श्रम संसाधन मंत्री ने बीओसीडब्ल्यू का नया पोर्टल किया लॉन्च

- श्रम कल्याण योजनाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में बड़ा कदम
- पारदर्शिता, सुविधा और सशक्तिकरण हमारा लक्ष्य : मंत्री
पटना, 8 जुलाई*
बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) के नये डिजिटल पोर्टल (https://bocwscheme.bihar.gov.in) का उद्घाटन मंगलवार को दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान, पटना में श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने किया।
इस मौके पर मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस नूतन पोर्टल के माध्यम से अब बिहार के लाखों श्रमिक बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की 16 कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी, ऑनलाइन पंजीकरण, नवीकरण, सहायता के लिए आवेदन और आवेदन की स्थिति की रीयल टाइम ट्रैकिंग की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यह पोर्टल तकनीक के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो श्रमिकों और सरकार के बीच की दूरी को खत्म करेगा और प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाएगा।
इसके साथ ही बताया कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के मौके पर जनेवा में बिहार की श्रम योजनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया था, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहा गया। उन्होंने बिहार के लिए गर्व का पल बताया और कहा कि राज्य सरकार लगातार श्रमिक हितों की रक्षा और संवर्धन के लिए प्रयासरत है।
श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की सभी 16 योजनाएं अब नए पोर्टल के माध्यम से तेजी और सुगमता से लागू की जाएं, जिससे अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को लाभ मिल सके। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर श्रमिकों को जागरूक करने और पोर्टल के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने का भी निर्देश दिया और कहा कि यह पोर्टल न केवल तकनीकी नवाचार है बल्कि श्रमिकों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर विभाग के विशेष सचिव आलोक कुमार, श्रम संसाधन विभाग, बोर्ड सचिव सुनील कुमार यादव, श्रमायुक्त राजेश भारती, संयुक्त श्रमायुक्त विजय कुमार, संयुक्त सचिव राजीव रंजन, इंडियन बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक विवेक, उपमहाप्रबंधक अमन कुमार झा और रुचिर कुमार सिन्हा के साथ-साथ विभाग के अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com