नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा
कुमार महेंद्रसिहाड़ गाँव की पावन माटी,
चंदन-सी सुवास बिखराती है।
श्रीजी की मोहक छवि निहार,
हर आँख प्रेमाश्रु बरसाती है।
मंगला की पावन आरती में,
कण-कण दमके हरि-उजियारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
शृंगार-रूप अनुपम मनहर,
अंबर भी शीश झुकाता है।
अधरों की मधुर मुस्कान निहार,
हर संताप विलीन हो जाता है।
ग्वाल-बाल संग गैया चराते,
दिखता माधव रूप न्यारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
राजभोग के पावन छप्पन,
प्रभु को अर्पित किए जाते हैं।
उत्थापन की दिव्य वेला में,
मंगल-स्वर गगन छू जाते हैं।
संध्या आरती की ज्योति जले तो,
थम जाता मन का भटकाव सारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
वल्लभ के पुष्टिमार्ग की अलख,
जिस आँगन में जगमगाती है।
गोवर्धन-धारण की गाथा,
कृष्ण-लीला बन मुस्काती है।
वस्त्रों पर सजी मनोहर पिछवाई,
रंगों में कान्हा का पसारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
शंख, मृदंग, झाँझ-मंजीरे,
हर पल मंगल-गान सुनाते हैं।
ज्ञानी, ध्यानी, संत-महात्मा,
श्रीचरणों में शीश झुकाते हैं।
गोवर्धन को उँगली पर धारे,
बालकृष्ण रूप लगे अति प्यारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
शयन-आरती की बेला आए,
दीपक झिलमिल-झिलमिल जलता है।
श्रीजी के दर्शन पाकर मन,
भव-सागर से सहज तरता है।
सेवा, श्रद्धा, प्रेम-सुधा से,
गूँजे प्रभु का जयकारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
संसार के सारे सुख फीके,
श्रीजी की ड्योढ़ी के आगे।
जिसने इस चौखट को छू लिया,
उसके सोए भाग्य जागे।
अति मनमोहक साँवरिया धाम,
करोड़ों नयनों का तारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
श्रीनाथजी की कृपा जहाँ हो,
वहाँ न कोई अभाव रहे।
मन-मंदिर में प्रेम जगे और,
अंतर में हरि-नाम रहे।
सिहाड़ धरा धन्य हो गई,
पाकर गिरधर का सहारा।
नाथद्वारा में, कृष्ण भक्ति की अविरल धारा।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews