Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

हिमाचल में सांस्कृतिक चेतना

हिमाचल में सांस्कृतिक चेतना

(अशोक त्रिपाठी-हिन्दुस्तान समाचार फीचर सेवा)

हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों का आगमन यहां की सांस्कृतिक चेतना के चलते भी होता है। देवभूमि का आध्यात्मिक आकर्षण तो है ही। राज्य में इसी साल के अंत में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रान से भी सचेत रहने की जरूरत है। इसी सबके चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मलानी कार्निवाल का गत दिनों उद्घाटन किया। सरकार ने कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। राज्य में चुनाव की सरगर्मी भी धीरे-धीरे बढ़ रही है। उपचुनावों में मिली विजय से कांग्रेस के हौंसले बुलंद हैं जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास योजनाओं से दुबारा आने का प्रयास कर रही है। कांगे्रस के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिमा सिंह ने वार्षिक कलेण्डर जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया है। ऊना में नव वर्ष मेला भी धूमधाम से शुरू हुआ। यहां माता चिंतापूर्णी देवी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने नव वर्ष की एक दूसरे को बधाई दी थी।

चुनाव की तैयारी में कांग्रेस भी लगी है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने झांकियों को हरी झंडी दिखाकर विंटर कार्निवाल 2022 का आगाज कर दिया है। राष्ट्र स्तरीय का यह आयोजन 6 जनवरी तक धूमधाम से मनाया जाएगा। सीएम सुबह ही मनाली पहुंचे और इस दौरान शहर के डीजीआरई हेलीपैड पर शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद जयराम ठाकुर सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां 162 महिला मंडलों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से बातचीत करने के साथ विंटर कार्निवाल और नए साल की बधाई दी। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम माता हिडिम्बा के दरबार ढूंगरी पहुंचे, जहां पूजा अर्चना कर माता से प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस बार महिला मंडलों ने झांकियों के माध्यम से कोरोना संक्रमण पर वार किया है, तो साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान, शिक्षा के महत्व, प्राकृतिक खेती, पारंपरिक त्यौहार, विलुप्त होती अनाज की पारंपरिक किस्में जैसे विषय पर फोकस किया है। मनाली में दो वर्ष के बाद मनाए जा रहे राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल को लेकर मनाली प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां की हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 10वीं किस्त जारी की। पीएम ने इस योजना के तहत देश के 10.09 करोड़ किसान परिवारों को दसवीं किस्त के रूप में 20,946 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ जारी किए। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर शिमला से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। सीएम ने कहा कि प्रदेश में 31 दिसम्बर, 2021 तक इस महत्वकांक्षी योजना के तहत 9.68 लाख पात्र किसानों को 1537 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 351 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को 14.04 करोड़ रुपये की इक्विटी ग्रांट भी जारी की, जिससे 1.24 लाख किसान लाभान्वित होंगे। पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 24 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना शुरू की गई थी, जिसके अन्तर्गत लघु एवं सीमान्त किसानों को दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में 6000 रुपये प्रतिवर्ष वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। सीएम ने कहा कि प्रदेश के राज्य सकल घरेलू उत्पाद में कृषि क्षेत्र का कुल योगदान 13.62 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 88 प्रतिशत लघु एवं सीमान्त किसान हैं। प्रदेश में 31 दिसम्बर, 2021 तक इस महत्वकांक्षी योजना के अन्तर्गत 9.68 लाख पात्र किसानों को 1537 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 107 किसान उत्पादक संगठन हैं, जिनके 15 हजार सदस्य हैं। यह किसान उत्पादक संगठन राज्य में विभिन्न कृषि एवं सहायक गतिविधियों में कार्यरत हैं। इस प्रकार हिमाचल में भाजपा सरकार सांस्कृतिक चेतना के साथ चुनाव की तैयारी भी कर रही है।

हिमाचल कांग्रेस ने चुनावी साल में दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की याद में एक वार्षिक कैलेंडर जारी किया। शनिवार को शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सांसद प्रतिभा सिंह ने इसे लॉन्च किया। इस साल अक्तूबर-नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जय राम सरकार पर भी जमकर निशाने साधे।

प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में कांग्रेस का वार्षिक कैलेंडर जारी करने पर प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष का आभार जताया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह एक ऐसे नेता थे जो लोगों के दिलों पर राज करते थे। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान उन्होंने देखा कि लोगों ने अपने घरों में उनकी याद में उनकी फोटो व स्मृतियों को संजो कर रखा है। लोकसभा सांसद ने कहा कि आज भले ही वीरभद्र सिंह उनके बीच नही हैं पर उनके कार्य,उनका प्यार, आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा और उनका मार्गदर्शन करेगा। प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में चारों उप चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के लिये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूरी कांग्रेस टीम को बधाई देते हुए कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट पार्टी के लिये एक बड़ी चुनौती थी, इस चुनौती को पार करने में कांग्रेस सफल रही। इस जीत का एक बड़ा संदेश प्रदेश में ही नहीं,पूरे देश में गया है। और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में एक नया जोश व उत्साह पैदा हुआ है। प्रतिभा सिंह ने मंडी में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के सवाल पर कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री प्रदेश के विकास को कोई राहत पैकेज देंगे, पर ऐसा कुछ नही हुआ। उन्होंने कहा कि मोदी ने मंडी व कुल्लू की भाषा बोल कर लोगों को खुश करने का असफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उप चुनावों में महंगाई व बेरोजगारी दो बड़े मुद्दे थे और लोगों ने इसके विरोध में कांग्रेस को वोट दिया। प्रतिमा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए बड़े हवाई अड्डों के निर्माण व उनके विस्तार की बहुत आवश्यकता है। ये मुद्दे भी संसद में उठाएंगी। साथ ही कहा कि आम जनता मोदी सरकार और प्रदेश की जय राम सरकार से दुखी है। (हिफी)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ