नारी शक्ति स्तंभ है मानव जात की

नारी शक्ति स्तंभ है मानव जात की

कुमार महेंद्र
उसे कोमल कहकर केवल,
तुम सीमाओं में मत बाँधो।
वह केवल मुस्काती कली नहीं,
उसके स्वप्नों को पहचानो।
तोड़ हर बेड़ी अन्यायों की,
बनती धारा नव प्रभात की।
नारी शक्ति स्तंभ है मानव जात की।।


गुलाब तो मुरझा जाता है,
कुछ पल अपनी महक बिखेरकर।
वह पीढ़ियों को सींच रही,
अपना सर्वस्व लुटाकर।
उसकी ममता में सृजन खिले,
दीप्ति है उसके स्वाभिमान की।
नारी शक्ति स्तंभ है मानव जात की।।


कभी दुर्गा, कभी महाकाली,
वक्त पड़े तो चंडी बन जाए।
अन्यायों की हर दीवारों को,
अपने साहस से ढहाए।
त्याग, तपस्या, धैर्य की प्रतिमा,
वह अमिट गाथा बलिदान की।
नारी शक्ति स्तंभ है मानव जात की।।


वह घर-आँगन भी महकाती,
नभ में अपना परचम फहराती।
उसके दृढ़ संकल्पों के आगे,
किस्मत भी शीश झुकाती।
मत रिझाओ उसे गुलाब से,
वह बागवान है इस कायनात की।
नारी शक्ति स्तंभ है मानव जात की।।


कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ