बिहार में शुरू हुई ‘डाकपे साउंड बॉक्स’ सेवा, अब भुगतान मिलते ही दुकानदारों को सुनाई देगी आवाज

- पटना में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने किया सेवा का शुभारंभ, बिहार के 3.11 लाख से अधिक व्यापारी इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से जुड़े
पटना, 31 अक्टूबर 2026। बिहार में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। व्यापारियों को यूपीआई भुगतान प्राप्त होने की तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘डाकपे साउंड बॉक्स’ सेवा का बिहार में पटना से शुभारंभ किया जा रहा है। बिहार परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (CPMG) सुश्री शशि शालिनी कुजूर द्वारा इस सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है।
इस नई सुविधा से अब दुकानदारों और व्यापारियों को डिजिटल भुगतान प्राप्त होते ही साउंड बॉक्स के माध्यम से आवाज सुनाई देगी। इससे उन्हें प्रत्येक लेन-देन के बाद अपने मोबाइल फोन पर भुगतान की स्थिति देखने अथवा बार-बार बैंक खाते की जांच करने की आवश्यकता नहीं होगी। भुगतान की तत्काल आवाज आधारित पुष्टि से व्यापारियों को कारोबार संचालित करने में सहूलियत मिलेगी और डिजिटल लेन-देन के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत होगा।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने बिहार में डिजिटल बैंकिंग और भुगतान सेवाओं के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक कुल 3,11,770 व्यापारियों को ऑनबोर्ड किया जा चुका है। इनमें अकेले पटना के 16,201 व्यापारी शामिल हैं। यह आंकड़ा राज्य में डिजिटल भुगतान प्रणाली के प्रति व्यापारियों के बढ़ते रुझान और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं को अपनाने की दिशा में हो रहे प्रयासों को दर्शाता है।
फिलहाल डाकपे साउंड बॉक्स सेवा की शुरुआत पटना में की जा रही है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बिहार के अन्य जिलों एवं क्षेत्रों के व्यापारियों तक भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के छोटे-बड़े कारोबारी इसका लाभ उठा सकें।
कम लागत में आधुनिक डिजिटल भुगतान सुविधा
व्यापारियों की सुविधा और आर्थिक सामर्थ्य को ध्यान में रखते हुए डाकपे साउंड बॉक्स की शुल्क संरचना भी किफायती रखी गई है। इसके लिए एकमुश्त इंस्टॉलेशन शुल्क 299 रुपये + जीएसटी निर्धारित किया गया है, जबकि मासिक किराया 99 रुपये + जीएसटी होगा।
इस सेवा में सक्रिय डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रियायत का भी प्रावधान किया गया है। निर्धारित शर्तों के अधीन यदि कोई व्यापारी अपने क्यूआर कोड के माध्यम से एक महीने में 500 या उससे अधिक इनवर्ड यूपीआई लेन-देन प्राप्त करता है, तो उसके मासिक किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जा सकती है। वहीं, एक महीने में 1,000 या उससे अधिक इनवर्ड यूपीआई लेन-देन प्राप्त करने वाले व्यापारियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार मासिक किराये में पूरी छूट मिल सकती है।
छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक को लाभ
डाकपे साउंड बॉक्स की सुविधा छोटे दुकानदारों, किराना व्यवसायियों, खुदरा व्यापारियों, मेडिकल स्टोर संचालकों, रेस्तरां तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकती है। व्यस्त कारोबारी समय में जब दुकानदार ग्राहकों को सामान देने अथवा अन्य कार्यों में व्यस्त रहते हैं, तब भुगतान प्राप्त होते ही साउंड बॉक्स से मिलने वाली आवाज उन्हें तत्काल सूचना देगी।
इससे भुगतान की पुष्टि करना आसान होगा और लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही, नकद राशि के प्रबंधन पर निर्भरता कम करने तथा ग्राहकों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने में भी यह सुविधा सहायक बनेगी।
डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क से डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का उद्देश्य भारतीय डाक के व्यापक नेटवर्क और आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए देश के दूर-दराज के क्षेत्रों तक बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान सुविधाएं पहुंचाना है। डाक विभाग की व्यापक पहुंच के कारण इस प्रकार की पहल छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण बाजारों के व्यापारियों को भी डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बिहार में डाकपे साउंड बॉक्स सेवा का शुभारंभ राज्य में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने, व्यापारियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने तथा कैशलेस लेन-देन की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले दिनों में अन्य जिलों में इस सेवा का विस्तार होने से डिजिटल भुगतान का दायरा और व्यापक होने की उम्मीद है।
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews