सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई

सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई

कुमार महेंद्र
आने वाली है दिवाली,
सजने लगी हैं सब राहें।
हर्षित है धरती का आँगन,
खोल रहीं दिशाएँ बाँहें।
घर-आँगन में दीप सज रहे,
घट-घट में उमंग समाई।
सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई।।


बाज़ारों में रौनक छाई,
सजे दीपोत्सव के सामान।
माटी के दीप गढ़ रहे हैं,
श्रम से खिलती शिल्पी की मुस्कान।
झालर-कंदीलें झिलमिल करतीं,
गलियों में छाई तरुणाई।
सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई।।


खरीदारी में मग्न हुए सब,
हर चेहरे पर खुशियाँ अपार।
पकवानों की महक उठी है,
सुगंधित हुआ सकल संसार।
गूँज रहे मंगल वाद्य सुरीले,
हर द्वारे शहनाई।
सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई।।


द्वार-द्वार रंगोली सजती,
माँ लक्ष्मी के अभिनंदन में।
सुंदर तोरण बँधते जाते,
श्रद्धा उमड़ी जन-मन में।
बाँट रहे हैं प्रेम-मिठास सब,
द्वेष-भावना की विदाई।
सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई।।


अमावस की काली रात में,
दीपों की ज्योति जगानी है।
रामराज्य की गौरवमय पताका,
हर घर-द्वार फहरानी है।
धन-धान्य से भरें भंडार,
पंचपर्व की शुभ घड़ी आई।
सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई।।


प्रकाश-पर्व की पावन बेला,
अंतरमन आलोकित करती।
सत्य, शील, मर्यादा की ज्योति,
जीवन-पथ को प्रकाशित करती।
रोम-रोम पुलकित है सबका,
चहुँदिशि गूँजे मंगल बधाई।
सृष्टि की अरुणाई में, पधार रहे हैं रघुराई।।


कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ