पवन कुमार
नरकटियागंज : टीपी वर्मा कॉलेज में प्रधान लिपिक पर गंभीर आरोप लगे हैं। बीसीए विभाग की प्रभारी सहायक महिला कर्मी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद, कॉलेज की दो अन्य महिला कर्मियों ने भी प्रधान लिपिक मनोज कुमार दुबे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन आरोपों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वीडियो में, इन महिला कर्मियों ने आरोप लगाया है कि वे वर्ष 2022 से कॉलेज में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें अब तक मात्र छह माह का ही वेतन मिला है। उनका कहना है कि वेतन मांगने पर प्रधान लिपिक मनोज कुमार दुबे गलत भाषा का प्रयोग करते हैं और उन्हें अपने घर बुलाते हैं। दोनों महिला कर्मियों ने आरोप लगाया कि भुगतान के एवज में उन्हें अलग-अलग अपने घर बुलाया जाता है। महिला कर्मियों ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत पूर्व प्राचार्य से भी की थी, लेकिन तब मामला कॉलेज में ही दबा दिया गया था। अब जब बीसीए विभाग की कर्मी ने प्रधान लिपिक के खिलाफ आवाज उठाई, तो इन दोनों ने भी सामने आकर अपने संघ में शिकायत दर्ज कराई है।
इस बीच, बीसीए विभाग की महिला कर्मी ने शिकारपुर थाने में प्रधान लिपिक के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रधान लिपिक मनोज कुमार दुबे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि महिला बीसीए विभाग की हैं और उन्होंने उनका नंबर बहुत पहले ही ब्लॉक कर दिया था। दुबे ने यह भी बताया कि महिला ने कॉलेज के प्राचार्य के सामने विवाद किया था शिकारपुर थाना प्रभारी ज्वाला कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि कॉलेज की महिला कर्मी का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच-पड़ताल करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews