पटना समाहरणालय में जनसुनवाई: 47 लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान

पटना, सोमवार, दिनांक 23.02.2026ः जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा समाहरणालय में आम जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए 47 (सैतालीस) लोगों से मुलाकात की तथा उनके मामलों को विस्तार से सुना। आगंतुकों द्वारा दिए गए आवेदन पत्र के आलोक में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए मामलों को विधिवत निष्पादित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी द्वारा अनेक मामलों में संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर सम्पर्क कर ऑन-स्पॉट समाधान किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए पटना जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों द्वारा आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह के दो कार्यदिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके निर्धारित कार्य-स्थल/कार्यालय कक्ष में निर्धारित अवधि में मिल रहे हैं। अधिकारियों को दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आम जनता द्वारा मुख्यतः राजस्व, कृषि, पुलिस, ग्रामीण विकास, भूमि अर्जन, निबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित विषयों पर आवेदन दिया गया है। सभी मामलों में विधिवत तरीके से त्वरित समाधान की कार्रवाई की गई है। लोगों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि समस्याओं का केवल निष्पादन पर्याप्त नहीं है। आम जनता की संतुष्टि सर्वाेपरि है। जो भी आवेदन प्राप्त हुआ है उसमें दिए गए मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए जनता की शिकायतों का शत-प्रतिशत निवारण करें।
- आवेदक मोहम्मद सरफराज, मसौढ़ी, पटना द्वारा अनुकम्पा के आधार पर चौकीदार के पद पर नियुक्ति के संबंध में आवेदन दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा अपर जिला दंडाधिकारी (सामान्य), पटना को त्वरित गति से विधिवत कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
- आवेदक श्री सतीश कुमार, अक्षय नगर, पहाड़ी, पटना द्वारा बैंक से हुई समस्या के बारे में आवेदन दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा अग्रणी जिला प्रबंधक, पटना को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया गया।
- आवेदक श्री प्रशांत अजेय, नौबतपुर, पटना द्वारा भू-समपरिवर्तन अंतर्गत निर्धारित राशि से अधिक जमा राशि वापस लेने के संबंध में आवेदन दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रभारी पदाधिकारी, जिला विधि शाखा, पटना को नियमानुसार कार्रवाई करने तथा मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया।
- आवेदक श्री विकास कुमार रंजन, बिहारशरीफ, नालन्दा ने अज्ञात लोगों/दलालों द्वारा निजी जमीन पर किए गए अवैध कब्जा को हटाने के संबंध में आवेदन समर्पित किया। इसके आलोक में जिलाधिकारी द्वारा भूमि सुधार उप समाहर्ता, दानापुर को त्वरित गति से नियमानुसार कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
- आवेदक श्री पंकज कुमार सिंह, दानापुर, पटना द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा राशि देने में देरी करने के संबंध में आवेदन समर्पित किया गया। जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पटना को विधिवत रूप से कार्रवाई करते हुए मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगंतुकों ने अपनी समस्याओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया है। जिला प्रशासन द्वारा इन सब सुझावों पर जनहित में विचार किया जा रहा है एवं आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशों एवं उद्देश्यों के अनुरूप जिला प्रशासन, पटना द्वारा पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुदृढ़ करने के लिए समय-समय पर महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। आम जनता को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com