महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती पर संविधान की प्रस्तावना और लोकतांत्रिक नैतिकता पर हुआ मंथन

- कामेश्वर सिंह स्मृति व्याख्यान में पूर्व कुलपति प्रो. समीर कुमार दास ने कहा-लोकतंत्र केवल चुनावी बहुमत नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित नैतिक समुदाय है
दरभंगा, 28 नवम्बर 2026। महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह कल्याणी फाउंडेशन के तत्वावधान में कामेश्वर सिंह स्मृति व्याख्यान का भव्य आयोजन कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के दरबार हॉल में किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इस बौद्धिक समारोह में राजनीति विज्ञान के प्रख्यात विद्वान एवं उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय, सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के पूर्व कुलपति प्रो. समीर कुमार दास ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक नैतिकता और राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपना सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवती वंदना से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। फाउंडेशन के कार्यपालक पदाधिकारी श्री श्रुतिकर झा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए फाउंडेशन के प्रथम न्यासी स्वर्गीय प्रो. हेतुकर झा के योगदान को स्मरण किया और उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने इसी वर्ष दिवंगत हुईं महारानी कामसुंदरी देवी साहिबा को भी श्रद्धापूर्वक याद करते हुए इस ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक संस्थान के सुचारू संचालन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
फाउंडेशन के न्यासी पं. रामचंद्र झा एवं डॉ. जे. के. सिंह ने मुख्य वक्ता प्रो. समीर कुमार दास तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय को पाग एवं दुपट्टा प्रदान कर सम्मानित किया। प्रो. रामचंद्र झा ने फाउंडेशन की ओर से अतिथियों का अभिनंदन करते हुए दरभंगा के ऐतिहासिक गौरव और महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के शैक्षणिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महेश ठाकुर ने अपनी विद्वता के बल पर दरभंगा राज की स्थापना की थी। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह ने लक्ष्मी विलास पैलेस को संस्कृत शिक्षा एवं ज्ञान के प्रसार के लिए समर्पित कर संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लोकतंत्र चुनावी बहुमत से कहीं अधिक व्यापक : प्रो. समीर कुमार दास
मुख्य वक्ता प्रो. समीर कुमार दास ने अपने व्याख्यान में भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित 'हम भारत के लोग' की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए कहा कि यह केवल संवैधानिक शब्दावली नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित एक नैतिक समुदाय की संकल्पना है। संविधान निर्माताओं ने लोकतंत्र को केवल चुनावी बहुमत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सामाजिक समावेश, राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मर्यादा और लोकतांत्रिक नैतिकता की व्यापक व्यवस्था के रूप में विकसित किया।
उन्होंने कहा कि भारत का ऐतिहासिक और सामाजिक स्वरूप अनेक विविधताओं, अंतर्विरोधों तथा आंतरिक प्रतिरोधों से गुजरता रहा है। इसके बावजूद राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों के आंदोलनों, देश विभाजन की त्रासदी, नागा प्रतिरोध और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोकप्रिय संप्रभुता और संवैधानिक प्राधिकार के बीच संतुलन स्थापित करना भारतीय लोकतंत्र की बड़ी चुनौती और आवश्यकता है।
प्रो. दास ने कहा कि संविधान निर्माताओं का उद्देश्य ऐसा बौद्धिक एवं संस्थागत तंत्र विकसित करना था, जो लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संवैधानिक नैतिकता को मजबूत करे। डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 'हम भारत के लोग' को एक नैतिक समुदाय के रूप में समझना होगा, जहां जाति, धर्म और विभिन्न सामाजिक हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दी जाए। लोकतंत्र की सफलता के लिए स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों के प्रति वास्तविक प्रतिबद्धता आवश्यक है।
उन्होंने वर्ष 2020 में केंद्र सरकार द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को कानून बनाने और उनमें संशोधन करने का अधिकार है, लेकिन ऐसे निर्णयों में व्यापक जनहित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कानूनों में परिवर्तन केवल चुनावी बहुमत की राजनीति से प्रेरित न होकर लोकप्रिय हित और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि चुनावी बहुमत से ऊपर उठकर जनकल्याणकारी सुधारों और सामाजिक स्वीकार्यता को महत्व देना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।
संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य राज्य को ऐसी दिशा प्रदान करना है, जिससे नागरिकों के मौलिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता और स्वतंत्रता की रक्षा हो सके। संविधान की सर्वोच्चता बनाए रखना और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का संरक्षण करना लोकतांत्रिक शासन की बुनियादी जिम्मेदारी है।
प्रो. दास ने कहा कि भारत की विविध धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को साथ लेकर चलना ही संवैधानिक नैतिकता की वास्तविक कसौटी है। विभिन्न समुदायों के बीच ऐतिहासिक अंतर्विरोधों के बावजूद आपसी सहयोग और संवैधानिक प्रतिबद्धता के आधार पर समुन्नत भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि संविधान सभा के महत्वपूर्ण सदस्य रहे महाराजाधिराज सर कामेश्वर सिंह की स्मृति में आयोजित इस व्याख्यान में अपने विचार रखने का अवसर मिला। उन्होंने दरभंगा को बिहार की सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए यहां आकर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।
भारतीय परंपरा और सांस्कृतिक विरासत समाज की शक्ति : प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी प्राचीन परंपराओं, सामाजिक समरसता और सह-अस्तित्व की भावना में निहित है। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित विभिन्न समुदाय सदियों से इस देश में साथ रहते आए हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की अपनी विशिष्ट सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक परंपराएं रही हैं। यहां सामाजिक परिवर्तन और सौहार्द की प्रक्रिया यूरोप की तरह हिंसक क्रांतियों के माध्यम से नहीं, बल्कि ज्ञान, आचार-विचार और पारंपरिक सामाजिक संतुलन के माध्यम से भी विकसित होती रही है। संविधान आधुनिक भारत के लिए एक आवश्यक बौद्धिक एवं संस्थागत आधार है, लेकिन भारतीय समाज की सांस्कृतिक चेतना और पारंपरिक ज्ञान को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
प्रो. पाण्डेय ने चिंता व्यक्त की कि बढ़ते व्यावसायीकरण और बाजार आधारित सामाजिक व्यवस्था के कारण अनेक नई चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी विरासत को स्वीकार करें, उसका संरक्षण करें और पारंपरिक ज्ञान को सामाजिक विकास से जोड़ें। उन्होंने कहा कि समाज को विखंडित करके विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। भारतीय संस्कृति का 'वसुधैव कुटुम्बकम्' का आदर्श संपूर्ण मानवता को एक परिवार के रूप में देखने की प्रेरणा देता है।
महापुरुषों के योगदान को स्मरण करने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के न्यासी डॉ. जे. के. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने मुख्य वक्ता प्रो. समीर कुमार दास के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह के राष्ट्र, शिक्षा, संस्कृति और समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया। साथ ही भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों की भूमिका को नमन किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, विद्वानों, शिक्षाविदों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया।
महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह की जयंती पर आयोजित यह स्मृति व्याख्यान न केवल उनके शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक योगदान के प्रति श्रद्धांजलि का अवसर बना, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, संविधान की आत्मा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता जैसे समसामयिक विषयों पर गंभीर वैचारिक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच भी सिद्ध हुआ।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें|
हमारे फेसबुक पेज से जुड़े
https://www.facebook.com/divyarashmimag
हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें
https://www.youtube.com/divyarashminews
हमें ट्विटर पर फॉलो करे :-
https://x.com/DivyaRashmi8
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews