छोटी दिवाली की अदाएँ निराली

छोटी दिवाली की अदाएँ निराली

कुमार महेंद्र
रूप चतुर्दशी का अनुपम पर्व है,
उबटन से महके तन-मन की काया।
दर्पण में निखरे रूप सलोने,
प्रकृति ने कैसा उत्सव सजाया।
नरक चतुर्दशी का पावन संदेशा,
धर्म की विजय, अधर्म पर भारी।
छोटी दिवाली की अदाएँ निराली।।


कृष्ण ने किया नरकासुर का अंत,
बंदी जनों को मुक्ति दिलाई।
इसी शुभ तिथि पर अवधपुरी में,
अंजनीसुत के जन्म की बधाई।
बजरंगबली के जयकारों से,
गूँजे दिशाएँ सारी।
छोटी दिवाली की अदाएँ निराली।।


यमराज के निमित्त जले चौमुख दीपक,
द्वार-द्वार दीपदान की रीत।
अकाल मृत्यु का भय हरने को,
यमदेव को अर्पित श्रद्धा-प्रीत।
राजा रंतिदेव की करुण पुकार पर,
प्रभु ने हर विपदा टाली।
छोटी दिवाली की अदाएँ निराली।।


अति मनमोहक है यह बेला,
हर मन में नव उल्लास जगाए।
आओ मिलकर पर्व मनाएँ,
प्रेम-स्नेह के रंग सजाएँ।
सुख-समृद्धि आए घर-घर,
छाए खुशियों की हरियाली।
छोटी दिवाली की अदाएँ निराली।।


कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ