एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप युवाओं के लिए उपयोगी- डॉ रत्ना अमृत

पटना - बी.डी. कॉलेज, पटना में एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप के सहयोग से एक पूर्व-नियोजन संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को करियर, इंटर्नशिप, सामाजिक नेतृत्व तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की संरक्षक महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. रत्ना अमृत रहीं। उन्होंने अपने उद्घाटन संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव, सामाजिक भागीदारी और कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। ऐसे फेलोशिप कार्यक्रम युवाओं को न केवल रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें समाज के लिए कार्य करने की दृष्टि भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. मोहम्मद अली उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय तथा एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप के बीच सफलतापूर्वक समझौता होने के बाद यह अवसर पूरे विश्वविद्यालय के छात्र/छात्राओं के लिए पूरी तरह से खुल चुका है।
उन्होंने कहा कि यह अवसर विद्यार्थियों को एक नई दिशा में आगे बढ़ने और सीखने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा, जहाँ छात्र बिहार से बाहर अन्य राज्यों में जाकर फेलोशिप पूर्ण कर सकेंगे। यह पहल विद्यार्थियों के लिए सामाजिक नेतृत्व, क्षेत्रीय अनुभव तथा करियर निर्माण के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
कार्यक्रम के संयोजक तथा महाविद्यालय के प्लेसमेंट टीम की ओर से डॉ. स्वर्णा कुमार (प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर), डॉ. सीमा कुमारी एवं डॉ. सुधीर कुमार (सदस्य, प्लेसमेंट सेल) ने कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, फील्ड वर्क तथा कौशल आधारित अवसरों को बढ़ावा देना आवश्यक है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
महाविद्यालय के एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी श्री विशाल विजय की भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसबीआई यूथ फॉर इंडिया फेलोशिप की ओर से उपस्थित प्रतिनिधि जैद अंसार ने फेलोशिप की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह फेलोशिप युवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण, कृषि विकास, डिजिटल साक्षरता जैसे क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर देती है। साथ ही उन्होंने आवेदन प्रक्रिया, चयन प्रक्रिया, मासिक सहयोग राशि एवं फेलोशिप के लाभों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के कई वरिष्ठ शिक्षकगण भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. रवि कुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. राहुल अमृतराज, डॉ. विजय मीना, डॉ. दीपिका कुमारी तथा डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य शिक्षकगण सम्मिलित थे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में प्रेम यूथ फाउंडेशन की ओर से श्री प्रेम कुमार भी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने फेलोशिप से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के करियर उन्मुख, कौशल विकास तथा फेलोशिप जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews