2021 में मोदी सरकार के स्मरणीय कदम

2021 में मोदी सरकार के स्मरणीय कदम

(मनीषा स्वामी कपूर-हिन्दुस्तान समाचार फीचर सेवा)
राजनीतिक दृष्टि से भी 2021 काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। कोरोना की महामारी ने पूरी दुनिया को रुलाया तो भारत के भी आंसू छलके हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपदा में अवसर तलाशे हैं। मोदी सरकार के इस वर्ष कुछ कदम याद किये जाएंगे। कोरोना महामारी पर नियंत्रण के लिए पूरे देश में फ्री वैक्सीन की 150 करोड़ डोज दी गयीं। पीएम मोदी ने विकास कार्यों के साथ हिन्दुत्व एजेण्डे को इतना उभारा है कि विपक्षी हक्के-बक्के रह गये। काशी कारीडोर का लोकार्पण और चारधाम प्रोजेक्ट को अब सुप्रीम कोर्ट की भी हरी झंडी मिल गयी है। उत्तराखण्ड में देवस्थानम बोर्ड रद्द किया गया। केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण इसी साल किया गया है। मोदी ने मुख्यमंत्रियों को लेकर कड़े फैसले किये और कर्नाटक, उत्तराखण्ड व गुजरात के मुख्यमंत्री बदल दिये। मोदी ने पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को भाजपा से जोड़कर पार्टी की ताकत में इजाफा किया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार भले ही नहीं बना पायी लेकिन 77 विधायक जुटाकर ममता बनर्जी को अल्टीमेटम तो दे ही दिया है। पीएम मोदी ने तीनों विवादास्पद कृषि कानून वापस लेकर साल भर से चल रहा किसान आंदोलन स्थगित कराकर भी स्मरणीय कार्य किया है।

अभी 28 दिसम्बर को पीएम मोदी ने कानपुर मेट्रो का उद्घाटन किया और कई योजाओं की सौगात दी। कानपुर में रैली यानी जनसभा को संबोधित करने से पहले मोदी ने मेट्रो रेल से यात्रा की और उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। मेट्रो परियोजना दो चरणों में पूरी होगी एवं दो कॉरिडोर होंगे। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के 32.6 किलोमीटर लंबे दोनों कॉरिडोर में कुल 30 मेट्रो स्टेशन होंगे। मेट्रो से एक बार में 974 यात्री सफर कर सकेंगे और ट्रेन की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। इसके अनुसार, पहले कॉरिडोर की लंबाई भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से नौबस्ता तक 24 किलोमीटर की होगी। पीएम मोदी ने ऊर्जा ईंधन को समर्पित वीना पन की पाइप लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। पीएम ने यूपी में पूर्वांचल को भगवामय कर दिया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और कुशीनगर में एयरपोर्ट का तोहफा दिया है। मोदी की कानपुर रैली में फसाद कराने के लिए बड़ी साजिश रची गई थी, जिसका पर्दाफाश यूपी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और वीडियो फुटेज के आधार पर किया है। सूत्रों की मानें तो पीएम मोदी की रैली में हिंसा फैलाने की साजिश रचने का आरोप समाजवादी पार्टी के नेताओं पर लगा है। पुलिस ने समाजवादी पार्टी के एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है और एक गाड़ी भी बरामद की है।

साल 2021 अपने पीछे हमें उपलब्धियों की एक लंबी फेहरिस्त भी देकर जा रहा है जो आने वाले सालों में भारत की विजयगाथा को दुनिया के सामने गूंजायमान करती रहेगी। 2021 में भारत ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं उसके हम सब साक्षी रहे हैं। मोदी सरकार ने गांव, गरीब और किसान को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया। मोदी सरकार ने सहकार से समृद्धि के सपने को साकार करने के लिए सहकारिता मंत्रालय का गठन किया है। नया सहकारिता मंत्रालय देश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए एक अलग प्रशासनिक, कानूनी और नीतिगत ढांचा प्रदान करेगा।

कोरोना महामारी के खिलाफ भारत ने सबसे कम समय में 100 करोड़ टीकाकरण का मुकाम हासिल किया। कोरोना वायरस के खिलाफ जारी लड़ाई में भारत ने 21 अक्टूबर को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली। दुनिया में भारत 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार करने वाला पहला राष्ट्र बन गया। भारत की इस उपलब्धि को संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी सराहा। भारत द्वारा 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पूरा किए जाने पर दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में एक कार्यक्रम रखा गया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे अस्पताल में 100 करोड़ वां टीका वाराणसी के दिव्यांग अरुण रॉय को लगाया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के मौके पर 2.5 करोड़ टीका लगाकर कोरोना वायरस के खिलाफ भारत ने टीकाकरण का अपना ही विश्व रिकार्ड तोड़ दिया। इसके पहले भारत में 31 अगस्त को 1.41 करोड़ डोज लगाने का रिकार्ड बना था।

भारत के लिए इसी साल टोक्यो ओलंपिक काफी यादगार रहा। भारत ने जापान की राजधानी टोक्यो में हुए खेलों के महाकुंभ में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। देश ने लंबे समय बाद एक साथ सात मेडल पर कब्जा जमाया। एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदकों के साथ भारत पदक तालिका में 48वें नंबर पर पहुंच गया। ओलंपिक खेलों के इतिहास में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। जब एक साथ भारत ने सात पदक अपने नाम किए। इससे पहले 2012 के लंदन ओलंपिक में भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छह मेडल जीते। भारत ने इस साल एक और बड़ी छलांग लगाई। पहली बार भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभाली। 2 अगस्त को भारत सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष बना। अगस्त से पूरे एक महीने के लिए भारत के हाथों में दुनिया की सबसे शक्तिशाली संस्था संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की कमान रही। इस दौरान भारत ने समुद्री सुरक्षा, शांति स्थापना और आतंकवाद विरोधी तीन प्रमुख क्षेत्रों पर अपने विचार रखे और इससे निपटने के बारे में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को रास्ता दिखाया। वर्ष 2021 में ही भारत अपनी सुरक्षा को अभेद बनाने और हथियारों के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत रहा। इसी कड़ी में भारत ने दुनिया का सबसे हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर बनाया है। 22 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में झांसी में आयोजित ‘राष्ट्रीय रक्षा समर्पण’ समारोह के दौरान भारतीय वायु सेना को स्वदेशी हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर सौंपा। भारत सरकार की ओर से अक्तूबर 2006 में स्वदेशी निर्मित और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर के डिजाइन और विकास को मंजूरी दी गई थी। इस प्रकार कोरोना महामारी के दौरान भी पीएम मोदी ने देश को बड़ी उपलब्धियां दिलायी हैं। (हिफी)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ