Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

नारी शक्ति वंदन अधिनियम कानून बनने की ओर: श्रेयसी सिंह

नारी शक्ति वंदन अधिनियम कानून बनने की ओर: श्रेयसी सिंह

पटना, 11 अप्रैल।
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बनने जा रहा है, जो देश में महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए आधी आबादी की भागीदारी कोई नारा नहीं, बल्कि एक ठोस प्रतिबद्धता है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में संसद द्वारा पारित यह अधिनियम अब प्रभावी कानून का रूप लेने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने सदैव महिलाओं को ‘शक्ति’ के रूप में देखा है और यह अधिनियम उसी विश्वास को संवैधानिक आधार प्रदान करेगा।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह केवल महिलाओं के लिए नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण केवल समानता या प्रतिनिधित्व का विषय नहीं, बल्कि एक बेहतर समाज निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा, “जब महिलाएँ नेतृत्व करती हैं, तो सभी को लाभ होता है।”

उन्होंने हाल के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि आज देश में महिलाएँ बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं और कई स्थानों पर उनकी भागीदारी पुरुषों से भी अधिक रही है। यह परिवर्तन इस बात का संकेत है कि महिलाएँ अब लोकतंत्र के केंद्र में अपनी भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाएंगी, जिसमें अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की सीटें भी शामिल होंगी। इससे न केवल महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि उनका वास्तविक प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित होगा।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान का अधिकार नहीं, बल्कि शासन में अपनी भागीदारी महसूस करने का माध्यम भी है। जब लोगों को लगता है कि उनकी आवाज सुनी जा रही है, तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है।

उन्होंने नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने यह साबित किया है कि नारी शक्ति को सशक्त बनाकर देश के विकास को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस महत्वपूर्ण कानून को सभी राजनीतिक दलों का समर्थन मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी किरण घई, विधायक संगीता कुमारी, अनामिका पासवान, सजल झा, प्रीति शेखर, पूनम सिंह और संगीता सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ