जिलाधिकारी ने गाँधी मैदान, पटना का किया निरीक्षण, बिहार दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

पटना, सोमवार, दिनांक 09.03.2026ः जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा है कि बिहार दिवस समारोह, 2026 का भव्य आयोजन होगा। इसके लिए सभी तैयारियाँ तेजी से की जा रही है। वे आज गाँधी मैदान, पटना में शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के साथ बिहार दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा ले रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐतिहासिक गाँधी मैदान, पटना में बिहार दिवस समारोह के अवसर पर अनेक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। बहुत बड़ी संख्या में दर्शक आएंगे। कार्यक्रम स्थल एवं इसके आस-पास यातायात की उत्कृष्ट व्यवस्था रहेगी। भीड़-प्रबंधन हेतु मानक के अनुसार दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी सजग एवं तत्पर रहेंगे।जिला प्रशासन द्वारा 09 कोषांगों का गठन किया गया है। ये सभी कोषांग सतत क्रियाशील है।
जिलाधिकारी ने कहा कि 22 मार्च, 2026 को बिहार अपनी गौरवशाली स्थापना के 114 वर्ष पूरा कर रहा है। इसी दिन वर्ष 1912 में बंगाल प्रेसिडेंसि से बिहार अलग हुआ था। बिहार सरकार द्वारा बिहार दिवस को व्यापक एवं भव्य रूप से मनाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा कार्य योजना बनाया गया है। समारोह त्रि-दिवसीय (22-24 मार्च, 2026) होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर अनेक कार्यक्रम होंगे। जिलाधिकारी ने सभी निवासियों से इन कार्यक्रमों में पूरे उत्साह से भाग लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि अधिकारीगण अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर त्रुटिरहित ढंग से सारी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें।
==================
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण गाँधी मैदान का निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस कार्यक्रम देखने के लिए काफी बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा, महिला एवं बच्चे भी आते हैं। सभी की सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। जिलाधिकारी ने बिहार दिवस समारोह, 2026 के लिए गाँधी मैदान का ले आउट प्लान, स्टॉल तथा पैविलियन का निर्माण एवं अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की एवं आवश्यक निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन की व्यवस्था सहित सभी बिन्दुओं पर एक-एक कर समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार दिवस समारोह के आयोजन हेतु मानक प्रक्रिया के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रशासनिक व्यवस्था की जाएगी। दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। नियंत्रण कक्ष एवं अस्थायी थाना कार्यरत रहेगा। हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी। सीसीटीवी से भीड़ पर निगरानी रखी जाएगी। आवश्यक संसाधनों सहित एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था रहेगी। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, फॉगिंग एवं स्प्रेयर की व्यवस्था की जाएगी। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में वाटर एटीएम तथा वाटर टैंकर का प्रबंध किया जाएगा। शौचालयों की व्यवस्था रहेगी। फायर ब्रिगेड तथा अग्निशमन दस्ता तैनात रहेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि गाँधी मैदान के चारों ओर प्रकाश मीनारों में प्रकाश स्तम्भों के द्वारा प्रकाश की उत्कृष्ट व्यवस्था रहेगी। गाँधी मैदान के अंदर भी नगर निगम एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहेगी। हाईमास्ट लाईट भी क्रियाशील रहेगा।
जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सभी गेट का ग्रिसिंग सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ का निकास पूरी तरह से अवरोधमुक्त एवं सुगम रहे यह सुनिश्चित करें। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी समय से प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पूरे गाँधी मैदान का समतलीकरण सुनिश्चित करने का निदेश दिया ताकि लोगों के चलने में किसी भी तरह की कोई समस्या न हो। बैरिकेडिंग, पंडाल एवं मंच भी ठोस रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने त्रुटिहीन सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
===================
ज़िलाधिकारी ने कहा कि पूरे गाँधी मैदान में निर्धारित मानकों के अनुसार सम्पूर्ण तैयारी की जा रही है। सीसीटीवी के माध्यम से सम्पूर्ण क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा गाँधी मैदान परिसर में तथा आस-पास समुचित संख्या में कैमरा संस्थापित किया गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संस्थापित 128 सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। ये फिक्स्ड बुलेट, पीटीजेड एवं एनालिटिक कैमरा है। 128 कैमरा में 61 फिक्स्ड कैमरा, 22 पैन टिल्ट जूम (पीटीजेड) कैमरा तथा 45 एनालिटिक कैमरा है। इसमें गाँधी मैदान के चारों तरफ 49 कैमरा तथा गाँधी मैदान के अंदर 79 कैमरा क्रियाशील है। इंटिग्रेटेड कमांड एण्ड कंट्रोल सेन्टर (आईसीसीसी) से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। 34 प्रकाश मीनारों से 136 एलईडी मेटल लाईट, 229 पोल लाईट एवं 15 हाईमास्ट लाईट के द्वारा गाँधी मैदान एवं उसके चारों ओर प्रकाश की उत्कृष्ट व्यवस्था रहेगी। पाथवे लाईट की भी बेहतर व्यवस्था रहेगी। गाँधी मैदान में कुल 15 हाईमास्ट लाईट, 56 डेकोरेटिव लाईट, 98 पोल लाईट तथा गाँधी मूर्ति के पास 28 पार्क लाईट क्रियाशील है। गाँधी मैदान के चारों तरफ पटना नगर निगम द्वारा अधिष्ठापित 131 पोल लाईट भी क्रियाशील है। प्रकाश की सुदृढ़ व्यवस्था हेतु प्रकाश मीनारों, हाईमास्ट लाईट के स्थलों पर अभियंताओं एवं तकनीशियनों की प्रतिनियुक्ति रखने का निदेश दिया गया है।
===================
बिहार दिवस समारोह के अवसर पर यातायात प्रबंधन हेतु समुचित व्यवस्था पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा की जाएगी। ट्रैफिक प्लान से संबंधित मीडिया के माध्यम से आम जनता को दी जाएगी ताकि लोग समारोह के समय वैकल्पिक मार्ग का चुनाव कर सके। वाहन पार्किंग की व्यवस्था पुलिस अधीक्षक, यातायात एवं जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिविल सर्जन कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था रखेंगे।
बिहार दिवस समारोह के अवसर पर शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था रहेगी। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिये अग्निशामक दस्ता की व्यवस्था रहेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार दिवस समारोह, 2026 के अवसर पर उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा अचूक विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews