
राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) आरसीपी सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव का विरोध वही लोग कर रहे हैं, बिहार में जिनकी जमीन खिसक चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा जनता से जुड़े रहते हैं। उनके नेतृत्व में बिहार का समावेशी विकास हुआ। 2005 से पहले जाति, धर्म, क्षेत्र, लिंग या भाषा लेकर बिहार में लगातार तनाव पैदा किया जाता था।
वह शनिवार को वाल्मीकिनगर, लौरिया, बेतिया व नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि नीतीश कुमार ने हर खेत तक पानी पहुंचाने का वादा किया है तो अगली बार उसे भी पूरा करेंगे। पति-पत्नी के राज में 2004-05 में बिहार के सभी विभागों का बजट मिलाकर 23800 रुपए करोड़ था। आज अकेले जल-जीवन-हरियाली अभियान का बजट ही 24 हजार करोड़ रुपए से अधिक है।
आईपीआरडी मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि जदयू के सभी कार्यकर्ता ‘मैं नीतीश कुमार हूं’ का संकल्प लें। और विपक्ष को जोरदार जवाब दें। कार्यक्रम को परिवहन मंत्री संतोष निराला, सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, विधायक अभय कुशवाहा और मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया डॉ. अमरदीप ने भी संबोधित किया।
नीतीश पर नहीं लगा अबतक कोई दाग: वशिष्ठ
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि राजनीति काजल की कोठरी होती है। फिर भी इतने लंबे समय तक राजनीतिक जीवन में रहने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर एक दाग नहीं लगा। वह डुमरांव, बक्सर, राजपुर और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल संवाद कर रहे थे। वहीं राज्यसभा सांसद हरिवंश ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यों से बिहार के विकास दर को दोहरे अंकों में पहुंचाया और लगातार कायम रखा। अच्छी सड़कों के मामले में बिहार देश में बड़े राज्यों से भी आगे हैं। सम्मेलन काे मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, राम सेवक सिंह व प्रोफेसर यूनुस हुसैन हकीम ने भी संबोधित किया।
नीतीश कुमार ने कानून का राज स्थापित किया- राजीव रंजन
लोकसभा में जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि बिहार में आज कोई भी अपराधी अपराध कर बच नहीं सकता है। नीतीश कुमार ने कानून का राज स्थापित किया है। लालू-राबड़ी राज में 63250 लोगों की हत्याएं हुई। इसमें 5245 हत्याएं फिरौती के लिए हुई। इसके अलावा राज्य में 118 नरसंहार हुआ। नीतीश कुमार के शासन में 1 लाख 14 हजार लोगों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सजा
दिलाई गई। वह शनिवार को तारापुर, मुंगेर, लखीसराय व बरबीघा विधानसभा के जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी होने के बाद समाज का चेहरा बदला है, अपराध में भारी कमी आई है। जदयू के कार्यकर्ता गांव-गांव घूमकर 15 साल में जो विकास के काम किए गए हैं, उस संदेश को घर-घर पहुंचाए। विकास के नीतीश माॅडल की आज देश ही नहीं पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। कार्यक्रम को योजना व विकास मंत्री महेश्वर हजारी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन साहनी और राज्यसभा की पूर्व सांसद कहकशां परवीन ने भी संबोधित किया।
अज्ञानी नेताओं से बचकर रहें बिहारवासी : विजेंद्र
ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहारवासियों को अपना और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए अज्ञानी नेताओं से बचकर रहना चाहिए। 2005 से पहले बिहार में एक परिवार ने 15 साल तक हर तरफ अंधकार का वातावरण कायम करके रखा था। इसे नीतीश कुमार ने दूर किया। वह बहादुरगंज, ठाकुरगंज, किशनगंज और अमौर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं के वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मंत्री संजय झा ने कहा कि विपक्ष के नेता के लिए अपना परिवार ही सबकुछ है। उसमें बिहारवासियों के लिए कोई जगह नहीं है। कार्यक्रम को मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, रमेश ऋषिदेव के साथ तनवीर अख्तर और प्रो. सुहेली मेहता ने भी संबोधित किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/rcp-singh-said-the-slipping-ground-of-those-opposing-the-election-rajiv-ranjan-said-today-no-one-can-escape-by-committing-crime-in-bihar-127528508.html
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com