आर.आर.पी. स्कूल ऑफ नर्सिंग में कैंसर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान का आयोजन

सासाराम।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आर.आर.पी. स्कूल ऑफ नर्सिंग, खैरी बभनगावां, सासाराम स्थित कॉलेज परिसर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के सहयोग से कैंसर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति आमजन एवं नर्सिंग छात्रों को जागरूक करना तथा समय रहते जांच और उपचार के महत्व को समझाना था।
इस वर्ष विश्व कैंसर दिवस की थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक (United by Unique)” रही, जिसका संदेश है कि हर कैंसर रोगी की स्थिति अलग होती है, लेकिन सभी मिलकर जागरूकता और उपचार की दिशा में एकजुट हों, तभी कैंसर से प्रभावी रूप से लड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में सदर अस्पताल, सासाराम की जिला तकनीकी पदाधिकारी डाॅ. अंजली सिंह एवं डाॅ. शिवानी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “कैंसर अब केवल एक बीमारी नहीं रह गई है, बल्कि यह एक सामाजिक चुनौती बन चुकी है। सही समय पर सही विशेषज्ञ से संपर्क करना ही उपचार की सफलता की कुंजी है।” उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर कैंसर का इलाज संभव है और मरीज सामान्य जीवन जी सकता है।
विशेषज्ञों ने कैंसर के प्रमुख कारणों, जैसे तंबाकू सेवन, असंतुलित आहार, शारीरिक निष्क्रियता, तनाव और पर्यावरणीय कारकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही प्रमुख लक्षणों, जीवनशैली में आवश्यक सुधार, नियमित जांच, समय पर स्क्रीनिंग और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम को आर.आर.पी. स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य शुभांशु जजोरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि “नर्सिंग छात्र समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। यदि वे स्वयं जागरूक होंगे, तो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सही स्वास्थ्य संदेश पहुँचा सकेंगे।” उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर शिक्षकों सुप्रिया कुमारी, दीपशिखा कुमारी, चंदन कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में नर्सिंग छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, प्रश्नोत्तर सत्र में उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएँ रखीं और विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। अंत में सभी से अपील की गई कि वे स्वयं भी नियमित स्वास्थ्य जांच कराएँ और समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
यह अभियान न केवल छात्रों बल्कि क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य-जागरूकता पहल सिद्ध हुआ।हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com