क्रिकेट में कप्तानी की जंग
(एस.सी. मिश्र-हिन्दुस्तान समाचार फीचर सेवा)
भारत क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली के फैसले पर विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल, टीम इंडिया में कप्तानी की जंग छिड़ी है। इसकी शुरुआत टी-20 वल्र्ड कप के समय से हुई जिसमें भारत सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाया। विराट कोहली ने टी-20 की कप्तानी खुद ही छोड़ दी थी लेकिन इसके कुछ समय बाद ही बीसीसीआई ने विराट कोहली को वनडे टीम की कप्तानी से भी हटा दिया। सवाल उठ रहा है कि विराट कोहली जैसे शानदार रिकार्ड वाले कप्तान के साथ ऐसा क्यों किया गया। यह फैसला भी आश्चर्यजनक लगा। प्रेस रिलीज में सौरव गांगुली ने बयान दिया कि विराट कोहली टी-20 की कप्तानी नहीं करना चाहते थे लेकिन अगर विराट कोहली हां कर देते तो क्या रोहित शर्मा कप्तान नहीं बन पाते। दरअसल बीसीसीआई ने जब दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम का ऐलान किया था, उसी वक्त यह जानकारी भी दी थी कि अब से वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा होंगे। इस प्रेस रिलीज के एक दिन बाद बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया पर विरोट कोहली को धन्यवाद देते हुए कई ट्वीट किये थे। विराट ने भी दक्षिण अफ्रीका से तीन मैचों की वनडे सिरीज छोड़ने की बात कही थी लेकिन अब वे खेलने जा रहे हैं।
विरोट कोहली को वनडे की कप्तानी से हटाने पर कई लोगोें की प्रतिक्रिया आयी। उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कहा था कि बीसीसीआई ने विराट को कप्तानी से हटाने का कोई कारण नहीं बताया। सुनील गावस्कर ने भी विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर जारी विवाद पर बयान दिया कि जब तक दोनों खिलाड़ी आकर चीजें साफ न कर दें या बोर्ड की और से कुछ न कहा जाए तब तक कयासबाजी ठीक नहीं है। हालांकि टी-20 वल्र्ड कप में आर अश्विन की वापसी का निर्णय विराट कोहली का ही था और सौरव गांगुली ने भी तारीफ की थी। इसलिए विराट के रवैये पर भी उंगलियां उठ रही हैं।
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ऑफ स्पिनर आर अश्विन के टी20 विश्व कप की टीम में चुने जाने को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली अनुभवी ऑफ स्पिनर अश्विन को विश्व कप की टीम में चाहते थे। इसलिए इस गेंदबाज को टीम में शामिल किया गया। अश्विन ने टी20 विश्व कप से भारत की लिमिटेड ओवर टीम में 4 साल बाद वापसी की थी। वो पिछली बार 2017 में भारत के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे खेले थे। 2017 में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल के लिमिटेड ओवर टीम में शामिल होने के बाद अश्विन टीम से बाहर हो गए थे। सौरव गांगुली ने खेल पत्रकार बोरिया मजूमदार से बातचीत में कहा, “मुझे भरोसा नहीं था कि आर अश्विन दोबारा कभी लिमिडेट ओवर टीम का हिस्सा बनेंगे या नहीं लेकिन विश्व कप के लिए विराट कोहली उन्हें टीम में चाहते थे और जो भी मौका उन्हें मिला, उसका इस गेंदबाज ने पूरा फायदा उठाया और शानदार प्रदर्शन किया। अश्विन ने टी20 विश्व कप के 3 मैच में 6 विकेट लिए थे और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी शानदार प्रदर्शन किया। टी20 विश्व कप से पहले उन्होंने आईपीएल 2021 के 13 मैच में 7 विकेट झटके थे। नए कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ ने भी हाल में अश्विन को भारतीय टीम का अहम हिस्सा बताया था। गांगुली ने कहा, “हर कोई उनके बारे में बात कर रहा है। कानपुर टेस्ट के बाद द्रविड़ का भी बयान आया था- उन्होंने अश्विन को ऑल टाइम ग्रेट गेंदबाज बताया। अश्विन की प्रतिभा तलाशने के लिए आपको रॉकेट साइंस की जरूरत नहीं। मैंने जो देखा, उसी आधार पर तारीफ की है। यह अश्विन, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा या विराट कोहली कोई भी हो सकता है।” अश्विन ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज में कुल 14 विकेट झटके थे। इस सीरीज में ही वो भारत की तरफ से टेस्ट में तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने हरभजन सिंह को पीछे छोड़ा था। अश्विन ने भारत के लिए अब तक 111 वनडे और 51 टी20 खेले हैं। इन दोनों फॉर्मेट में उनके नाम 211 विकेट हैं। पिछले कुछ समय से सीमित ओवर क्रिकेट में अंदर और बाहर चल रहे आर अश्विन के अचानक से टीम इंडिया में दिखने की वजह अब साफ हो गई है। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने साफ कर दिया है कि विराट कोहली के कहने पर आर अश्विन को टी20 वर्ल्डकप टीम में जगह दी गई थी। भारतीय टीम वर्ल्डकप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन एक स्पिनर के तौर अश्विन के लिए ये टी20 वर्ल्डकप अच्छा रहा था। इस प्रकार अश्विन को लेकर विराट व सौरव में कोई विवाद नहीं था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे के वनडे सीरीज से ब्रेक का कोई औपचारिक आग्रह नहीं किया है। कोहली सेंचुरियन में 26 दिसंबर से शुरू हो रही तीन टेस्ट की सीरीज में भारत की अगुवाई करेंगे। सीरीज का आखिरी टेस्ट 15 जनवरी को केपटाउन में खत्म होगा। इसके बाद 19 जनवरी से तीन वनडे की सीरीज खेली जाएगी। उपकप्तान रोहित शर्मा के बायें पैर की मांसपेशियों की चोट उभरने के कारण वह भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद इस तरह की खबरें आ रही थीं कि कोहली अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए ब्रेक लेंगे। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया था, “विराट कोहली ने वनडे मैचों में नहीं खेलने को लेकर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली या सचिव जय शाह को कोई औपचारिक आग्रह नहीं भेजा था। आज की स्थिति के अनुसार वह 19, 21 और 23 जनवरी को होने वाले तीन वनडे मैचों में खेलेंगे।” अधिकारी ने कहा कि जैविक रूप से सुरक्षित माहौल से जुड़ी पाबंदियों के कारण खिलाड़ियों के परिवार भी उसी चार्टर्ड विमान से यात्रा करेंगे, जिसमें खिलाड़ी और अधिकारी यात्रा करेंगे। सूत्र ने कहा, “कप्तान अपने परिवार के साथ यात्रा करेंगे। लेकिन हां, अगर टेस्ट सीरीज के बाद वह बायो-बबल के कारण थकान महसूस करते हैं और ब्रेक चाहते हैं तो वह निश्चित तौर पर चयन समिति के अध्यक्ष और सचिव (शाह) को सूचित करेंगे, जो चयन समिति के समंवयक हैं।” मौजूदा अटकलों का एक कारण यह भी है कि भारत को स्वदेश लौटने पर एक बार फिर 3 हफ्तों के लिए जैविक रूप से सुरक्षित माहौल का हिस्सा बनना होगा। क्योंकि श्रीलंका की टीम टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलने आ रही है। इस तरह की भी खबरें हैं कि कोहली अपनी बेटी वमिका के पहले जन्मदिन (11 जनवरी) के कारण भी ब्रेक ले सकते हैं। कोहली उस दिन अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे होंगे। कोहली पहले भी बायो-बबल से होने वाली थकान के कारण वर्कलोड मैनेजमेंट की वकालत कर चुके हैं और उनका मानना है कि लंबे समय तक इसका हिस्सा रहना व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि इसका मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पिछले साल कोहली 2020-21 ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पितृत्व अवकाश पर थे और घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में भी नहीं खेले थे। (हिफी)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com