Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

“अदिति: अनंत नारी”

“अदिति: अनंत नारी”

पंकज शर्मा
शून्य-निनाद की निस्तब्धता में, तुम ही प्रथम स्पंदन-ध्वनि,
अव्यक्त ब्रह्म के उर से फूटी, चेतन की अंतरतम रश्मि।
काल-करों में आकार भरती, तुम ही गति का सूक्ष्म विधान,
तुमसे ही जागृत होता है, सृष्टि-चक्र का गुह्य प्रमाण।


तम के गर्भित गर्तों में भी, तुमने अर्थ-अंकुर बोए,
रिक्त दिशाओं के कण-कण में, संभावनाओं के स्वर रोए।
जहाँ न पहुँची दृष्टि अभी तक, वहाँ तुम्हारा सूक्ष्म निवास,
तुम ही हो वह मौन प्रार्थना, जो बनती जीवन की श्वास।


कोमलता के अंतरालों में, अदृश्य वज्र का निनाद,
अश्रु-बिंदु में सिंचित साहस, स्मित में छिपा हुआ उन्माद।
तुमसे स्पंदित धरा का कण, तुमसे व्योम हुआ साकार,
तुम बिन अर्थहीन है गति, तुम बिन निस्पंदित विस्तार।


तेरे स्पर्श से समय ठहरता, क्षण में अनंत का आभास,
ममतामयी उस छाया तले, मिट जाता अस्तित्व-विलास।
नवजीवन की प्रथम ध्वनि में, तेरी ही अनुगूँज सजी,
अधरों की पहली आहट में, तेरी ही भाषा रचि-बसी।


अंगारों में प्राण फूँकती, तुम प्रेरणा की तीव्र लहर,
जड़ संकल्पों में भी भरती, गति का अनिवार्य प्रहर।
विजय-शिखर पर जो अंकित है, हर कीर्ति का उज्ज्वल मान,
उसके मूलाधार में तुम, अदृश्य रहकर भी प्रधान।


तुम ही साधना की तप-रेखा, तुम ही राग का मधुर विलय,
तुम ही विरह की मौन व्यथा, तुम ही मिलन का प्रथम उदय।
ऋषि-ध्यान की गहन गुहाओं में, तेरी छाया का विस्तार,
तेरे ही संकेतों से खुलता, सत्य का अंतरतम द्वार।


माया बनकर व्याप्त हुई तुम, चेतन के प्रत्येक स्तर पर,
रहस्य बनकर ठहरी हुई, अनुभूति के अंतिम सागर।
निरूपित करना कठिन सदा से, तेरे स्वरूप का आभास,
अयुत युगों से खोज रहा है, मानव तेरा सूक्ष्म प्रकाश।


अगम, असीम, अमेय ज्योति तुम, जहाँ शब्द हो जाते क्षीण,
वहीं प्रकटता सत्य तुम्हारा, निर्विकल्प, निष्कलुष, अदीन।
यह अल्प वंदना स्वीकारो, हे आद्य-शक्ति, हे सम्मान—
सृष्टि रहे चिर ऋणी तुम्हारी, ओ अनंते! ओ अम्लान!


. स्वरचित, मौलिक एवं अप्रकाशित
✍️ "कमल की कलम से"✍️ (शब्दों की अस्मिता का अनुष्ठान)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ