“नारी तू नारायणी” -महिला दिवस पर नारी शक्ति का सम्मान

पटना। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर आर.सी. सेंट्रल स्कूल, ए.जी. कॉलोनी, पटना के तत्वावधान में एक भव्य नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सुविख्यात शिक्षाविद्, समाजसेविका एवं राष्ट्र सेविका समिति, दक्षिण बिहार प्रांत की सह कार्यवाहिका श्रीमती निवेदिता सिन्हा के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती अमृता सिन्हा ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय श्रीमती सविता कुमारी ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए शिक्षिका श्रीमती गुंजा सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस नारी शक्ति के सम्मान और उसके योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नारी केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता से नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रही है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती निवेदिता सिन्हा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। नारी कभी माता, बहन, पत्नी और बेटी के रूप में परिवार और समाज की आधारशिला बनती है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी को “नारी तू नारायणी” के रूप में सम्मानित किया गया है। नारी जब अपने सामर्थ्य और संस्कारों के साथ आगे बढ़ती है, तो वह दुर्गा, सरस्वती, काली और लक्ष्मी के स्वरूप में समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है और श्रेष्ठतम परिणाम लाती है।
समारोह के दौरान समाज जीवन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती रचना झा, श्रीमती निशा कुमारी, सुश्री काजल कुमारी, श्रीमती ज्योति कुमारी एवं श्रीमती सविता कुमारी प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम की विधिवत समाप्ति की घोषणा की गई।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews