पटना में ‘सबका सम्मान - जीवन आसान’ निश्चय के तहत सेवा - संवाद - समाधान प्रणाली प्रभावी, आमजन संतुष्ट

पटना।
जिला पदाधिकारी, पटना द्वारा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा–संवाद–समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत दिनांक 19 जनवरी 2026 से अधिकारियों द्वारा आम जनता से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनने एवं विधिवत समाधान की कार्रवाई की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त दिशा–निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी नगर निकायों, तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों के अभियंताओं और अधिकारियों पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को हर समय सजग एवं तत्पर रहना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार प्रत्येक सप्ताह दो कार्यदिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में आम लोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों से उनके निर्धारित कार्यालय कक्ष में मिल रहे हैं। नागरिकों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिन पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इससे आम जनता में संतोष का भाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि आगंतुक नागरिक न केवल अपनी समस्याएँ रख रहे हैं, बल्कि कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दे रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन सुझावों पर जनहित में विचार कर आवश्यक निर्णय लिए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल मामलों का निष्पादन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम जनता की संतुष्टि सर्वोपरि है। सभी प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करते हुए शिकायतों का शत-प्रतिशत निवारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप जिला प्रशासन, पटना द्वारा पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व को और सुदृढ़ करने के लिए समय-समय पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि आम जनता को सरकारी कार्यालयों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और उनका जीवन वास्तव में आसान बन सके।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com