आत्मनिर्भर भारत पूरी दुनियाँ का सिरमौर बनेगा-राज्यपाल
पटना, 13 फरवरी 2021 भारत आज एक पूर्ण युवा राष्ट्र है। युवा राष्ट्र इस अर्थ में कि यहाँ की साठ प्रतिशत से अधिक की आबादी युवाओं की आबादी है। हम आज अत्यन्त गौरवान्वित और आत्मबल से भरे हुए हैं।’’ -उक्त उद््गार, महामहिम राज्यपाल श्री फागू चैहान ने आज कंकड़बाग (पटना) स्थित गायत्री मंदिर सभागार में गायत्री प्रान्तीय युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किये। राज्यपाल ने कहा कि भारत के यशस्वी और लोकप्रिय माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के रूप में इस देश को पूरी दुनियाँ का पुनः सिरमौर बनाने का जो संकल्प लिया है, उस दिशा में हम सभी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि आज भारतीय युवाओं ने अपने मजबूत कंधों पर राष्ट्रीय निर्माण का दायित्व धारण कर लिया है।
राज्यपाल श्री चैहान ने कहा कि जिस राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत वहाँ की युवा-शक्ति हो, वह राष्ट्र अपने समग्र विकास के प्रति भरोसा रख सकता है। युवाओं की प्रतिभा और परिश्रम पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि आज की युवा-पीढ़ी अपने भविष्य के निर्माण के सिर्फ सपने ही नहीं देखती, उन सपनों को साकार करना भी जानती है। राज्यपाल ने युवा शक्ति का आह््वान करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता किसी भी राष्ट्र को सुन्दर और सशक्त बनाती है। हमारी युवा-शक्ति, जो हमारी मूल पँूजी है, उसकी ओर आज पूरा देश बड़ी ललक और आशा के साथ देख रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि अंग्रेजों की दासता से मुक्ति के बाद हमने अपने भारतवर्ष को पुनः दुनियाँ में एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि हम अपनी आजादी की 75वीं वर्षगाँठ मनाने के द्वार पर खड़े हैं। अब हम एक संप्रभुतासंपन्न प्रबुद्ध लोकतांत्रिक गणराज्य के नागरिक हैं। राज्यपाल ने स्वामी विवेकानन्द को उद्धृत करते हुए कहा कि धर्म भी एक आदर्श मनुष्य के निर्माण का प्रमुख माध्यम है। हमें ऐसी सम्पूर्ण शिक्षा चाहिए, जो हमें सच्चा और अच्छा मनुष्य बना सके। वस्तुतः एक अच्छा मनुष्य ही एक अच्छा नागरिक बनता है।
राज्यपाल ने कहा कि गायत्री-परिवार का युवा-प्रकोष्ठ युवाओं के व्यक्तित्व-विकास एवं उनके कौशल-उन्नयन का कार्य पूरी तत्परता के साथ कर रहा है। वृक्षारोपण, रक्तदान, तंग मलिन बस्तियों में गरीब और अभिवंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य-रक्षा के प्रयास तथा कोरोना महामारी के दौरान भी पीड़ित मानवता की सेवा में इस संगठन की तत्परता सराहनीय रही है। कार्यक्रम में राज्यपाल ने रजत जयंती वर्ष के अवसर पर तपोनिष्ठ साधक स्व॰ पंडित श्री राम शर्मा आचार्य की पुण्य स्मृति को भी नमन किया।
कार्यक्रम में प्रान्तीय युवा प्रकोष्ठ के प्रभारी श्री मनीष कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा धन्यवाद ज्ञापन जोनल समन्वयक डाॅ॰ अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर युवा प्रकोष्ठ के व्यवस्थापक श्री ज्ञान प्रकाश एवं गायत्री पीठ पटना के स्वास्थ्य प्रभारी डाॅ॰ नरेन्द्र कुमार आदि भी उपस्थित थे।
’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’
दिव्य रश्मि केवल समाचार पोर्टल ही नहीं समाज का दर्पण है |www.divyarashmi.com


0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews