पुराना मकान

पुराना मकान

मनोज कुमार मिश्र
जीर्ण शीर्ण अपने जीर्णोद्धार की राह तकता -एक मकान
रहते थे कई किशोर आंगन छत दौड़ते खेलते
देख देख सुखी होता वह मकान
आज तक रखा सहेज के जिन्हें, उन्हें नहीं परवाह
कि कौन से कमरे की छत मरम्मत खोज रही
कहां दीमकें ईंट और गारे का शोणित पी रहीं
उग आई हैं दरख्तें दरारों में कई
कौन करेगा साफ उन्हें किसी को है परवाह नहीं
कभी तिनका तिनका जोड़ के बना था स्वेद और संवेदना की मुस्कान में सजा था
आज राह खोज खोज के खड़ा है कि शायद कोई आये
रहने वालों ने भुला दिया है उसे
अब उन्हें नई दो कोठली पसंद है
आँगन और छत उनके जेहन में भी नहीं है
दौड़ना तो दूर आकाश मेें टंगे आकाश तीर की तरह
चमकीला दिखने में अच्छा पर अंदर से पूरा खोखला
मकान के आसपास बढ़ती इन आकाशतीरों की जमात
डरता है काँपता है घर, पुराने दिनों में झांकता है
नहीं बनना चाहता वह निर्मोही निर्दयी तटस्थ भी
आज ये कल कोई और उसकी प्रकृति नहीं
क्या बच सकेगा इस आधुनिक दौर से
या होगा शहीद आँखें हैं कई गड़ी हुई
उसे गिरा आकाशतीरों को सहेजने को तत्पर
क्या आयेगा कोई सुखनवर उसे दुलारने संवारने
उसकी सुध बुध ले फिर से पुकारने
अगली पीढ़ी को कहने ये होता था बचपन ये है अपना चमन
काश.........
इंसान हो या मकान सबकी जिंदगी एक सी क्यों है
अनुत्तरित प्रश्न जटिल मगर समक्ष जैसे युधिष्ठिर के यक्ष प्रश्न........


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ