आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास
कुमार महेंद्रसदाचार का पाठ पढ़ाती,
मानवता का मार्ग दिखाती।
अज्ञान-तिमिर को दूर भगाकर,
ज्ञान-ज्योति मन में जलाती।
चलो आज उस पावन धारा का,
गाएँ मिलकर मधुर उल्लास।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
वेदों की ऋचाएँ जहाँ गूँजीं,
उपनिषदों ने ज्ञान दिया।
गुरुकुल की पावन छाया ने,
जीवन को अनुशासन दिया।
तक्षशिला, नालंदा से फैला,
जग में दिव्य ज्ञान-उजास।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
बदला समय, बदलते युग में,
आए कितने उतार-चढ़ाव।
सदियों तक पराधीन रहा देश,
फिर भी रहा ज्ञान का बहाव।
स्वाधीनता की भोर खिली तो,
जाग उठा मन में नया विश्वास।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
कोठारी आयोग ने की थी,
शिक्षा-सुधार की अनुशंसा।
समान अवसर, सबकी शिक्षा,
बनी राष्ट्र-निर्माण की आशा।
गाँव-गाँव तक ज्ञान पहुँचा तो,
फैला शिक्षा का नव प्रकाश।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
राधाकृष्णन, मुदलियार ने,
शिक्षा की राह दिखाई।
नई नीतियों के प्रयासों ने,
नई दिशा फिर अपनाई।
व्यावसायिक शिक्षा से बढ़े,
युवा स्वावलंबन के प्रयास।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
छियासी की शिक्षा-नीति ने,
नव परिवर्तन का स्वर छेड़ा।
समानता का दीप जलाकर,
शैक्षिक उत्थान का उठाया बेड़ा।
नवोदय से प्रतिभा खिली और,
हर दिशा में छाया उजास।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति नई अब,
नवयुग का संबल लाई।
कौशल, शोध और मातृभाषा ने,
शिक्षा में नई ज्योति जगाई।
रटने से आगे बढ़कर अब,
चिंतन को मिला नया आकाश।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
प्राचीन ज्ञान, आधुनिक तकनीक,
जब दोनों का होगा संगम।
अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ मन,
बजे नव-निर्माण की सरगम।
ज्ञान-विज्ञान के पंख लगाकर,
भारत का होगा नव विकास।
आओ जानें, समझें, सीखें, भारतीय शिक्षा का इतिहास।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews