जागेश्वर, सोमेश्वर और नंदा देवी मंदिरों में हिंदू राष्ट्र की कामना के साथ विशेष पूजा-अर्चना

जागेश्वर, सोमेश्वर और नंदा देवी मंदिरों में हिंदू राष्ट्र की कामना के साथ विशेष पूजा-अर्चना

  • सनातन धर्म के मान-बिंदुओं की रक्षा के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, सनातन ध्वज लगाने की अपील

अल्मोड़ा (उत्तराखंड)। उत्तराखंड की पावन देवभूमि में हिंदू राष्ट्र की स्थापना की कामना और सनातन धर्म के मान-बिंदुओं की रक्षा के संकल्प के साथ जागेश्वर, सोमेश्वर एवं नंदा देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और हिंदू समाज की एकजुटता का संकल्प लिया।

पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य, गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर महाराज के शिष्य एवं ब्राह्मण भूषण डॉ. प्रेमचंद्र झा, अधिवक्ता ने प्रसिद्ध जागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर, सोमेश्वर महादेव मंदिर तथा अल्मोड़ा स्थित मां नंदा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने हिंदू राष्ट्र भारत की स्थापना की कामना करते हुए देश की सनातन परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान डॉ. प्रेमचंद्र झा ने गोवर्धन मठ, पुरी से पूज्य शंकराचार्य जी महाराज के मार्गदर्शन में संचालित सनातन धर्म के मान-बिंदुओं की रक्षा के अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक सनातनी का नैतिक और सांस्कृतिक कर्तव्य है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से विशेष आग्रह किया कि जिस प्रकार प्रत्येक भारतीय अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान देता है, उसी प्रकार अपने घरों एवं मंदिरों में सनातन ध्वज भी स्थापित करें। उनका कहना था कि सनातन ध्वज हमारी प्राचीन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गोवर्धन मठ पुरी से संचालित इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा सनातन धर्म के मान-बिंदुओं की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस धार्मिक आयोजन में श्री विनोद भट्ट, अम्मा दत्त तिवारी, बंशीधर जोशी, पंडित तारा दत्त जोशी, पंडित बसंत भट्ट, पीयूष पांडे सहित अनेक श्रद्धालु एवं सनातन धर्मावलंबी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान 'हम भारत भव्य बनाएंगे, हम हिंदू राष्ट्र बनाएंगे' तथा 'हर-हर महादेव' के जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो उठा। श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति की प्रतिष्ठा, संरक्षण और प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।हर-हर महादेव!
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ