NSS युवाओं में सेवा, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : श्रवण कुमार, मंत्री, बिहार सरकार
- राज्य स्तरीय (बिहार एवं झारखण्ड) राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन–2026 का शुभारंभ
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), क्षेत्रीय निदेशालय, पटना द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय (बिहार एवं झारखण्ड) राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन–2026 का शुभारंभ सोमवार को ए.एन. कॉलेज, पटना के सभागार में हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन में बिहार एवं झारखण्ड के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 300 कार्यक्रम समन्वयक, कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राचार्यगण, स्वयंसेवक एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने तथा समाज में स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
श्री कुमार ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, लोहिया स्वच्छता अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’, जल-जीवन-हरियाली एवं सात निश्चय जैसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी अभियानों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि NSS स्वयंसेवक इन अभियानों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा सामूहिक जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम का स्वागत संबोधन ए.एन. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने किया। उन्होंने बिहार एवं झारखण्ड से आए अतिथियों, कार्यक्रम समन्वयकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में NSS की भूमिका पर प्रकाश डाला।
MY Bharat बिहार के राज्य निदेशक कपिल देव राम ने युवाओं को MY Bharat के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के निदेशक विकास कुमार ने युवाओं के कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े अवसरों पर प्रकाश डाला। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अबू बकर ने NSS की सामाजिक एवं शैक्षणिक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं से समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
सम्मेलन का उद्देश्य : NSS गतिविधियों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाना
क्षेत्रीय निदेशालय, NSS, पटना द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बिहार एवं झारखण्ड में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता में वृद्धि के लिए आवश्यक विचार-विमर्श करना है। इसके साथ ही सामुदायिक सेवा, युवाओं की नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति, अनुभवों के आदान-प्रदान, संस्थागत समन्वय, स्वयंसेवकों की सहभागिता, उत्कृष्ट कार्य-पद्धतियों तथा सामुदायिक सेवा के अनुभवों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
NEP-2020 के अनुरूप NSS को और प्रभावी बनाने पर जोर
सम्मेलन के तकनीकी सत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के अनुरूप NSS के नए सिलेबस एवं कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस सत्र में डॉ. मुन्नीदार कुमार सिंह रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने NEP-2020 के संदर्भ में NSS की बदलती भूमिका, युवाओं के समग्र व्यक्तित्व एवं नेतृत्व विकास तथा शिक्षा को सामुदायिक सेवा से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया।
डॉ. मुन्नीदार कुमार सिंह ने NSS कार्यक्रमों को शिक्षा, कौशल, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जोड़कर अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया। सत्र के दौरान कार्यक्रम समन्वयकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों ने विषय से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की तथा NSS की गतिविधियों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विचार एवं सुझाव साझा किए।
NSS के संगठन एवं संरचना पर दूसरे सत्र में चर्चा
सम्मेलन के दूसरे सत्र में दीपक कुमार, पूर्व कार्यक्रम सलाहकार, NSS ने रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के संगठन एवं संरचना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने NSS के संगठनात्मक स्वरूप, विभिन्न स्तरों पर इसकी कार्यप्रणाली तथा कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में संबंधित पदाधिकारियों एवं इकाइयों की भूमिका के संबंध में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
युवा नेतृत्व एवं कार्यक्रम प्रबंधन पर भी हुआ मंथन
सम्मेलन में युवा नेतृत्व, प्रभावी कार्यक्रम प्रबंधन, डिजिटल गवर्नेंस, My Bharat Portal, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं की सामाजिक सहभागिता एवं सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की गई।
सम्मेलन में साझा किए जा रहे अनुभवों एवं बेहतर कार्यप्रणालियों का उद्देश्य NSS की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुख एवं समाज-केंद्रित बनाना है। आगामी VBYLD-2027 सहित राष्ट्रीय युवा कार्यक्रमों में युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़ने पर भी चर्चा की गई।
NSS को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य : विनय कुमार
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना, क्षेत्रीय निदेशालय, पटना के क्षेत्रीय निदेशक श्री विनय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, सभी विशिष्ट एवं सम्मानित अतिथियों, बिहार एवं झारखण्ड के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए कार्यक्रम समन्वयकों, कार्यक्रम पदाधिकारियों तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए कहा कि बिहार एवं झारखण्ड में राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों को नई ऊर्जा एवं प्रभावशीलता प्रदान करना, NSS के कार्यक्रम समन्वयकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना तथा युवाओं को सेवा, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन अनुभवों के आदान-प्रदान एवं बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से NSS की गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी अभियानों में युवाओं की सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। NSS के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा की भावना विकसित करने और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सम्मेलन में प्राप्त विचारों एवं सुझावों को आगामी NSS गतिविधियों में प्रभावी रूप से लागू करने पर बल दिया।
दो दिवसीय सम्मेलन में विविध सत्रों का आयोजन
क्षेत्रीय निदेशालय की आधिकारिक सूचना के अनुसार सम्मेलन का उद्घाटन सत्र 21 सितम्बर 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे तथा समापन समारोह 22 सितम्बर 2026 को अपराह्न 1:00 बजे ए.एन. कॉलेज, पटना के सभागार में आयोजित किया जा रहा है। दोनों दिनों में NSS से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न सत्र एवं विचार-विमर्श आयोजित किए जा रहे हैं।
दो दिवसीय राज्य स्तरीय (बिहार एवं झारखण्ड) NSS सम्मेलन–2026 का आयोजन 21 एवं 22 सितम्बर 2026 को ए.एन. कॉलेज, पटना में किया जा रहा है।
आयोजक : राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), क्षेत्रीय निदेशालय, पटना, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार



0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews