Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

उत्तरी बिहार के अंचल अधिकारियों के लिए राज्यस्तरीय प्रशिक्षण, पारदर्शी राजस्व प्रशासन पर जोर

उत्तरी बिहार के अंचल अधिकारियों के लिए राज्यस्तरीय प्रशिक्षण, पारदर्शी राजस्व प्रशासन पर जोर

  • पटना में आयोजित एकदिवसीय कार्यशाला में न्यायालयीन निर्देशों, राजस्व कानूनों, डिजिटल सेवाओं और समयबद्ध निष्पादन पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण
पटना : अधिवेशन भवन, पुराना सचिवालय, पटना में गुरुवार को उत्तरी बिहार के सभी अंचल अधिकारियों एवं प्रभारी अंचल अधिकारियों के लिए एकदिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन माननीय पटना उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए न्याय निर्णय एवं नव नियुक्त अंचलाधिकारी एवं प्रभारी अंचलाधिकारी को प्रशिक्षित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना था।
कार्यक्रम के शुभारंभ में स्वागत भाषण अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज द्वारा किया गया। उन्होंने अंचल अधिकारियों की भूमिका को राजस्व प्रशासन की रीढ़ बताते हुए कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर बल दिया।
कार्यशाला के दौरान अंचल अधिकारियों द्वारा निष्पादित किए जाने वाले विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। सेवानिवृत्त अपर सचिव श्री विनोद कुमार झा ने विभिन्न राजस्व अधिनियमों एवं नियमावली से संबंधित विषयों पर विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन, अंचल स्तर पर अभिलेखों के संधारण की सटीकता, दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इस दौरान आजादी के पूर्व से लेकर अभी तक के राजस्व प्रशासन की मौलिक जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी।
श्री झा ने अपने अनुभवों के आधार पर यह भी बताया कि कानून की सही व्याख्या और प्रक्रियाओं के पालन से न केवल विवादों में कमी लाई जा सकती है, बल्कि आम जनता का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि वे प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा अद्यतन नियमों एवं न्यायालयीन निर्णयों की जानकारी निरंतर रखते हुए निर्णय लें।
आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर ने विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने दाखिल–खारिज, परिमार्जन और ई मापी की विस्तृत जानकारी प्रजेंटेशन के माध्यम से दी वहीं अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज ने राजस्व प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
अवर सचिव श्री दिनेश कुमार ने विभागीय महत्वपूर्ण परिपत्रों का विवेचन करते हुए उनके अनुपालन की आवश्यकता पर बल दिया। प्रशाखा पदाधिकारी श्री शिवजी ने भू अर्जन की प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विशेष कार्य पदाधिकारी श्रीमती सुधा रानी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।इस मौके पर अपर सचिव डॉ महेंद्र पाल, उप निदेशक श्रीमती मोना झा, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री मणिभूषण किशोर, श्रीमती सोनी कुमारी, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री जूही कुमारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ