जल सुरक्षा योजना एवं जल बजट तैयार करने को लेकर राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जल सुरक्षा योजना एवं जल बजट तैयार करने को लेकर राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

  • पंचायतों में सहभागी जल बजटिंग एवं ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के साथ जल सुरक्षा योजना के समेकन पर दिया गया जोर
  • प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से 10 जिलों में आयोजित होगा जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

पटना, 19 नवंबर 2026। पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था (BSPRI) के तत्वावधान में आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (LNMI), पटना में "जल सुरक्षा योजना तथा जल बजट" विषय पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण (Training of Trainers – ToT) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायती राज विभाग के निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के अपर सचिव श्री वसीम अहमद सहित विभिन्न जिलों के उप विकास आयुक्त (DDC), जिला पंचायत राज पदाधिकारी (DPRO), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, (BDO), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO), लाइन विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों द्वारा स्वयं जल सुरक्षा योजना एवं जल बजट तैयार करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना तथा इस दिशा में जिला, प्रखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत संबंधित पदाधिकारियों एवं हितधारकों को प्रशिक्षित करना है। इसके माध्यम से पंचायतों में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, जल संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को सहभागी जल बजटिंग की प्रक्रिया, ग्राम पंचायत स्तर पर जल उपलब्धता एवं आवश्यकता का आकलन, जल संसाधनों के संरक्षण तथा जल सुरक्षा योजना तैयार करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के साथ जल सुरक्षा योजना के समेकन पर विशेष जोर दिया गया, ताकि पंचायतों की विकास योजनाओं में जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर एवं रिसोर्स पर्सन का एक सशक्त कैडर विकसित करने की परिकल्पना की गई है। ये प्रशिक्षित प्रतिभागी आगे जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन करेंगे तथा अपने-अपने जिलों में संबंधित पदाधिकारियों एवं हितधारकों को जल सुरक्षा योजना एवं जल बजट तैयार करने की प्रक्रिया में दक्ष बनाएंगे।


राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात दिनांक 23 से 27 नवंबर 2026 के बीच सुविधानुसार 10 जिलों में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में संबंधित जिलों से चयनित प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रशिक्षण के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं चयनित एजेंसी के माध्यम से की जाएंगी।

पंचायती राज विभाग का यह प्रयास ग्राम पंचायतों को जल प्रबंधन के क्षेत्र में अधिक सक्षम बनाने, स्थानीय स्तर पर जल संसाधनों की उपलब्धता एवं आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने तथा सहभागी और सतत जल प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्राम पंचायत विकास योजना में जल संरक्षण एवं जल सुरक्षा को समुचित स्थान मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में जल के बेहतर एवं टिकाऊ प्रबंधन को प्रोत्साहन मिलेगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ