देव उठे, तुलसी के आँगन में मंगल गान हुआ

देव उठे, तुलसी के आँगन में मंगल गान हुआ

देवोत्थान एकादशी एवं तुलसी विवाह पर काव्य

डॉ. अनमोल कुमार सिंह, पटना (बिहार)

कार्तिक शुक्ल एकादशी, पावन बेला आई है,
चार मास की योगनिद्रा छोड़, प्रभु ने आँखें खोली हैं।
शंखनाद से गूँज उठा नभ, घंटों की ध्वनि सुहाई,
देव उठे, तुलसी के आँगन में, मंगल शहनाई बोली है।

दीप जले हैं घर-घर में, आँगन-आँगन ज्योति सजी,
भक्ति-सुधा की धार बही, हर साँस प्रभु के नाम बजी।
व्रत, पूजा, संकल्पों से, धरती पावन हो आई,
देवोत्थान की शुभ घड़ियों में, मंगल बेला मुस्काई।

लाल चुनरिया ओढ़ तुलसी, दुल्हन बनकर इठलाती,
माथे पर सिंदूर दमकता, मेहंदी हाथों में सजती।
पायल की रुनझुन सुनकर, अम्बर भी झूम उठता,
तुलसी के पावन आँगन में, प्रेम-सुधा बरसती।

शालिग्राम बने दूल्हा, दिव्य स्वरूप मनोहारी,
विष्णु स्वयं पधारे आँगन, लेकर छवि सुखकारी।
तुलसी की हर पत्ती पर, हरित भक्ति का रंग चढ़ा,
हर कण में नारायण बसते, हर मन में श्रद्धा जागी।

गन्ने का मंडप सजता, केले के स्तंभ सुहाते,
फूलों की माला, दीपों की पंक्ति, मंगल गीत सुनाते।
धूप, दीप, नैवेद्य अर्पित, वेद-मंत्र गूँज उठते,
तुलसी-शालिग्राम विवाह के, दिव्य दृश्य मन मोहते।

माता तुलसी कन्या बनकर, मंडप में जब आती हैं,
आँखों में आनंद के आँसू, अधरों पर मुस्काती हैं।
कन्यादान के पुण्य क्षणों में, भावों की गंगा बहती,
भक्तों की श्रद्धा के आगे, स्वर्ग-सुधा भी फीकी पड़ती।

विधि-विधान से सात फेरे, मंगल सूत्र सजाया,
तुलसी ने श्रीहरि को अपना, जीवन-सर्वस्व बनाया।
धर्म, प्रेम, समर्पण की, अनुपम गाथा रचती,
भक्ति और विश्वास की, अमर ज्योति जगती।

जो श्रद्धा से व्रत रखता, तुलसी विवाह कराता,
हरि की कृपा का अमृत, अपने जीवन में पाता।
सुख-समृद्धि, शांति, सौभाग्य, उसके घर में आते,
तुलसी मैया की कृपा से, दुख-दर्द दूर हो जाते।

देव उठे, अब जग में फिर से, धर्म का दीप जलाओ,
सोए हुए सद्भाव जगाकर, प्रेम-संदेश फैलाओ।
सूने मन के आँगन में, विश्वास के फूल खिलाओ,
हर घर में सुख, हर हृदय में, मंगल ज्योति जलाओ।

हे शालिग्राम! हे तुलसी मैया! विनती यही हमारी,
कृपा-दृष्टि बरसाओ जग पर, दूर करो विपदा सारी।
प्रेम, दया, करुणा, सद्भाव, मानवता का मान बढ़े,
भारतभूमि के हर आँगन में, धर्म और संस्कार बढ़ें।

तुलसी विवाह की पावन बेला, मंगलमय हो सबकी,
हर घर में खुशियाँ बरसें, हर राह सुगम हो भक्तों की।
सुख के दीप जलें जीवन में, दुःख की रात मिट जाए,
श्रीहरि की कृपा से दुनिया, प्रेममय हो जाए।

तुलसी मैया की जय!
शालिग्राम भगवान की जय!
देवोत्थान एकादशी की जय!


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ