प्रेम और दर्शन के गीतकार थे बच्चन, सरस्वती की साक्षात विग्रह थीं मृदुला सिन्हा

प्रेम और दर्शन के गीतकार थे बच्चन, सरस्वती की साक्षात विग्रह थीं मृदुला सिन्हा

  • महान इतिहासकार और साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष थे काशी प्रसाद जायसवाल, दी गयी काव्यांजलि
पटना, २७ नवम्बर। प्रेम, उत्साह और दर्शन के महान गीतकार थे हरिवंश राय बच्चन। हिन्दी-काव्य के छायावाद-काल के उत्तरार्ध में एक नवीन और मृदुल-स्पर्श लेकर आए बच्चन जी ने, मनुष्यता को जीवन-रस प्रदान करने वाले 'प्रेम' को नई भाषा दी। उनकी रचनाओं में जीवन के प्रति अकुंठ श्रद्धा और उत्साह है। वे अपने समय के सबसे लोकप्रिय कवि थे। वहीं दूसरी ओर गोवा की राज्यपाल रह चुकीं विदुषी डा मृदुला सिन्हा का स्मरण भगवती शारदा की आराधना के समान पावन है। वो सरस्वती की साक्षात विग्रह थीं। उनकी आत्मीयता और सबके प्रति उनका स्नेह-सिक्त व्यवहार उन्हें अतिविशिष्ट बनाता था। देश के महान इतिहासकार डा काशी प्रसाद जायसवाल तो बिहार के गौरव-पुरुष ही थे । वे बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के १२वें सत्र के लिए अध्यक्ष भी चुने गए थे।

यह बातें शुक्रवार को तीनों महान विभूतियों की जयंती पर साहित्य सम्मेलन में आयोजित समारोह और कवि-सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए, सम्मेलन अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने कही। उन्होंने कहा कि, बच्चन जी की 'मधुशाला', वस्तुतः दर्शन-काव्य है। साहित्य अकादमी पुरस्कार से विभूषित बच्चन जी राज्य-सभा के भी मनोनीत सदस्य थे।

समारोह के मुख्यअतिथि और पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्त्ति मान्धाता सिंह ने कहा कि आज जिन साहित्यिक विभूतियों को हम स्मरण कर रहे हैं, वे सभी जन्मजात विशिष्ट गुणों से युक्त थीं। बच्चन जी अपने समय के सबसे लोकप्रिय कवि और मंचों के आकर्षण थे। उनकी रचनाएँ युवाओं में नूतन उत्साह भरनेवाली हैं। मृदुला जी का व्यक्तित्व बहु-आयामी था। साहित्य, राजनीति और समाजसेवा में उन्होंने अपना विशेष स्थान बनाया। काशी प्रसाद जायसवाल एक मनीषी विद्वान और इतिहासकार थे। वरिष्ठ साहित्यकार डा रत्नेश्वर सिंह, डा पुष्पा जमुआर, डा नागेश्वर प्रसाद यादव, प्रो सुनील कुमार उपाध्याय और कुमार अनुपम ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर आयोजित कवि-सम्मेलन का आरम्भ चंदा मिश्र की वाणी-वंदना से हुआ। वरिष्ठ कवि सुनील कुमार मलंग, शायरा शमा कौसर 'शमा', प्रो सुनील कुमार उपाध्याय, सदानन्द प्रसाद, चित्तरंजन लाल भारती, राजप्रिया रानी, इन्दुभूषण सहाय, दीपक कुमार बरनवाल आदि कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। मंच का संचालन कवि ब्रह्मानन्द पाण्डेय ने तथा धन्यवाद-ज्ञापन कृष्ण रंजन सिंह ने किया।

डा चंद्रशेखर आज़ाद, राम शंकर शुक्ल, रवि गुप्ता, रूबी झा, स्नेह आनन्द भगत, कुमारी डौली, अर्पित कुमार, भोला प्रसाद, सूरज कुमार, मो फ़हीम, अर्चना भारती आदि प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ