अपने मूलांक के अनुसार जाने कैसा रहेगा वर्ष 2022

अपने मूलांक के अनुसार जाने कैसा रहेगा वर्ष 2022

नमः शिवाय !!
लेखक रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।
दिव्य रश्मि पत्रिका के सभी पाठकों को दिव्य रश्मि पत्रिका परिवार की तरफ से ईसाई नववर्ष 2022 की हार्दिक शुभकामनाएं।

अंग्रेजी तिथि के अनुसार 1 जनवरी से नया वर्ष आरंभ होता है। जबकि हिंदू पंचांग अर्थात हिंदू कैलेंडर से विशेष रुप से विक्रम संवत का आरंभ चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से होता है। जिस तरह अंग्रेजी कैलेंडर तारीख से चलती है । उसी तरह हिंदू पंचांग अर्थात हिंदू कैलेंडर तिथियों से चलती है। उदाहरण के तौर पर प्रतिपदा द्वितीय तृतीय चतुर्थी पंचमी इत्यादि।
राजा विक्रमादित्य ने हिंदू पंचांग अर्थात हिंदू कैलेंडर की शुरुआत संवत के रूप में किया था जिसे हम विक्रम संवत के नाम से जानते हैं। वर्तमान में विक्रम संवत 2078 चल रहा है। कालांतर में राजा शालिवाहन ने शक संवत के रूप में एक और हिंदू कैलेंडर का आरंभ किया था जो वर्तमान में शक संवत्सर 1943 चल रहा है।
अंग्रेजी कैलेंडर इसवी सन 2022 का फलादेश इस वर्ष 1 से लेकर 9 मूलांक वालों के लिए कैसा रहेगा आइए जानते हैं।
अंक शास्त्र अंग्रेजी तारीख के आधार पर अपना प्रभाव देता है अर्थात 1 से लेकर 9 नंबर तक एकल नंबर मतलब सिंगल डिजिट होता है। उसके बाद पुनः अगर 10 तारीख की बात करें तो एक और 0 मिलकर पुनः एक हो जाता है 11 तारीख एक और एक जोड़ कर दो हो जाता है 12 तारीख एक और दो जोड़कर तीन हो जाता है।
इसवी सन 2022 इसका एकल नंबर 6 होता है। 6 नंबर का स्वामी शुक्र को माना गया है। अर्थात वर्ष 2022 शुक्र का वर्ष माना जाएगा। यह वर्ष लगभग सभी के लिए शुभ रहेगा। सारी दुनिया में खुशियां प्रसन्नता और सफलता बनी रहेगी। लगभग सभी की आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। क्योंकि ब्रह्मांड में बृहस्पति और शुक्र को सबसे शुभ ग्रह माना गया है । जब बृहस्पति और शुक्र किसी भी वर्ष के अधिपति बनते हैं तो वह वर्ष पूरे संसार के लिए शुभ रहता है।
ठीक उसी प्रकार मूलांक 4 के अधिपति राहु और मूलांक 8 के अधिपति शनि देव को माना गया है। जब जब राहु और शनि का वर्ष आता है तब तब संसार में कुछ न कुछ अशुभ घटनाएं घटित होती हैं। भारी मात्रा में धन जन की हानि होती है ।बड़ी बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं। विशेष रुप से राहु को सर्वाधिक पाप ग्रह और अशुभ ग्रह माना गया है। जिसके कारण राहु जिस वर्ष के अधिपति होते हैं उस वर्ष पूरी दुनिया में नीरसता छा जाती है और भारी मात्रा में धन जन की हानि होती है। आकस्मिक रोग, संक्रामक रोग और बड़ी बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं।
इसवी सन 2020 इसका सबसे बड़ा उदाहरण है उस वर्ष के अधिपति भी राहु थे और सबको पता है कि कोरोना के संक्रमण से पूरी दुनिया में बेहिसाब धन जन की हानि हुई। पूरी दुनिया तबाही के दौर से गुजर रही थी सन 2021 में भी इस तरह की दुर्घटनाएं देखी गई क्योंकि 2021 के अधिपति बुध ग्रह थे और बुध ग्रह को नपुंसक माना गया है। अर्थात बुध जिस ग्रह के प्रभाव में होते हैं उसके अनुसार फल देते हैं। यदि पाप ग्रह के साथ हो तो पाप ग्रह के समान फल देते हैं। यदि शुभ ग्रह के साथ हो तो शुभ ग्रहों के अनुसार फल देते हैं।
किंतु 2022 के अधिपति शुक्र ग्रह होने के कारण पूरे संसार में खुशियां देखने को मिलेगी। सभी प्रकार के रोगों से छुटकारा और सब की उन्नति और तरक्की होगी। शुक्र अत्यंत शुभ ग्रह है जिसके कारण लगभग सब की उन्नति और तरक्की होगी।
प्रत्येक मूलांक का दूसरे अंकों के साथ अलग-अलग संबंध होता है। मित्र, शत्रु अथवा समता का प्रभाव लिए हुए संबंध होता है। आइए जानते हैं प्रत्येक मूलांक के लिए वर्ष 2022 कैसा रहेगा।
मूलांक 1: मूलांक 1 वालों के लिए 2022 खुशियों भरा रहेगा‌ मनचाही सफलता मिलेगी। लगभग सभी कार्य समय के अनुसार सही तरीके से बनते चले जाएंगे । घर परिवार और नौकरी में सफलता मिलेगी। विशेष रूप से रोजगार के क्षेत्र में, नौकरी के क्षेत्र में मनचाही सफलता मिलेगी। मूलांक 1 वालों के लिए नंबर 6 शत्रु नंबर माना जाता है। किंतु सूर्य ग्रहों के राजा हैं जिसके कारण 6 मूलांक होते हुए भी 2022 मूलांक एक वालों के लिए शुभ रहेगा।
वर्ष 2022 एक मूलांक के लिए शत्रु नंबर होने के कारण थोड़ा सा अभिमान भी पैदा करेगा। एक वालों को अपने अभिमान पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। विशेष रूप से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें । क्योंकि इस वर्ष हाई ब्लड प्रेशर और हड्डियों से संबंधित रोग की संभावना रहेगी। सूर्य भगवान को प्रतिदिन अर्घ्य दें।शुक्र के मंत्रों का जाप करें।
मूलांक 2 : मूलांक 2 वालों के लिए वर्ष 2022 अत्यधिक शुभ वर्ष होगा । सर्वाधिक शुभ फल मूलांक 2 वालों को ही प्राप्त होगा। क्योंकि 2022 में 3 बार 2 का अंक आया है अर्थात बहुत ही मजबूत स्थिति में मूलांक 2 वालों का यह वर्ष होगा। मूलांक 2 के स्वामी चंद्रमा है और मूलांक 6 के स्वामी शुक्र होते हैं। चंद्रमा और शुक्र का यह महामिलन मूलांक 2 वालों के लिए एक वरदान साबित होगा। कला, संगीत, साहित्य, मीडिया, फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले सभी लोगों के लिए वर्ष 2022 स्वर्णिम वर्ष कहलाएगा। एक तरह से पिछले 12 वर्षों के बाद इस वर्ष इन्हें सर्वाधिक लाभ प्राप्त होगा।
जीवन की लगभग सभी इच्छाएं इस वर्ष पूरी हो जाएंगी। विशेष रुप से विलासिता से संबंधित घर, वाहन, रत्न आभूषण इन्हें प्राप्त होगा। सफलता की ऊंचाई पर पहुंच कर थोड़ा सा अभिमान पैदा हो जाता है । अतः मूलांक 2 वालों को अपने अभिमान और अकड़ पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। वैसे मूलांक 2 वालों को थोड़ा बहुत झूठ बोलने की भी आदत होती है। किंतु इस वर्ष इन्हें झूठ बोलने से बचना चाहिए। धन का आगमन होता रहेगा। भारी मात्रा में धन की प्राप्ति होगी। किंतु खर्च की अधिकता के कारण बचत नहीं हो पाएगा। अतः बचत के प्रति भी ध्यान देना आवश्यक है। स्वास्थ्य मिलाजुला रहेगा। खाने-पीने का विशेष ध्यान रखें।
मूलांक 2 वालों के लिए नंबर 6 मित्र अंक माना जाता है।


मूलांक 3 : मूलांक 3 वालों के लिए वर्ष 2022 अत्यंत शुभ वर्ष होगा। हालांकि नंबर 3 वालों के लिए मूलांक 6 शत्रु नंबर होता है। फिर भी मूलांक 3 के स्वामी देव गुरु बृहस्पति होने के कारण जो कि एक अत्यंत शुभ ग्रह है और मूलांक 6 के स्वामी शुक्र राक्षसों के गुरु होने के कारण दोनों ही गुरु शत्रु अंक होने के बावजूद एक दूसरे को काफी सहयोग करते हैं।
बृहस्पति और शुक्र इस ब्रह्मांड के अत्यंत शुभ ग्रह हैं जिसके कारण मूलांक 3 वालों के लिए वर्ष 2022 सफलता दायक वर्ष सिद्ध होगा। इस वर्ष मूलांक 3 वालों की किस्मत चमक जाएगी। शिक्षा प्राप्ति के लिए बहुत ही बेहतरीन वर्ष होगा। किसी भी तरह की शिक्षा प्राप्त करना चाहते हो तो इस वर्ष मनचाही सफलता मिलेगी। मीडिया, लेखन, शिक्षा, कला, सिनेमा, टीवी इंडस्ट्री, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए यह वर्ष बहुत ही शानदार साबित होगा और इस वर्ष इन सभी क्षेत्रों में मूलांक 3 वालों को विशेष सफलता प्राप्त होगी।
आमदनी के लिए यह वर्ष बहुत ही शानदार होगा चारों तरफ से धन का आगमन होता रहेगा। धन का बचत भी होगा। बैंक बैलेंस बनाने में सफल होंगे। नया घर , नया वाहन प्राप्त होंगे । जीवन के लगभग सारे सपने इस वर्ष पूरे होंगे। धर्म के कार्यों में खर्च होगा। तीर्थाटन होगा। घर में मांगलिक कार्य होंगे । अगर पार्टनरशिप में कोई व्यवसाय कर रहे हो तो पार्टनर के साथ थोड़ी परेशानी हो सकती है। अत्यधिक व्यस्तता के कारण खाने पीने का समय थोड़ा बिगड़ जाएगा जिससे सेहत पर असर पड़ेगा। इस वर्ष सिर्फ अपने सेहत का बहुत ध्यान रखें।
मूलांक 4 : मूलांक 4 के स्वामी राहु होते हैं और 2022 अर्थात मूलांक 6 के स्वामी शुक्र है। राहु एक राक्षस ग्रह है और शुक्र राक्षसों के गुरु। अर्थात 4 और 6 नंबर का संबंध आपस में गुरु शिष्य का संबंध होता है।
अतः 2022 मूलांक 4 वालों के लिए बहुत ही शुभ वर्ष होगा इस वर्ष मूलांक 4 वालों की विशेष तरक्की होगी विशेष मान सम्मान मिलेगा । उच्च अधिकारियों से लाभ मिलेगा पिछले कई वर्षों से जिस लक्ष्य को प्राप्त करना चाहते थे वह लक्ष्य इस वर्ष प्राप्त हो जाएगा। पिछले कई वर्षों में किए हुए कार्यों के शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। धन का आगमन भरपूर होगा। चारों तरफ से आमदनी प्राप्त होगी। व्यापार, व्यवसाय, नौकरी, कारोबार सभी जगह सफलता मिलेगी। मनचाहा धन मिलेगा । शेयर, सट्टा, लॉटरी से भी धन का आगमन होगा। लाभ होगा। इस वर्ष यात्राएं बहुत होंगी। और घूमने फिरने में बहुत खर्च भी होगा। किंतु धन की कमी नहीं होगी। मूलांक 4 वालों को सिर्फ वाद विवाद से बचना चाहिए।
मूलांक 5 : मूलांक 5 के लिए वर्ष 2022 बहुत ही शानदार और सफलता दायक रहेगा। मूलांक 5 के स्वामी बुध ग्रह होते हैं । बुध और शुक्र आपस में मित्र हैं। अतः मूलांक 5 वालों के लिए यह वर्ष विशेष यादगार वर्ष सिद्ध होगा। मूलांक 5 वालों को किसी खास कार्य के लिए खास फैसला लेना होगा। रोजगार, व्यवसाय, कारोबार , व्यापार और नौकरी में शानदार सफलता मिलेगी। पहले से चल रहा कारोबार बहुत तेजी से चल पड़ेगा। यदि कोई रोजगार कारोबार ना हो तो इस वर्ष नया रोजगार, नया कारोबार आरंभ हो जाएगा। विदेशों से भी संपर्क बनेगा । विदेशों से भी धन का विशेष लाभ प्राप्त होगा । शरीर में फुर्ती ,ऊर्जा ,उत्साह बहुत बना रहेगा। सकारात्मक सोच बनी रहेगी। चारों तरफ से खुशियां और प्रसन्नता प्राप्त होगी। सभी प्रकार के सुखों की प्राप्ति होगी। सभी रिश्तो में मिठास बनी रहेगी। सबके साथ घूमने का, तीर्थाटन करने का शानदार योग बन रहा है। यह वर्ष 2022 मूलांक 5 वालों के लिए सभी प्रकार की सुख सुविधाओं, सफलताओं और प्रसन्नताओं को प्राप्त करने वाला वर्ष होगा।
वैवाहिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। विशेष धन लाभ और विशेष सफलताओं को प्राप्त करके थोड़ा नशे की तरफ रुझान होगा। किंतु ध्यान रहे नशे से स्वयं को बचाएं। किसी प्रकार का कोई नशा ना करें । वैसे तो स्वास्थ्य की कोई समस्या नहीं होगी। फिर भी अपने गले और पेट का ध्यान रखें। गले में अथवा पेट में किसी प्रकार का कोई इंफेक्शन ना हो।
मूलांक 6: मूलांक 6 के स्वामी शुक्र ग्रह होते हैं और यह वर्ष 2022 शुक्र का ही वर्ष है। अतः मूलांक 6 वालों के लिए वर्ष 2022 बेहद खास रहने वाला है। कारोबार, व्यवसाय, नौकरी, रोजगार ,व्यापार में विशेष सफलता मिलेगी। जीवन में, घर में सुख शांति का वातावरण बना रहेगा । यह वर्ष विशेष धनदायक वर्ष होगा। सभी प्रकार के कारोबार व्यवसाय से विशेष धन लाभ होगा। बैंक बैलेंस भी बनाने में सफल होंगे । मानसिक तनाव दूर होगा। वर्ष भर प्रसन्नता बनी रहेगी। वैवाहिक जीवन खुशियों और आनंद से भरा रहेगा। घर परिवार का सहयोग मिलेगा। मित्रों का सहयोग मिलेगा। घर में कुछ मांगलिक कार्य भी होंगे। यदि मूलांक 6 वाले अभी तक कुंवारे हैं तो उनका विवाह भी हो जाएगा और उन्हें एक अच्छा जीवन साथी मिलेगा। मूलांक 6 वालों को इस वर्ष सिर्फ क्रोध से बचना चाहिए।
मूलांक 7 : मूलांक 7 के स्वामी केतु ग्रह होते हैं और केतु एक राक्षस ग्रह हैं एवं शुक्र राक्षसों के गुरु अर्थात मूलांक 7 और 6 का संबंध गुरु और शिष्य का संबंध होता है। अतः मूलांक 7 वालों के लिए भी वर्ष 2022 बहुत ही शानदार होगा । इस वर्ष इन्हें आध्यात्मिक ऊंचाई प्राप्त होगी। अध्यात्म के क्षेत्र में ,धर्म के क्षेत्र में मूलांक 7 वाले बहुत उन्नति प्राप्त करेंगे। नौकरी में बदलाव संभव है। कारोबार, व्यवसाय, रोजगार में भी बदलाव संभव है । स्थान परिवर्तन होने का योग बन रहा है। नया व्यापार, नया रोजगार आरंभ होगा । पूरे वर्ष ऊर्जावान बने रहेंगे। शक्ति स्फूर्ति बनी रहेगी। धन का विशेष आगमन होगा। सभी प्रकार के कार्य से विशेष धन लाभ होगा। मनचाही बचत प्राप्त करेंगे। मनचाहा बैंक बैलेंस बना लेंगे । यदि नौकरी में है तो वेतन वृद्धि होगी ,प्रमोशन मिलेगा । पुराने सारे कर्ज इस वर्ष उतर जाएंगे। स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। इस प्रकार इस वर्ष बहुत ही सुकून मिलेगा ।सुख शांति भरा यह वर्ष बीतेगा।
मूलांक 8: मूलांक 8 वालों के लिए वर्ष 2022 मिलाजुला रहेगा। मूलांक 8 के स्वामी शनि देव हैं और मूलांक 6 के स्वामी शुक्र। शुक्र और शनि आपस में गुरु शिष्य हैं ।किंतु नंबर 8, अंक शास्त्र में सबसे कमजोर अंक माना जाता है ।अतः मूलांक 8 वालों के जीवन में प्रायः जीवन भर कष्ट और परेशानियां बनी रहती हैं । 2022 शुक्र का वर्ष होने के कारण थोड़ा लाभ देगा। कारोबार, व्यवसाय, रोजगार में कामयाबी भी देगा । किंतु मेहनत और संघर्ष बहुत करना पड़ेगा। और ध्यान रहे कि बिना किसी के सलाह के कोई भी कार्य ना करें। आमदनी के क्षेत्र में रुकावट आएगी। धन आगमन में कठिनाई होगी। मन में दुख और संताप रहेगा। किसी भी कार्य में संतुष्टि नहीं होगी। मन असंतोष से भरा रहेगा। आमदनी की कमी और खर्च की अधिकता के कारण इस वर्ष कर्ज भी लेना पड़ सकता है। नौकरी पेशा लोगों के लिए यह वर्ष अच्छा नहीं होगा। अपने उच्चाधिकारियों से संबंध ना बिगाड़े। वाद-विवाद से बचें। वैवाहिक जीवन में परेशानियां आएंगी । जीवन साथी के साथ मनमुटाव या अलगाव की स्थिति पैदा होगी। घर परिवार में कई तरह की परेशानियां आएंगी। शत्रु बाधा भी होगी। रोग, ऋण, दुश्मनी, केस मुकदमा , कोर्ट कचहरी इस तरह की कई परेशानियां रहेंगी। किसी से दुश्मनी से बचें। विशेष रुप से आंखों के रोग से अपना बचाव करें। कुल मिलाकर कामयाबी के साथ संघर्ष और परेशानियां बनी रहेंगी। इस वर्ष आर्थिक अभाव झेलना पड़ सकता है।
माता लक्ष्मी की आराधना करें। सुंदरकांड और श्री हनुमान चालीसा का प्रतिदिन पाठ करें। शनिवार के दिन भगवान शिव का काले तिल और जल से अभिषेक करें।
मूलांक 9 : मूलांक 9 के स्वामी मंगल ग्रह होते हैं वर्ष 2022 के स्वामी शुक्र और मंगल आपस में शत्रु हैं। किंतु मंगल और शुक्र का मिलन धन के मामले में अत्यंत शुभ माना जाता है। अतः वर्ष 2022 मूलांक 9 वालों के लिए मिलाजुला रहेगा । इस वर्ष मूलांक 9 वालों को शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में विशेष सफलता मिलेगी। व्यापार, रोजगार, कारोबार, व्यवसाय के लिए शुभ रहेगा। नौकरी में तरक्की मिलेगी। प्रमोशन होगा। यदि मूलांक 9 वाला कोई व्यक्ति अभी तक बेरोजगार है तो इस वर्ष उसे रोजगार भी प्राप्त हो जाएगा। मनचाही नौकरी मिलेगी। अलग-अलग स्रोतों से धन का आगमन होगा। विशेष धन लाभ प्राप्त होगा। इस वर्ष जीवन के बहुत से सपने पूरे हो जाएंगे। किंतु स्वास्थ्य के मामले में यह वर्ष मूलांक 9 वालों के लिए शुभ नहीं है । अतः मानसिक तनाव से बचना चाहिए । हाई ब्लड प्रेशर की विशेष संभावना इस वर्ष बनती है। शुगर, ब्लड प्रेशर इन सब के कारण शरीर को कष्ट होगा। चोट, चपेट, दुर्घटना के योग बन रहे हैं।अतः अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें शुभ फल प्राप्त करने के लिए प्रत्येक मंगलवार को श्री हनुमान जी के दर्शन करें। सुंदरकांड का पाठ करें। शुक्र के मंत्रों का जाप करें।
वैसे तो वर्ष 2022 लगभग सभी के लिए शुभ वर्ष होगा । किंतु मूलांक 8 और मूलांक 9 वालों के लिए थोड़ा परेशानियां देने वाला है । अब इस वर्ष को कैसे शुभ बनाया जाए? इसके लिए एक बड़ा ही रहस्य में प्रयोग है जो बहुत ही अनुभूत है और बहुतों ने इसका लाभ उठाया है। यदि आपके लिए वर्ष अच्छा है तो भी और यदि बुरा है तो भी आप इसका प्रयोग कर सकते हैं। यदि वर्ष आपके लिए अच्छा है तो और भी श्रेष्ठ फल प्रदान करेगा और यदि यह वर्ष आपके लिए अच्छा नहीं है तो अवश्य ही आपको हर तरह की समस्याओं से बचा लेगा। प्रतिदिन सुबह स्नान करने के बाद अपने Left hand (बाए हाथ) की हथेली पर अंगूठे के ठीक नीचे जिसे शुक्र पर्वत कहते हैं उस पर नीले रंग के कलम से 24 नंबर लिखें ।ऐसा प्रतिदिन करें। ऐसा करने से यह वर्ष 2022 अत्यंत शुभ फल प्रदायक बन जाएगा। यदि आप चाहें तो अपने घर के मुख्य द्वार पर किसी कोरे कागज पर नीले रंग के पेन से 24 नंबर लिख कर चिपका दें। अपनी नोटबुक, खाता बही ,अपनी डायरी के ऊपर भी यदि आप शुक्रवार के दिन शुक्र की होरा में 24 लिखते हैं तो वर्ष 2022 यकीन मानिए आपके लिए बहुत ही शुभ फलदायक हो जाएगा।
इति शुभमस्तु !!हर हर महादेव!!!
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ