सावन महोत्सव में महिलाओं ने दिखाई अपनी कला और संस्कृति की छटा समर्थ नारी समर्थ भारत संगठन के कार्यालय में हुआ भव्य आयोजन

पटना, पुनाईचक।
सावन के पावन अवसर पर "समर्थ नारी समर्थ भारत" संगठन के कार्यालय में धूमधाम से सावन महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपनी कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्सवों के रंगों को बखूबी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महिलाओं ने लोकगीतों और फिल्मी गीतों पर शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को हर्षोल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुष्पा पाठक ने की, जबकि मंच संचालन पटना महानगर अध्यक्ष अनीता मिश्रा ने किया। महोत्सव का उद्घाटन संगठन की राष्ट्रीय सह-संयोजिका माया श्रीवास्तव ने किया। अपने उद्घाटन भाषण में उन्होंने कहा, "सावन का महीना महिलाओं के लिए उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरा होता है। यह न केवल धार्मिक शांति का समय है, बल्कि जीवन की मूलभूत ऊर्जा से भी जुड़ने का अवसर देता है।"
उन्होंने कहा कि सावन और हरियाली तीज जैसे त्योहार स्त्रियों के लिए पारंपरिक श्रृंगार, गीत-संगीत और झूले के माध्यम से प्रकृति से जुड़ने का माध्यम होते हैं। नागपंचमी जैसे पर्व हमें जीव-जंतुओं के प्रति श्रद्धा और सहअस्तित्व का भाव सिखाते हैं।
माया श्रीवास्तव ने कहा, "आज के इस आयोजन में महिलाओं ने नृत्य और गायन के माध्यम से यह सिद्ध कर दिया कि वे किसी भी मंच पर पीछे नहीं हैं। सावन के गीतों पर जिस आत्मीयता और उल्लास से महिलाएं थिरकीं, उसने बचपन की यादें ताजा कर दीं।" उन्होंने सभी महिलाओं को तीज और मधुश्रावणी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मीना श्रीवास्तव, स्मिता सिन्हा, सरिता सिंह, राखी सिंह, रागिनी सिंह, संगीत सिन्हा, चुन्नी देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता दुबे, अर्चना कुमारी, गायन्ति ठाकुर, किरण ठाकुर, संगीत सिंगर, बबली कर्ण सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने पारंपरिक गीतों पर झूमते हुए सावन की पावनता का आनंद उठाया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महासचिव दीपशिखा ने किया। उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं को इस सांस्कृतिक आयोजन की सफलता के लिए साधुवाद दिया और संगठन की ओर से भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की घोषणा की। यह कार्यक्रम महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक योगदान को उजागर करने की एक सशक्त मिसाल बन गया।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com