Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

सुरक्षा कोई उपकार नहीं लालू जी का परिवार उसका हकदार है; एनडीए ने अतिपिछड़ा समाज के नेतृत्व को समाप्त कर दिया: मंगनी लाल मंडल

सुरक्षा कोई उपकार नहीं लालू जी का परिवार उसका हकदार है; एनडीए ने अतिपिछड़ा समाज के नेतृत्व को समाप्त कर दिया: मंगनी लाल मंडल

  • एनकाउंटर सच का होता है; सदन में भले हमारी संख्या कम हो सड़क पर आप मुकाबला नहीं कर पाएंगे : प्रो मनोज कुमार झा
  • शहीद जगदेव प्रसाद के बाद मानसिक और वैचारिक रूप से लालू जी ने समाज को आधार दिया : आलोक कुमारमेहता

पटना 23 जून 2026 :

बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय के कर्पूरी सभागार में प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल ने राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो मनोज कुमार झा, पूर्व मंत्री श्री आलोक कुमार मेहता, प्रधान महासचिव श्री रणविजय साहू, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता श्री शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, अरुण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा एवं आरजू खान की उपस्थिति में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान जो लालू जी पर दिया गया है वो पूरी तरह से सुनियोजित, अनर्गल, अनुचित और किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
श्री मंडल ने आगे कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालू प्रसाद यादव जी का व्यक्तित्व सामाजिक न्याय के योद्धा के रूप में महानायक की छवि रही है। मुख्यमंत्री ने जिस तरह की भाषा इस्तेमाल की है ये अपरिपक्व और अमर्यादित टिप्पणी है, जो निन्दनीय है। जबकि बिहार की जनता की नजर में लालू प्रसाद जी आज भी योद्धा और नायक के रूप में लोगों के विश्वास के प्रतीक है। लालू प्रसाद जी सताये हुए गरीबों, वंचितों के विश्वास और सम्मान के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए हैं। लालू जी के संबंध में सम्राट चौधरी ने जो बातें कही है उससे से सभी को पीड़ा हुई है। जहां तक सुरक्षा व्यवस्था का सवाल है सभी को पता है 15 दिनों से अधिक समय से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 10 सर्कुलर रोड सहित हर जगह अपने नेता के सुरक्षा और व्यवस्था का ख्याल रख रहे हैं।
इन्होंने ने आगे कहा कि श्री लालू प्रसाद जी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। श्रीमती राबड़ी देवी जी बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष बिहार विधान परिषद है और तेजस्वी प्रसाद यादव जी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। और जो सुरक्षा मिली हुई है वह उनके पद और सुरक्षा मानक के अनुसार मिले हुए हैं। सुरक्षा कोई मेहरबानी या भीख नहीं है। लालू जी के परिवार को सरकार के उपकार से नही बल्कि उसके वो हकदार हैं। झूठ बोलकर सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता। सच तो यह है कि बिहार में बहुत सारे ऐसे लोगों को सुरक्षा दिए गए हैं जो इस तरह के मानक में आते भी नहीं है, लेकिन राज्य सरकार की मेहरबानी उनके साथ है। लालू जी जब भी दिल्ली जाते हैं, तो अपनी बेटी डॉक्टर मीसा भारती के आवास में रुकते हैं। जबकि दूसरे लोग दिल्ली में भी फ्लैट रखे हुए हैं और उन्हें बिहार में भी फ्लैट मिला हुआ है। एनडीए सरकार में सबसे अधिक अति पिछड़ा ,दलित समाज की बच्चियों के साथ अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं हो रही है जिनकी संख्या 60 से 70% है। श्री मंडल ने आगे कहा कि एनडीए अति पिछड़ा समाज के नेतृत्व की संभावना को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। और एनडीए में अति पिछड़ा समाज के नेता को पूरी तरह से समाप्त करने की साजिश में लगी हुई है। अनर्गल बयान बाजी मुख्यमंत्री जी के द्वारा किया जाना अनुचित है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता प्रो मनोज कुमार झा ने कहा कि हम लोग खलनायक को भी खलनायक नहीं कहते हैं।जबकि लालू प्रसाद जी तो लोगों के दिलों के नायक हैं और आमजन के बीच जननायक और महानायक के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।
इन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर का मतलब क्या होता है मुख्यमंत्री जी बताएं सिर्फ बयान देने से कुछ नहीं होगा बिहार में स्थिति यह है कि बेगूसराय, चंपारण, समस्तीपुर और अन्य जिलों में महिलाओं के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं लगातार हो रही है लेकिन आपको इस पर कुछ नहीं बोलना है। आप सुरक्षा, आवास के मुद्दे पर जनता के बीच बरगलाने वाली बातें करते हैं लेकिन अपराध रोकने की दिशा में कोई काम नहीं कर रहे हैं।
प्रो झा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री जी जब भी बिहार आते थे तो बवेला मचाते थे आज वह चुप क्यों है। आपने पूरी संरचना ही सरकार की ऐसी की है की सरकार में बैठे हुए लोग तंत्र-मंत्र और षड्यंत्र से सरकार चला रहे हैं। बिहार में नीतीश जी के नाम पर चुनाव लड़ा गया और अब वैसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया गया है जिसके नाम पर मैंडेट ही नहीं मिला है। नीट छात्रा के मामले पर अभी तक न्याय क्यों नहीं मिला है सरकार को बताना चाहिए। मुख्यमंत्री जी आप बिहार संभालने की स्थिति में नहीं है तो माफी मांग ले। इनके हाथ में सारी एजेंसियां हैं और सारा तंत्र है फिर भी सरकार के स्तर से कोई कार्य नहीं हो रहे हैं और अपराध चरम सीमा पर है। सिर्फ गाली - गलौज करके सरकार चलाया जा रहा है ।महिलाओं को चुनाव के समय दस हजार रुपए देने के बाद सरकार के लोग यह क्यों नहीं बता रहे हैं कि एक लाख नब्बे हजार कब मिलेगा।
इन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जी का काफिला राजा - महाराजा वाला होता है। राष्ट्रीय जनता दल अपने संकल्पों के साथ बिहार की जनता के साथ है। सदन में भले हमारी संख्या कम हो लेकिन हम सड़क पर आपके खिलाफ खड़े हो गए तो आप उसका मुकाबला नहीं कर पाएंगे। बिहार में वेतन और पेंशन सही समय पर नहीं मिल रहे हैं इसके लिए उन्होंने बताया कि स्वयं हमारे पिता को ही 3 महीना से पेंशन की राशि नहीं मिली हैं । यह बड़ा सवाल है लेकिन इस पर मुख्यमंत्री जी को जवाब नहीं देना है।
प्रो मनोज झा ने कहा कि एनकाउंटर सच का होता है। कोई अपराधी भी हो तो उसका अनुसंधान आवश्यक है ताकि उसे अपराधी के इतिहास और उनके साथ वालों की जानकारी मिल सके कि इसके पीछे कौन है लेकिन जब एनकाउंटर हो जाएगा तो सच और सच्चाई सामने नहीं आ पाएगा। इन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी जी यूपी और पश्चिम बंगाल की बात करते हैं लेकिन आप इस बात को भूल जाते हैं कि पश्चिम बंगाल वाले ही लाखों रुपए कैमरे के सामने लेते हुए पकड़े गए थे और उसे आपकी पार्टी बीजेपी ने ही दिखाने का काम भी किया ,और आज आप उनका बखान कर रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री आलोक कुमार मेहता ने सम्राट चौधरी के बयान की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी आप ऐसी भाषा बोलकर अपनी बिरादरी को ही बदनाम नहीं करें, हमारी बिरादरी ऐसी भाषा को पसंद नहीं करती है।
इन्होंने कहा कि लालू जी बिहार ही नहीं देश और दुनिया में भी नायक और महानायक के तौर पर जाने जाते हैं। लालू जी ने सामाजिक न्याय की धारा को मजबूती के साथ वैचारिक रूप से आगे बढ़ाने का काम किया और उसे मजबूती दी।
श्री मेहता ने आगे कहा कि टपोरी वाली भाषा, अपरिपक्वता की राजनीति यह दिखलाता है कि ये पीछे से किसी और के द्वारा निर्देशित होते हैं और कठपुतली के रूप में अपना कार्य कर रहे हैं। उनके इतिहास को पत्रकारों ने ही सबके सामने लाने का काम किया है। शहीद जगदेव प्रसाद के बाद मानसिक और वैचारिक रूप से समाज को लालू जी ने आधार दी है। मुख्यमंत्री जी को सुरक्षा के मामले पर जब ऐसी भाषा बोलते हैं तो उन्हें स्वयं घोषणा करना चाहिए कि वह स्वयं भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था हटवा लें दूसरे पर बयान बाजी ना करें।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव श्री हरेंद्र कुमार कुशवाहा, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के उपेंद्र चंद्रवंशी भी उपस्थित थे।


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ