Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

एक और अगस्त क्रांति का समय आया है

(भारत छोड़ो आंदोलन / अगस्त क्रांति दिवस)

एक और अगस्त क्रांति का समय आया है

कुमार महेंद्र
उन्नीस सौ बयालीस की अगस्त क्रांति,
फिरंगी शासन के विरुद्ध हुंकार।
स्वतंत्रता का ध्येय हृदय में,
त्याग-तपस्या का था आधार।
पर आज राज-पाट अपना होकर,
फिर भी मन क्यों घबराया है?
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


शासन-प्रशासन की रग-रग में,
भ्रष्टाचार बोल रहा है।
सत्य खड़ा है मौन किनारे,
असत्य निर्भय बोल रहा है।
अनैतिकता तांडव करती,
चारों ओर अँधियारा छाया है।
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


लोकतंत्र की पावन फिज़ाओं में,
धर्म-जाति का विष घुला।
मतदान हमारा परम अधिकार,
जन-जन इसका महत्त्व भुला।
आर्थिक विषमता का दंश देखकर,
मन ने फिर बंधन-सा पाया है।
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


बापू का खुशहाल राष्ट्र-स्वप्न,
धूमिल होता जा रहा।
समता और समानता का सूरज,
क्षितिज में खोता जा रहा।
निज संस्कृति और संस्कार तजकर,
पाश्चात्य रंग मन भाया है।
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


नारी के मान-सम्मान की बातें,
कब तक केवल शब्द रहें?
परिवारों में स्वार्थ की बेलें,
कब तक रिश्तों को डसती रहें?
अधिकारों की माँग मुखर है,
कर्तव्यों से क्यों मुँह चुराया है?
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


युवा शक्ति के जागरण से ही,
नवभारत का स्वप्न सजे।
शिक्षा, श्रम और सत्य-निष्ठा से,
जन-जन का जीवन फिर सँवरे।
अन्याय, भ्रष्टाचार और भय से,
मुक्त देश का दीप जलाया है।
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


आओ फिर संकल्प जगाएँ,
भारत को सशक्त बनाएँ।
सत्य, अहिंसा, न्याय-पथ पर,
नव-युग की नींव उठाएँ।
बाहर के शत्रु नहीं, भीतर के तम को,
मिलकर आज मिटाया है।
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


नहीं चाहिए रक्त की धारा,
नहीं चाहिए हिंसा का रण।
जन-जागरण की मशाल जलाकर,
करना होगा नव-परिवर्तन।
कलम, विवेक और लोकतंत्र से,
भारत का भाग्य जगाया है।
एक और अगस्त क्रांति का समय आया है।।


कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ