भाजपा महिला मोर्चा की नई प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने संभाली जिम्मेदारी

- प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में पदभार ग्रहण, संगठन को बूथ से मंडल स्तर तक मजबूत करने का संकल्प
पटना, 26 अगस्त। बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित एक विशेष समारोह में नवनियुक्त भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने विधिवत अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसानिया, मंत्री श्रेयसी सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
समारोह में निशा सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पार्टी नेताओं और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगठन को नई ऊर्जा देने, महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडल स्तर तक महिला मोर्चा को सशक्त बनाना प्राथमिकता : संजय सरावगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने निशा सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला मोर्चा को प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। महिलाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी नेतृत्व क्षमता को विकसित करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए।
सरावगी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी प्रदान की है। महिला मोर्चा की सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रयास से संगठन को बूथ, मंडल और जिला स्तर तक और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निशा सिंह के नेतृत्व में महिला मोर्चा नई ऊर्जा और उत्साह के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगा।
नारी शक्ति को संगठन की शक्ति बनाया जाएगा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण तथा नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। बिहार में भी महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाएं। नारी शक्ति को संगठन की शक्ति बनाकर भाजपा को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।
महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध : निशा सिंह
पदभार ग्रहण करने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करना, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं में अपार ऊर्जा, क्षमता और नेतृत्व का गुण मौजूद है। इस ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में किया जाएगा।
निशा सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं से निरंतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं और महिला पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज जायसवाल ने किया, जबकि दिव्या गुंजन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह में राज्यसभा सांसद एवं महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मशिला गुप्ता, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, विधान पार्षद शीला प्रजापति, निवेदिता सिंह, महिला आयोग सदस्य एवं महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश प्रभारी सजल झा, पिंकी कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, शोभा सिंह, शीला सिंह कुशवाहा, सुषमा साहू, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हेमलता वर्मा, लाजवंती झा, प्रदेश मंत्री डॉ. रागिनी रानी, अंजनी निषाद, सीमा झा, पूर्व प्रदेश मंत्री पूनम शर्मा सहित कुमकुम देवी, शशि बलदीयार और चेतना सिंह मौजूद रहीं।पदभार ग्रहण समारोह के साथ ही भाजपा महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि निशा सिंह के नेतृत्व में महिला मोर्चा बिहार के सभी जिलों, मंडलों और बूथों तक अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए महिलाओं को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews