वाराणसी में हिन्दू जनजागृति समिति का 7 दिवसीय ‘शौर्य प्रशिक्षण शिविर’ शौर्यपूर्ण वातावरण में संपन्न, 200 युवक-युवतियों ने लिया प्रशिक्षण

वाराणसी, 17 जून। वर्तमान समय में समाज में बढ़ती असुरक्षा, त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान होने वाली हिंसक घटनाओं तथा महिलाओं और युवतियों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों को देखते हुए आत्मरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। इसी उद्देश्य को लेकर हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा वाराणसी में आयोजित सात दिवसीय ‘शौर्य प्रशिक्षण शिविर’ का उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
यह प्रशिक्षण शिविर आदर्श श्री कमलाकर चौबे आदर्श सेवा इंटर कॉलेज, आशापुर तथा शिवपुरी वाटिका, बड़ागांव में आयोजित किया गया था। शिविर में वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 200 युवक-युवतियों ने भाग लेकर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में सातों दिन नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 97 युवक एवं युवतियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों की निरंतर प्रगति एवं अभ्यास के लिए साप्ताहिक आधार पर तीन स्वरक्षा प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ करने की घोषणा की गई।
शिविर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि 17 युवक-युवतियों ने स्वयं प्रशिक्षक के रूप में दायित्व संभालने की इच्छा व्यक्त की, जिससे भविष्य में समाज के अधिकाधिक युवाओं तक यह प्रशिक्षण पहुंचाया जा सकेगा।

प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शिविर ने उनके आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि अब वे किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति का सामना करने के लिए मानसिक रूप से अधिक सक्षम महसूस कर रहे हैं। शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण के कारण वे न केवल स्वयं की सुरक्षा कर सकेंगे, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर दूसरों की सहायता भी कर पाएंगे।
प्रतिभागी रविंद्र पटेल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग प्रत्येक सप्ताह आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे युवाओं को निरंतर अभ्यास का अवसर मिलता रहे। वहीं हिमांशु मौर्य ने कहा कि शिविर में सीखी गई तकनीकों एवं सिद्धांतों का वे प्रतिदिन अभ्यास करेंगे और अन्य लोगों को भी सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि “हर घर में एक सजग और सक्षम योद्धा तैयार हो” ऐसी प्रेरणा उन्हें इस शिविर से मिली है।
शिविर की विशेषता यह रही कि कुछ अभिभावक प्रारंभ में केवल अपने बच्चों को प्रशिक्षण स्थल तक छोड़ने के लिए आए थे, किंतु प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं अनुशासन को देखकर वे स्वयं भी प्रेरित हुए और पूरे सात दिनों तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागी बने रहे।
हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा संचालित इस स्वरक्षा प्रशिक्षण उपक्रम में केवल शारीरिक आत्मरक्षा की तकनीकों का ही प्रशिक्षण नहीं दिया गया, बल्कि मानसिक सुदृढ़ता, आध्यात्मिक जागरूकता, राष्ट्रभक्ति तथा धर्मरक्षा से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने युवाओं को संकट की परिस्थितियों में संयम बनाए रखने, त्वरित निर्णय लेने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि वर्तमान समय में समाज को ऐसे जागरूक, अनुशासित और आत्मनिर्भर युवाओं की आवश्यकता है जो अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
समापन समारोह में प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। शिविर के सफल आयोजन में वाराणसी के अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिसके लिए आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया।हिन्दू जनजागृति समिति के उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य समन्वयक श्री विश्वनाथ कुलकर्णी ने बताया कि युवाओं में आत्मरक्षा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन विभिन्न जिलों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा और संगठन के लिए जागरूक एवं प्रशिक्षित युवाशक्ति का निर्माण समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews