चुनाव का दिन नजदीक आने लगा तो क्षेत्र की याद आने लगी:-राकेश कपूर

चुनाव का दिन नजदीक आने लगा तो क्षेत्र की याद आने लगी:-राकेश कपूर

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव पटना साहिब से विधायक है। श्री यादव पर्यटन, स्वास्थ्य और पथ निर्माण विभाग के मंत्री रहे हैं। वे कुल चार बार सिर्फ पथ निर्माण मंत्री पद को सुशोभित करते रहे हैं। अब जब वे सत्ता से बाहर हो गए हैं तो उन्हें अपने क्षेत्र की याद आई है। वे अब क्षेत्र में भ्रमण करते नजर आ रहे हैं।
पटना जिला सुधार समिति के महसचिव व पटना महानगर जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता राकेश कपूर ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि इसके पहले श्री नंदकिशोर यादव भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व की नजर में बने रहने के लिए आये दिन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के घटनाक्रम पर अखबारों में बयान देते रहते थे। अब जब चुनाव का समय नजदीक आने लगा है तो उनका ध्यान क्षेत्र की समस्या की ओर जाने लगा है। जबकि सच्चाई यह है कि क्षेत्र में इनकी पहचान विनाश पुरुष के रूप में बन चुकी है जो आसानी से धुलने वाली नहीं है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि बिहार की अधिकांश सड़कों का कायापलट हो गया लेकिन अशोक राजपथ सड़क से गली में तब्दील हो गया है। वह भी इनके पथ निर्माण मंत्रित्वकाल में ही। इसका खामियाज़ा पटना सिटी की जनता आज तक झेल रही है। उसमें भी सबसे बड़ी बात यह है कि वे पथ निर्माण विभाग के चार बार मंत्री रह चुके हैं और 1995 से लगातार विधायक भी।
श्री कपूर ने कहा कि श्री नंदकिशोर यादव ने पटना सिटी की ह्दय स्थली गांधी सरोवर, मंगल तालाब को तो चौपट किया ही साथ ही बिहार के महानतम पर्व छठ के अवसर पर नाले के गंदे पानी से भरे तालाब में छठ पर्व मनाने का नागरिकों से आह्वान किया और पटना नगर निगम के लाखों रूपये खर्च भी करवाया।
पटना सिटी के सभी अर्धसरकारी स्कूल को चौपट करवाने में इनके प्रतिनिधि सदस्यों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। ज्ञात हो कि इन स्कूलों के अध्यक्ष क्षेत्रीय विधायक ही होते हैं। इस पद पर खुद नहीं रहकर उन्होंने अपने प्रतिनिधि को रखा।
इनके कार्यकाल में पटना सिटी स्कूल का खेल मैदान हो या गुलजार बाग़ (अदालत गंज) का मैदान दोनों को चौपट हो गया।गुलजार वाग के खुले हुए खेल मैदान को समाप्त कर इन्होंने उसे इन्डोर स्टेडियम में तब्दील कर दिया। फलस्वरूप क्षेत्र खेल मैदान विहीन हो गया। वहीं प्रशासनिक उपेक्षा की वजह से जालान स्कूल का खेल मैदान जुआड़ियो व नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। क्षेत्र में इनके द्वारा किए गए विनाश की फेहरिस्त बहुत ही व्यापक है। इन्होंने अपने जनप्रतिनिधित्व कार्यकाल में कार्यकर्ताओं को कमीशनखोरी का जो अच्छा प्रशिक्षण दिया है वह तो सर्वविदित है ही।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ