राजस्व कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का करें त्वरित निष्पादन : डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल

- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों की समीक्षा, ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
पटना। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माननीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी अपर समाहर्ताओं, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं (डीसीएलआर) एवं अंचलाधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभाग के सचिव श्री जय सिंह ने विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी, अभियान बसेरा-2, राजस्व महा-अभियान, जन शिकायत एवं सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन तथा आरसीएमएस के अंतर्गत संचालित सभी न्यायालयों के कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। लक्ष्य से पिछड़े जिलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि विभाग की सभी सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं। यदि किसी भी स्तर पर ऑफलाइन माध्यम से कार्यों के निष्पादन की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डिफेक्ट चेक की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा आरसीएमएस के अंतर्गत सभी वादों का निष्पादन 'फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट (FIFO)' सिद्धांत के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। जिन जिलों में डीसीएलआर स्तर पर मामले अंतिम निष्पादन की स्थिति में लंबित हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर निष्पादित कर संबंधित वादों का समापन करने का निर्देश दिया गया।
माननीय मंत्री ने कहा कि अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत आगामी 15 अगस्त तक 30 हजार वासभूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी बताया कि राजस्व कार्यों की प्रगति की अगली समीक्षा 15 दिनों के बाद की जाएगी। तब तक सभी जिलों को लंबित मामलों के निष्पादन की गति बढ़ाते हुए डिस्पोजल रेट में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभाग की सचिव श्रीमती सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज, संयुक्त सचिव श्री गिरधारी लाल, विशेष कार्य पदाधिकारी श्रीमती सुधा रानी, श्री मणि भूषण किशोर, श्री नवाजिश अख्तर, उप सचिव डॉ. सुनील कुमार, श्री संजय कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम प्रकाश, आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews