शब्द भी शर्माएं, तुम्हारी सौंदर्य-स्तुति में
कुमार महेंद्रतुम रूप की वह,
बहती सरिता हो।
या मेरे सृजन की,
कोई पावन कविता हो?
मौन खड़ी रह जाती,
यह लेखनी तेरी प्रशस्ति में।
शब्द भी शर्माएं, तुम्हारी सौंदर्य-स्तुति में।।
ये जो बिखरे हैं,
कपोलों पर केश स्याह।
इन्हें देख चाँद भी भरता,
शीतल-सी आह।
अधरों पर खिलती मुस्कान,
घोल रही मधुरिमा प्रीति में।
शब्द भी शर्माएं, तुम्हारी सौंदर्य-स्तुति में।।
तुम्हारी पायल की छम-छम में,
झंकृत मधुर राग है।
जिसे सुन धड़क उठे,
मन का सोया अनुराग है।
माथे की बिंदिया दमके,
ज्यों भोर दमके अरुणिम ज्योति में।
शब्द भी शर्माएं, तुम्हारी सौंदर्य-स्तुति में।।
चंचल चितवन जैसे,
सावन की पहली फुहार।
तुम्हें निहारना ही बन गया,
जीवन का श्रृंगार।
तुम वो मधुरिम गीत हो,
जो गूँजे मेरी हर अनुभूति में।
शब्द भी शर्माएं, तुम्हारी सौंदर्य-स्तुति में।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews