पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से की बात
पटना, 12 फरवरी 2021:- दिल्ली से पटना लौटने के बाद पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुये मुख्यमंत्री श्री नीतीष कुमार ने कहा कि कोरोना के चलते और बिहार विधानसभा चुनाव के कारण दिल्ली नहीं जा पा रहे थे। दिल्ली जाने पर कई लोगों से मुलाकात हुई। अपनी दिल्ली यात्रा को सफल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, उप राष्ट्रपति श्री एम0 वेंकैया नायडु, केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे0पी0 नड्डा से हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद से भी आज मिलना था लेकिन सुबह में ही उनसे फोन पर बातचीत हो गयी। दिल्ली में रहने के दौरान पार्टी के लोगों के साथ-साथ अन्य लोग भी हमसे आकर मिले और उनसे बातचीत हुयी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी से भी बातचीत हुई है। बिहार के विकास के मुद्दे पर बातचीत हुई है। बिहार में क्या काम चल रहा है, इन सभी मुद्दों पर बातचीत हुई है। मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है। हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पष्चिम बंगाल से जुड़े पार्टी के लोगों से बंगाल चुनाव के विषय में बात कर रहे हैं। कोरोना के आॅकड़ों में गड़बड़ी संबंधी पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके संबंध में अभी खबर सुनी है और इस विषय में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से बातचीत हुई है। प्रधान सचिव ने बताया है कि अब तक 22 जिलों से जानकारी ली गयी है। एक जिले में कुछ समस्या है जिसपर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में भी इससे संबंधित प्रश्न उठाया गया है। आज दिन में ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव को भी जानकारी भेज दी गयी है। वैसे प्रतिदिन कोरोना संक्रमण से संबंधित मेरे पास शाम में विस्तृत जानकारी आती है। किस जिले में कितनी जांच हुयी है और वर्तमान में कितने लोग प्रभावित हैं, कितने लोग ठीक हो गये हैं, इस संबंध में सभी जानकारियाॅ मिलती हैं। पहले दिन से ही कोरोना से संबंधित एक-एक जानकारी मेरे पास आती रही है और सब रिपोर्ट रखी हुयी है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई रिपोर्ट है कि जांच नहीं की गयी है और लिख दिया गया है तो यह गलत है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस विषय में विस्तृत जानकारी लेंगे। बिहार में कोरोना की काफी जांच हुयी है और ठीक हुयी है। कल शाम के आॅकड़ों के अनुसार देश में दस लाख की आबादी पर औसतन जो जांच हो रही है, उससे 22 हजार ज्यादा जांच बिहार में हुयी है। अगर किसी को लग रहा है कि कहीं कोई गड़बड़ी हुई है तो एक-एक चीजों की जांच होगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
धान अधिप्राप्ति के लिए सहकारिता विभाग द्वारा फिर से किसानों के निबंधन को लेकर हो रही परेशानी से संबंधित प्रश्न के जबाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग से कोई रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। शुरूआती समीक्षा बैठक में ही हमने निर्देष दिया था कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। जब कृषि विभाग में किसानों का रजिस्ट्रेशन पहले से है तो फिर से इसकी कोई जरूरत नहीं है। जिलाधिकारियों ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा था कि इससे धान अधिप्राप्ति में सहूलियत होगी। अगर ऐसा कोई रजिस्ट्रेशन करता है तो गलत है। अगर ऐसी कोई बात है तो हम तुरंत जानकारी लेंगे कि पुनः रजिस्ट्रेशन कराने की बात कहां से आ रही है। धान अधिप्राप्ति को लेकर कई बार समीक्षा की जा चुकी है और इसके संबंध में निर्देश भी दिए जा चुके हैं। सभी इच्छुक किसानों से धान अधिप्राप्ति करानी है। कुछ गड़बड़ियाॅ न हो इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करनी है। अधिकारियों को एक-एक चीज पर नजर रखनी है। जिलाधिकारी को नियमित अंतराल पर जाकर किसानों से मिलकर सही जानकारी हासिल करनी है ताकि धान अधिप्राप्ति ठीक ढंग से हो सके।
’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’
दिव्य रश्मि केवल समाचार पोर्टल ही नहीं समाज का दर्पण है |www.divyarashmi.com

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews