पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दावेदारी
(अशोक त्रिपाठी-हिन्दुस्तान समाचार फीचर सेवा)
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चक्रव्यूह भी रचे जा रहे हैं। गत 16 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरक्यूलस विमान से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकार्पण से पहले ही समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता इस हाईवे का लोकार्पण कर देते हैं। समाजवादी पार्टी का दावा है कि इस एक्सप्रेस वे के निर्माण का श्रेय अखिलेश यादव की सरकार को मिलना चाहिए। सपा कार्यकर्ताओं ने एक्सप्रेस-वे पर साइकिल चलाते हुए कहा अखिलेश सरकार का काम बोल रहा है। ये पूर्वांचल की प्रगति को गति देगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट किया- फीता आया लखनऊ से और नई दिल्ली से कैंची आयी, सपा के काम का श्रेय लेने के लिए मची है खिचम खिंचाई। इसी ट्वीट मंे उन्होंने यह भी कहा है- आशा है अब तक अकेले में बैठकर लखनऊ वालों ने समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लम्बाई का आंकड़ा रट लिया होगा। सपा का काम जनता के नाम। इस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा ‘यदि वह (अखिलेश) सत्ता में होते तो 2 लेन एक्सप्रेस-वे बनाते और बाकी 4 लेन का पैसा अपनी तिजोरी मे भर लेते। राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज किया- अखिलेश प्रदेश के विकास से खुश होने की जगह दुखी हो गये हैं। बहरहाल, प्रदेश के पूर्वांचल की जनता को एक नायाब तोहफा मिला है। पहले लखनऊ से गाजीपुर जाने में 6 घंटे लगते थे लेकिन अब तीन घंटे मंे ही गाजीपुर से लोग लखनऊ पहुंच जाएंगे। उद्यम और रोजगार भी इस एक्सप्रेस-वे के जरिए मिलेगा। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी तक रोजगार के दरवाजे इससे खुलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुल्तानपुर जिले के करवाल खीरी इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद बाद पीएम ने एक्सप्रेसवे पर बनी 3.2 किलोमीटर की हवाई पट्टी पर भारतीय वायु सेना द्वारा आयोजित एक एयर शो देखेंगे। उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सी-130 हरक्यूलिस विमान में हवाई पट्टी पर लैंड किया था। करीब 340 किमी. से अधिक लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लखनऊ से गाजीपुर के बीच यात्रा के समय को 6 घंटे से घटाकर 3.5 घंटे कर देगा। एक्सप्रेसवे लखनऊ के चंदसराय गांव से शुरू होता है और गाजीपुर (यूपी-बिहार सीमा से 18 किमी) में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर स्थित हैदरिया गांव में खत्म हो रहा है। इसमें सात बड़े पुल, सात रेलवे ओवरब्रिज, 114 छोटे पुल और 271 अंडरपास है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि छह लेन वाले एक्सप्रेसवे को भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है। सुल्तानपुर जिले के करवाल खीरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे राज्य के पूर्वी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होगा। उन्होंने कहा कि इसकी नींव 2018 में रखी गई थी और कोविड महामारी के बावजूद मुश्किल से 19 महीनों में पूरी हुई थी। उन्होंने कहा, इस एक्सप्रेस-वे पर आठ जगहों पर औद्योगिक हब भी स्थापित किए जाएंगे और इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे 340 किमी से अधिक लंबा है। लगभग 22,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, विशेष रूप से लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़,मऊ और गाजीपुर जिलों को जोड़ेगा। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार का फोकस पांच प्रमुख परियोजनाओं पर है। ये सड़क और हवाई परिवहन से जुडीं परियोजनाएं हैं। चुनाव से पहले कुछ परियोजनाओं को पूरा करने की तैयारी है, तो कुछ का निर्माण बाद तक होता रहेगा। कुल चार एक्सप्रेसवे पर सरकार का खास ध्यान है। तीन हाईवे पर निर्माण चल रहा है तो एक का निर्माण अभी शुरू होना है। ये हाईवे उत्तर प्रदेश के हर हिस्से को कनेक्ट करेंगे। इन परियोजनाओं को मुकाम मिलने से विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए विकास को चुनावी मुद्दा बनाने में आसानी होगी। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि इन विकास कार्यों से चुनाव जीतने में मदद मिलेगी। चित्रकूट से इटावा तक बनने कुल 296 किमी के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य योगी सरकार करा रही है। अगले साल अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। एक्सप्रेसव परियोजना का अब तक 67।29 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यमुना, बेतवा और केन नदी पर पुलों का निर्माण भी चल रहा है। चार लेन चैड़े इस एक्सप्रेसवे को भविष्य में छह लेन का भी किया जा सकता है। साल के आखिर या जनवरी-फरवरी के बीच इस एक्सप्रेसवे का एक साइड यातायात के लिए खोलने की तैयारी है।
इसी प्रकार उत्तर प्रदेश सरकार गंगा एक्सप्रेसवे का भी निर्माण हो रहा है। यह एक्सप्रेसवे कुल 594 किमी लंबा होगा। मेरठ से प्रयागराज को सीधे जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे से उत्तर प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। 80 से 90 प्रतिशत से अधिक भूमि का अधिग्रहण उत्तर प्रदेश सरकार ने कर लिया है। निर्माण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। गोरखपुर-आजमगढ़ लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। मार्च 2022 तक इस लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है। सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इस परियोजना का लोकार्पण सरकार कर सकती है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ही इस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने का दावा किया है। समाजवादी पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर कुछ तस्वीरें जारी की गई हैं। इन तस्वीरों में सपा कार्यकर्ता साइकिल लेकर एक्सप्रेस-वे पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में सपा कार्यकर्ताओं को एक्सप्रेस-वे पर साइकिल चलाते देखा जा सकता है। समाजवादी पार्टी की तरफ से इन तस्वीरों को जारी करने के साथ लिखा गया है, सपा का काम जनता के नाम, समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर साइकिल चलाकर एवं पुष्प चढ़ाते हुए समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया इसको जनता को समर्पित। ये पूर्वांचल की प्रगति को गति देगा। सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं! समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर एक्सप्रेस-वे की लागत कम करने के लिए गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा जिस गुणवत्ता के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनना चाहिए था, उससे समझौता किया गया है। इसे उस गुणवत्ता के साथ नहीं बनाया गया है। अभी बरसात हुई थी, उसमें इसकी गुणवत्ता की कलई खुल गई है।
इस तरह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण का श्रेय लेने मंे भी राजनीति हो रही है जबकि प्रदेश की जनता को इसकी उपयोगिता से मतलब है। (हिफी)हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com