"खिलखिलाहट: मुस्कान की किरण" संस्था का वार्षिक समारोह हुआ संपन्न

दिव्य रश्मि के उपसम्पादक जितेन्द्र कुमार सिन्हा की खबर |
सामाजिक संस्था "खिलखिलाहट: मुस्कान की किरण" का वार्षिकोत्सव समारोह पटना के बोरिंग रोड स्थित होटल होम पैलेस के सभागार में गरिमामयी ढंग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, और दीप प्रज्वलन भारतीय परंपरा में शुभता और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना के जाने माने वरिष्ठ साहित्यकार कमल किशोर वर्मा ने किया।
संस्था के संस्थापक/अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने संस्था के उद्देश्य, प्रारूप, और अब तक किए गए कार्यों को सदस्यों के सामने विस्तार से बताया। उन्होंने कार्यक्रम में घोषणा किया कि संस्था की संरचना में आज वंदना मिश्रा को बिहार प्रदेश अध्यक्ष, और यतीश कुमार को पटना जिला प्रभारी की जिम्मेदारी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कला, संस्कृति एवं साहित्य प्रकोष्ठ का प्रभार मो. नसीम अख्तर को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का सहयोग, संस्था के विस्तार के साथ-साथ इसकी कार्यक्षमता को और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
संस्थापक/अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने मंच से सभी सदस्यों और उपस्थितजनों से अनुरोध किया कि वे न केवल संस्था से जुड़ें, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों में समाजसेवा, पर्यावरण-संरक्षण, साहित्य और संस्कृति के संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा, "यह संस्था केवल एक संगठन नहीं है, बल्कि एक विचारधारा है, मुस्कान बांटने की, आशा जगाने की, और समाज को सकारात्मक दिशा देने की।"
संस्था की मीडिया प्रभारी विधि सिन्हा ने एक प्रभावशाली प्रजेंटेशन के माध्यम से पिछले एक वर्ष में संस्था द्वारा किए गए कार्यों की झलक प्रस्तुत की। इसमें महिला सशक्तिकरण, पर्यावरणीय जागरूकता, बाल कल्याण, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, और साहित्यिक गोष्ठियों जैसी अनेक पहलें शामिल थीं। प्रजेंटेशन ने साबित किया कि यह संस्था केवल नाम की नहीं, बल्कि वास्तविक सेवा की भावना से प्रेरित है।
कार्यक्रम में एक काव्य गोष्ठी आयोजित हुआ, जिसका संचालन मो. नसीम अख्तर ने किया। काव्य गोष्ठी में बिहार के अनेक प्रतिष्ठित कवि और शायरों यथा - मधुरेश नारायण, शुभचंद्र सिन्हा, हरेंद्र सिंहा, सुनील कुमार, रवि किशन, अविनाश बंधु प्रमुख थे, इन्होंने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्था के सदस्य कुमार संभव ने कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से की, इसके बाद यतीश कुमार ने एक सुंदर गीत प्रस्तुत किया, जो दिल को छू गया। वहीं डॉ. किशोर सिंहा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि "हर व्यक्ति अगर एक इंसान की भी मदद करे, तो हम एक खुशहाल समाज की कल्पना कर सकते हैं।" अनुराग आनंद ने माँ पर आधारित एक पंजाबी गीत गाकर सबको भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में श्यामा प्रसाद, रीता प्रसाद, अनुराधा कुमारी, नरेंद्र कुमार, चंदन कुमार, रोहित कुमार गुप्ता, अमेय आनंद, अंजनी कुमार, अनुराग दुबे सहित सभी सदस्यगण एव अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच संचालन मो. नसीम अख्तर और विधि सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार कमल किशोर वर्मा ने संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि "आज के समय में सेवा और मुस्कान जैसी भावना दुर्लभ हो चली है। पर ‘खिलखिलाहट’ जैसे संस्थान उस दुर्लभ भावना को जीवित रखते हैं। यह संस्था न केवल एक संगठन है, बल्कि यह एक सशक्त विचार है – समाज में सकारात्मकता फैलाने का।" उन्होंने संस्था को अपनी शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया कि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और इस विचार को फैलाएं।
कार्यक्रम का समापन संस्था की निर्देशिका शालिनी वर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, सदस्यों, कवियों, गायक कलाकारों और दर्शकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "हमारी संस्था समाज में मुस्कान की किरण बनकर कार्य करती रहेगी। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में और भी लोग हमारे साथ जुड़ेंगे और यह आंदोलन और भी व्यापक रूप लेगा।"
‘खिलखिलाहट: मुस्कान की किरण’ केवल एक संस्था नहीं, एक सोच है- जिसमें सेवा, साहित्य, और संस्कृति का समावेश है। यह वार्षिक समारोह उस सोच का प्रतिबिंब था, जो समाज को नई दिशा देने का सपना देखती है। उम्मीद की जानी चाहिए कि संस्था आने वाले वर्षों में और अधिक प्रभावशाली तरीके से समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच बनाएगी और ‘मुस्कान’ को सचमुच एक जनांदोलन में बदल देगी।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com