जनवरी 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार ।

जनवरी 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार ।

लेखक: रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन, ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।

मैं आप सबको और आप सबके हृदय में विराजमान ईश्वर को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद करता हूं।

दिव्य रश्मि पत्रिका के सभी सदस्यों को और सभी पाठकों को एवं समस्त देशवासियों को ईसाई नववर्ष 2023 की हार्दिक शुभकामनाएं।

आप सभी के जीवन में नई खुशियां आए। आप सबका जीवन आनंद मंगल से भरा हो। आप सबकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो। आप सभी स्वस्थ और सुरक्षित रहें। आपके जीवन में सफलताएं आपके कदम चूमे। यही प्रार्थना करता हूं।

पौष माह एवं पौष माह के अधिपति देवी देवताओं को, साथ ही माघ माह और माघ माह के अधिपति देवी देवताओं को नमन कर आइए जानते हैं जनवरी 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहारों के बारे में।

जैसा कि हम सब जानते हैं 15 जनवरी तक खरमास होने के कारण सारे शुभ कार्य वर्जित हैं। इसमें कोई विशेष त्यौहार नहीं मनाया जाता। 15 जनवरी के बाद अर्थात मकर संक्रांति के बाद ही शुभ समय आरंभ होता है।

1 जनवरी रविवार अंग्रेजी नववर्ष 2023 का आरंभ।

2 जनवरी सोमवार को पौष पुत्रदा एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए मान्य होगा। आज तैलंग स्वामी का जन्म उत्सव भी मनाया जाएगा।

3 जनवरी मंगलवार को प्रदोष व्रत होगा।

5 जनवरी गुरुवार को सिख धर्म के 10 वें और अंतिम गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती मनाई जाएगी। यह जन्म उत्सव नवीन मत के अनुसार होगा।

6 जनवरी शुक्रवार को पूर्णिमा का व्रत होगा। पौष माह के इस पूर्णिमा को शाकंभरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। आज के दिन मां भगवती शाकंभरी देवी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। आज स्नान दान व्रत की शुभ पूर्णिमा है।

8 जनवरी रविवार को रवि पुष्य योग बन रहा है। पूरे दिन और रात सर्वार्थ सिद्धि योग होगा।

10 जनवरी मंगलवार को अंगारकी संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा।

12 जनवरी गुरुवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

14 जनवरी शनिवार को स्वामी विवेकानंद जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। आज के दिन पंजाब प्रांत में लोहड़ी का प्रसिद्ध त्यौहार मनाया जाएगा।

15 जनवरी रविवार को मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया जाएगा। आमतौर पर 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाने का विधान है। किंतु इस वर्ष भगवान सूर्य 14 जनवरी की रात्रि 2:53 पर मकर राशि में प्रवेश कर रहे हैं। जिसके कारण इसका पुण्य काल अगले दिन 15 जनवरी की सुबह से शाम तक होगा।

अतः 2023 में 15 जनवरी को मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया जाएगा। आज के दिन भगवान सूर्य को अर्घ्य अवश्य दें। खिचड़ी बनाकर सूर्य भगवान को भोग लगाकर प्रसाद के रूप में खाएं। तिल और खिचड़ी का दान करें।स्वयं भी तिल और खिचड़ी प्रसाद के रूप में ग्रहण करें। ऐसा करना अत्यंत शुभ दायक माना जाता है। आज पोंगल का त्योहार भी है।

18 जनवरी बुधवार को षटतिला एकादशी का व्रत होगा। यह व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए मान्य होगा।

19 जनवरी गुरुवार को प्रदोष व्रत होगा।

20 जनवरी शुक्रवार को मासिक शिवरात्रि का व्रत होगा।

21 जनवरी शनिवार को स्नान दान और श्राद्ध की अमावस्या है। इसे मौनी अमावस्या के नाम से भी जानते हैं। आज की अमावस्या शनिदेव को विशेष रूप से समर्पित है। शनिवार के दिन पड़ने के कारण इसे शनि अमावस के नाम से भी जाना जाता है। शनिदेव की पीड़ा की शांति के लिए आज के दिन दान पुण्य किए जाते हैं।

22 जनवरी रविवार से गुप्त नवरात्र आरंभ हो रहा है। 9 दिनों तक चलने वाला यह त्यौहार मां भगवती जगदंबा को समर्पित है। इसमें 10 महाविद्याओं की विशेष पूजा होती है। आज वल्लभाचार्य जी की भी जयंती है।

23 जनवरी सोमवार को भारत मां के वीर सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

आज के दिन चंद्र दर्शन करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। 24 जनवरी मंगलवार को विनायकी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा। इसे उमा चतुर्थी व्रत के नाम से भी जानते हैं।

26 जनवरी गुरुवार को भारतीय गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व मनाया जाएगा। आज ही विद्या बुद्धि की दाता माता सरस्वती का जन्मोत्सव वसंत पंचमी के रूप में मनाया जाएगा।

इसे वागीश्वरी जयंती के रूप में भी जाना जाता है। आज के दिन तक्षक सर्प की पूजा भी विशेष रूप से की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार बसंत पंचमी के दिन आम के मंजर का सेवन करने का विधान भी होता है। आज ही रति कामोत्सव महोत्सव भी मनाया जाएगा।

27 जनवरी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल प्रांत में शीतला षष्ठी का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाएगा।

28 जनवरी शनिवार को भीष्म अष्टमी मनाया जाएगा।

30 जनवरी शनिवार को महानंदा नवमी का त्यौहार होगा। आज के ही दिन ब्रह्म नायक श्री हरसू ब्रह्म देव जी का जन्म उत्सव भी मनाया जाएगा। श्री हरसू ब्रह्म देव जी की जयंती बिहार के रोहतास जिले के चैनपुर में विशेष रूप से मनाया जाता है। जहां पर एक मेले का आयोजन किया जाता है।

आज गुप्त नवरात्र समाप्त हो जाएगा।

आज के ही दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्य तिथि भी है।



विशेष टिप्पणी: भगवान सूर्य अपनी वर्तमान धनु राशि को छोड़कर 14 जनवरी की देर रात 2:53 पर मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। जिसे मकर संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है और आज से भगवान सूर्य उत्तरायण हो जाएंगे। देश समाज में शुभ कार्य पुनः आरंभ हो जाएगा।

11 जनवरी बुधवार की रात 8:14 पर भगवान सूर्य पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र को छोड़कर उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे। मकर राशि और उत्तराषाढ़ा सूर्य के प्रभाव से उड़द, मूंग, चावल, पटसन, गुड, कपास, पीपला मूल, लाख, चप्पणी, मूंग और सरसों के भाव में तेजी आएगी।

12 जनवरी के आसपास आसमान में बादल भरकर आएंगे। मेघ भर जाएंगे और साथ ही साथ वर्षा होने तथा बर्फ अथवा ओला पत्थर पड़ने की संभावना है।

हड्डियों को छेद कर देने वाली सर्दी से जनजीवन परेशान हो जाएगा।

24 जनवरी मंगलवार की रात 9:20 पर भगवान सूर्य उत्तराषाढ़ा नक्षत्र को छोड़कर श्रवण नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे। जिसके कारण गेहूं, जौ, चावल, चांदी और सभी धातुएं, शेयर बाजार, अलसी, अफीम के मूल्य में तेजी आएगी।

माघ शुक्ल पक्ष के तीन रविवार घटना कारी बनकर आएंगे। 1 फरवरी के आसपास मौसम करवट लेगा। आसमान में बादल छाएंगे और वर्षा के योग बनेंगे। इति शुभमस्तु नमः शिवाय।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ