Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

25 सितंबर को एक करोड़ कंठों से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

25 सितंबर को एक करोड़ कंठों से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

  • ‘नमामि भारतम्’ के तहत देशभर में सुबह 11 बजे होगा राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन, बिहार में भी व्यापक तैयारियां
पटना। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को देशभक्ति और राष्ट्रभावना का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिलेगा। ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत देशभर के लाखों स्थानों पर सुबह 11 बजे एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में एक करोड़ से अधिक लोगों के एक साथ स्वर मिलाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को लेकर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ने अपनी तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है।

पटना स्थित विद्या भारती बिहार के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्या भारती बिहार क्षेत्र के संगठन मंत्री ख्यालीराम जी ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ केवल एक सामूहिक गायन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को जब देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ करोड़ों कंठों से ‘वंदे मातरम्’ का स्वर गूंजेगा, तो यह मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का सामूहिक संदेश बनेगा।

उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती द्वारा संचालित लगभग 25 हजार विद्यालय इस ऐतिहासिक अभियान के प्रमुख केंद्र होंगे। इन विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग 30 लाख विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक सामूहिक गायन में सहभागी बनेंगे। इसके अतिरिक्त विद्या भारती से जुड़े लगभग 25 लाख पूर्व छात्रों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है।

‘नमामि भारतम्’ को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी


ख्यालीराम जी ने बताया कि कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं व्यापक स्वरूप देने के लिए उत्तर बिहार प्रांत सहित देशभर के सभी जिलों में विशेष समितियों का गठन किया गया है। विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और समाज के अन्य वर्गों को भी इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय राष्ट्रीय चेतना का एक महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। इसके 150 वर्ष पूरे होने का अवसर देशवासियों के लिए अपनी सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ने का अवसर है। 25 सितंबर को एक साथ होने वाला सामूहिक गायन देश की विविधता में एकता की भावना को भी अभिव्यक्त करेगा।

दक्षिण बिहार में 1030 स्थानों पर गूंजेगा राष्ट्रगीत


पत्रकार वार्ता में भारती शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने दक्षिण बिहार प्रांत में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में लगभग 1030 स्थानों पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दक्षिण बिहार में लगभग पांच लाख लोगों को इस सामूहिक गायन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विद्यालयों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से भी संपर्क किया जा रहा है। आयोजन को केवल विद्यालय परिसर तक सीमित न रखते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए संबंधित विद्यालयों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम के आयोजन, सहभागियों की भागीदारी और सामूहिक गायन को लेकर आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।

राष्ट्रभावना के सामूहिक स्वर का बनेगा अवसर

‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से 25 सितंबर को देश के विभिन्न हिस्सों में एक ही समय राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन अपने आप में व्यापक जनभागीदारी का अवसर होगा। विद्या भारती का प्रयास है कि विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पूर्व छात्र और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग इस अभियान में सहभागी बनें।

पत्रकार वार्ता में विद्या भारती बिहार के सोशल मीडिया प्रमुख ओमप्रकाश कुमार, प्रांतीय कार्यालय प्रमुख रामचंद्र आर्य एवं मीडिया समन्वयक मनोज कुमार उपस्थित रहे।25 सितंबर को सुबह 11 बजे जब देश के अलग-अलग स्थानों से एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का स्वर उठेगा, तब ‘नमामि भारतम्’ अभियान राष्ट्रगीत के 150 वर्षों की यात्रा को सामूहिक स्मरण और जनभागीदारी के एक बड़े अवसर के रूप में प्रस्तुत करेगा।


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ