन से सीमांचल में गुलाबी क्रांति: 20 हजार महिलाओं की एकजुटता ने रचा 15 करोड़ के कारोबार का इतिहास

  • चार जिलों में जीविका दीदियों ने बदली अर्थव्यवस्था की पूरी तस्वीर
  • वर्ष 2020 में स्थापित कंपनी के सहारे बकरी पालन को बनाया संगठित और मूल्य श्रृंखला आधारित व्यवसाय

पटना, 03 अक्तूबर
बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने में जीविका के स्वयं सहायता समूह आधारित मॉडल लगातार नए और प्रेरणादायक अवसर पैदा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज सीमांचल के चार जिलों अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में गुलाबी क्रांति (बकरी पालन और मांस उत्पादन) के जरिए जीविका दीदियों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। सीमांचल जीविका गोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से जुड़ीं करीब 20,000 महिलाओं की एकजुटता ने मौजूदा समय में 15 करोड़ रुपये से अधिक के संचयी कारोबार के माध्यम से एक नया इतिहास रच दिया है।
दिसंबर 2020 में स्थापित और सितंबर 2021 से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने वाली इस कंपनी ने बकरी पालन को एक संगठित और मूल्य-श्रृंखला आधारित व्यवसाय में बदलने का काम किया है। अगस्त 2026 तक कंपनी से 19,956 (लगभग 20,000) शेयरधारक जुड़ चुके हैं और कुल शेयर पूंजी 99.78 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
आंकड़ों पर गौर करें तो इस सीमांचल जीविका गोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से जुड़ीं जीविका दीदियों की मदद से वित्तीय वर्ष 2021-22 में कंपनी का टर्नओवर 25.50 लाख रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 530.63 लाख रुपये (लगभग 5.31 करोड़ रुपये) हो गया। यानी पिछले पांच वर्षों में वार्षिक टर्नओवर में 20 गुना से भी अधिक का इजाफा हुआ है।
जीविका के अधिकारियों के अनुसार, राज्य के चारों जिलों में बकरी पालन और मांस उत्पादन के कारोबार से वर्ष 2021-22 में किसानों को किया गया भुगतान 11.47 लाख रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 146.70 लाख रुपये हो गया है। वहीं, अगस्त 2026 तक कंपनी ने कुल 15.49 करोड़ रुपये का संचयी टर्नओवर दर्ज किया है और इससे सीधे उत्पादक महिलाओं को 5.71 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
अधिकारियों का यह भी कहना है कि कंपनी की तरफ से लाइव बॉडीवेट (जीवित वजन) के आधार पर पारदर्शी मूल्य निर्धारण प्रणाली अपनाई गई है। प्रखंड स्तर पर खरीद-बिक्री को सुगम बनाने के लिए 44 डेमो सह कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। गांव-गांव तक पशु स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए 700 से अधिक प्रशिक्षित पशु सखियों' का नेटवर्क कार्यरत है। वर्ष 2025-26 में 2.15 लाख से अधिक डीवॉर्मिंग और 1.95 लाख से अधिक टीकाकरण सेवाएं दी गईं। इसके अलावा, सीमांचल जीविका मीट आउटलेट के माध्यम से अगस्त 2026 तक 14,566 किग्रा मांस की बिक्री कर 1.03 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया गया है।
*कोट में....*
सीमांचल में बकरी पालन के रूप में 20,000 महिलाओं की एकजुटता ने 15 करोड़ के कारोबार का इतिहास रचा है। यह सफलता इस बात का स्पष्ट उदाहरण है कि जब ग्रामीण महिलाएं संगठित होकर सामूहिक उद्यमिता से जुड़ती हैं, तो बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप जीविका के माध्यम से हमारी दीदियां स्वावलंबी और सशक्त बन रही हैं। सीमांचल में बकरी पालन को संगठित बाजार और वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़कर जीविका ने बिचौलियों की भूमिका खत्म की है और महिलाओं को सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाया है। ग्रामीण विकास विभाग इस सफल मॉडल को राज्य के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।- श्रवण कुमार (मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना और जन सम्पर्क विभाग)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ