पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह मंगलवार को पिपरिया में मृतक जिला गाेरक्षा प्रमुख रवि विश्वकर्मा के घर पहुंचे और परिवार को ढांढ़स बंधाया। रवि की पांच दिन पहले पिपरिया में ही घेरकर 10 लोगों ने रॉड, लट्ठ से वार के बाद फायर कर हत्या कर दी थी। चर्चा के दौरान रवि के भाई अमित विश्वकर्मा ने दिग्विजयसिंह के समक्ष आरोप लगाया कि पिपरिया विधायक, उनके करीबियों सहित स्टेशन रोड टीआई का भाई की हत्या में हाथ है। लिखित शिकायत भी दी और निष्पक्ष जांच की मांग की। दिग्विजयसिंह ने मुलाकात के बाद कहा कि अपराध बढ़ गए हैं, यहां भी हिंदू संगठन से जुड़े व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। मृतक के भाई ने मुझे लिखकर दिया है कि इसमें विधायक ठाकुरदास नागवंशी, बलराम सिंह बैस और नवनीत सिंह नागपाल (डब्लू) का हाथ है। टीआई की भूमिका की भी संदिग्ध है क्योंकि मुख्य आरोपी तो उन्हें जन्मदिन पर मिलने जाता है और साथ फोटो खिंचा रहा है। इस मामले में एसआईटी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग डीजीपी से मिलकर करूंगा। बता दें कि रवि ने पिपरिया के कुछ नामी लाेगाें का पर्दाफाश करने की पाेस्ट साेशल मीडिया पर डाली थी और उसकी हत्या हाे गई।
परिजन को बंधाया ढांढ़स, कहा- आपको इंसाफ दिलाने के लिए लडूंगा
रवि विश्वकर्मा के भाई ने यह लगाए आराेप
शोक संवेदना व्यक्त कर रहे दिग्विजय सिंह से रवि के भाई अमित ने कहा कि उनके भाई की हत्या के पीछे पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, भाजपा नेता बलराम सिंह बैस और नवनीत सिंह नागपाल (डब्लू) शामिल हैं। स्टेशन रोड टीआई सतीश अंधवान भी हत्या के मामले में शामिल है क्योंकि एक आरोपी मुन्ना गूजर फेसबुक पर उसे जन्मदिन की बधाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री पर लगाया रेत चोरी कराने का आरोप
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने जिले सहित प्रदेश में हाे रही रेत चाेरी पर सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान पर निशाना साधा। उन्हाेंने आरोप लगाया कि पुलिस, प्रशासन के अधिकारियाें की क्या कहें खुद शिवराज सिंह चाैहान रेत चाेरी में लगे हैं। इसी लिए एनजीटी की राेक मनमाने ढंग से लागू की जा रही है। प्रदेश में रेत का खुला खेल हाे रहा है।
परिवार को भी खतरा बताया, सुरक्षा दें - इस मामले में मृतक के परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई। पूर्व सीएम ने कहा कि परिवार को खतरा है। साथ ही जो गवाह हैं, उन्हें भी सुरक्षा दी जाए ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
दिग्विजसिंह का भाजपा पर हमला - दिग्विजय सिंह ने कहा कि पुलिस भाजपा नेताओं के प्रभाव में है। रवि हत्याकांड की सही जांच कर अाराेपियाें काे सजा दिलाना होशंगाबाद पुलिस के बस की बात नहीं। मंडला में भी इसी तरह की एक हत्या हुई थी।
रवि विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर मुझ पर लगए गए आरोप झूठे हैं। मेरा कोई भी लेना देना नहीं है। क्षेत्र मे अमन-चैन कायम रहना चाहिए। रवि के भाई के लगाए गए झूठे आरोप से मुझे दुख हुआ है। आरोप निराधार हैं।
-ठाकुरदास नागवंशी, विधायक
मैं रवि के भाई को जानता भी नहीं। 5 जून 2009 को मेरे ऊपर हमला हुआ था। उस मामले में जो आरोपी थे उनमें से कुछ लोग रवि हत्याकांड के भी आरोपी हैं। यह गुंडों की आपसी लड़ाई है। रवि के परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाना चाहिए।
-बलराम सिंह बैस, भाजपा नेता
दो गुटों की आपसी लड़ाई से मेरा क्या लेना देना हो सकता है। यह जरूर है कि यह बेहद गंभीर घटना है। राजनीतिक बैरभाव में एेसे नाम घसीटना दुखद है। रवि के परिवार को सुरक्षा देनी चाहिए जिससे राजनीतिक फायदा ना उठा पाए।
-नवनीत नागपाल, भाजपा नेता
पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा करना है। जान लेना नहीं है। लगाए गए आरोप निराधार है। मेरा किसी भी अपराधी तत्वों से कोई लेना देना नहीं है। मैं इस मामले के सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा हूं।
-सतीश अंधवान, स्टेशन रोड टीआई
रवि की हत्या के मामले की जांच चल रही है। यदि मृतक के भाई ने टीअाई सतीश अंधवान का नाम लिया है ताे इसकी जांच हाेगी। यह बात अभी मेरे सामने नहीं अाई है। हत्या से जुड़े सभी अाराेपियाें काे जल्द पकड़ लिया जाएगा।
-संताेष सिंह गाैर, एसपी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/piparia/news/bhai-has-written-that-mla-bjp-leaders-hand-in-ravis-murder-digvijay-127464819.html

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews