उत्तर बिहार के अंचल अधिकारियों को मिलेगा राजस्व कानून और ऑनलाइन प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण

- 19 मार्च को पटना में आयोजित होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम, विभिन्न जिलों के अंचलाधिकारी होंगे शामिल
पटना : राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा अंचल अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी श्रीमती सुधा रानी की ओर से जारी पत्र के अनुसार 19 मार्च 2026 को पुराना सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पटना उच्च न्यायालय में दायर सीडब्ल्यूजेसी संख्या 15455/2021 (अवधेश पाण्डेय बनाम बिहार राज्य एवं अन्य) में पारित अंतरिम आदेश के अनुपालन में आयोजित किया जा रहा है। इसमें अंचलाधिकारियों और प्रभारी अंचल अधिकारियों (राजस्व अधिकारियों को छोड़कर) को राजस्व प्रशासन से जुड़े विभिन्न अधिनियमों, नियमों तथा भूमि संबंधी ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी सुधा रानी द्वारा इस संबंध में उत्तर बिहार के कई जिलों के समाहर्ताओं को पत्र भेजा गया है। पहले चरण में पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चम्पारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों के अंचल अधिकारियों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि जिन जिलों में 19 मार्च को मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है, वहां के अंचलाधिकारी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य अंचल स्तर पर राजस्व कार्यों की प्रक्रिया को बेहतर समझाना और भूमि से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं के संचालन में दक्षता बढ़ाना है।विभाग ने सभी जिलाधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने जिलों में पदस्थापित संबंधित अंचल अधिकारियों और प्रभारी अंचल अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निर्देशित करें, ताकि राजस्व प्रशासन से जुड़े कार्यों के निष्पादन में और अधिक पारदर्शिता तथा दक्षता लाई जा सके।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews