समय के आवेदनों में खामियाँ देखें।।

समय के आवेदनों में खामियाँ देखें।।

डाॅ रामकृष्ण
धूप में परछाइयाँ आगे चला करतीं
अँधेरे में जो स्वत: प्राय: गला करतीं
देहरी के पार होते बाँझ सा अनुभव
अचंभे में डूबती कठिनाइयाँ देखें।।


दूर तक जो दिख रहा आभास जंगल का
लुप्त होता लग रहा है विश्वास मंगल का
बर्फ सा जम गया दुख का पाँव भी ऐसे
परीक्षाओं में खुली सी कापियाँ देखें।।


कहाँ जा फेंकूँ अनय का घोर पागलपन
और जीवन को चिढ़ाता सा अकेलापन
लोक धुन में बज रहे संगीत का स्वर भी
व्यंग्य करता और बजती तालियाँ देखें।।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ