सनातन परंपरा में छठ महापर्व (सूर्य षष्ठी)

सनातन परंपरा में छठ महापर्व (सूर्य षष्ठी)

सत्येंद्र कुमार पाठक
​भारतीय सनातन संस्कृति में प्रकृति के पंचमहाभूतों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—को साक्षात ईश्वरीय शक्ति का रूप माना गया है। इन सभी तत्वों के केंद्र में ऊर्जा के अनंत स्रोत 'प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य' विराजमान हैं। ऋग्वेद में सूर्य को जगत की आत्मा ('सूर्य आत्मा जगतस्तस्थुषश्च') कहा गया है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला छठ महापर्व (सूर्य षष्ठी) इसी सनातन वैदिक और लोक परंपरा का सबसे प्राचीन, शुद्ध और जीवंत अनुष्ठान है।
​यह पर्व केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं है, बल्कि यह मानवीय चेतना के ब्रह्मांडीय ऊर्जा के साथ एकाकार होने की प्रक्रिया है। इसकी यात्रा सृष्टि के आरंभिक मन्वंतर काल से प्रारंभ होकर वैदिक ऋषियों के तपोवन, त्रेता और द्वापर के महाकाव्यों, मगध और अंग के साम्राज्यों, मध्यकालीन लोक-संस्कृति के विस्तार और आधुनिक युग में सात समंदर पार वैश्विक पटल तक निरंतर विकसित हुई है। विशेष रूप से बिहार और झारखंड की पावन भूमि प्राचीन काल से ही 'सौर संप्रदाय' (सूर्योपासना) का सबसे बड़ा गढ़ रही है, जहाँ आज भी राजवंशों द्वारा निर्मित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर और सूर्य कुंड इस सनातन परंपरा के साक्षी बनकर खड़े हैं।
​मन्वंतर काल और राजा प्रियव्रत - ​छठ महापर्व और माता षष्ठी की उपासना का सबसे प्राचीन उल्लेख ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड में मिलता है। कथा के अनुसार, सृष्टि के प्रारंभिक युग यानी स्वायंभुव मन्वंतर काल में प्रथम मनु स्वायंभुव के पुत्र राजा प्रियव्रत अत्यंत धर्मात्मा और प्रजापालक शासक थे। समस्त ऐश्वर्य और साम्राज्य होने के बावजूद राजा प्रियव्रत के जीवन में एक गहरा विषाद था—वे निस्संतान थे। उत्तराधिकारी और संतान के अभाव में राजा और उनकी पत्नी रानी मालिनी अत्यंत दुःखी रहते थे। ​अपनी इस व्यथा के निवारण के लिए राजा प्रियव्रत महर्षि कश्यप की शरण में गए। महर्षि कश्यप ने उन्हें संतान प्राप्ति के लिए पुत्रेष्टि यज्ञ करने का निर्देश दिया। विधि-विधान से यज्ञ संपन्न होने के पश्चात महर्षि ने यज्ञ की खीर (चरु) रानी मालिनी को ग्रहण करने के लिए दी। इसके प्रभाव से रानी गर्भवती हुईं और समय आने पर उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया। किंतु विधाता के विधान से वह बालक मृत पैदा हुआ।
​मृत पुत्र को देखकर राजमहल में हाहाकार मच गया। पुत्र शोक में व्याकुल राजा प्रियव्रत बालक के शव को अपनी छाती से लगाकर श्मशान भूमि पहुँचे और अत्यंत वेदना में स्वयं के प्राण त्यागने का संकल्प लिया। ठीक उसी क्षण, आकाश मार्ग से दिव्य प्रकाश पुंज के साथ ब्रह्मा जी की मानसपुत्री देवी षष्ठी (देवसेना) प्रकट हुईं। उनके तेज से संपूर्ण वातावरण आलोकित हो उठा।
​राजा प्रियव्रत ने हाथ जोड़कर देवी का परिचय पूछा। तब देवी ने कहा—"हे राजन्! मैं ब्रह्मा की मानसपुत्री और मूल प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण 'षष्ठी' कहलाती हूँ। मैं संपूर्ण जगत के बालकों की रक्षिका हूँ और निस्संतानों को संतान का वरदान देती हूँ।" इतना कहकर माता षष्ठी ने उस मृत बालक को अपनी गोद में उठाया और अपने दिव्य करकमलों से उसका स्पर्श किया। माता के स्पर्श मात्र से वह मृत शिशु जीवित हो उठा और किलकारियाँ भरने लगा। ​इस अलौकिक चमत्कार से अभिभूत होकर राजा प्रियव्रत ने देवी षष्ठी की स्तुति की। माता षष्ठी ने राजा को आदेश दिया कि वे अपने राज्य में प्रत्येक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को उनका पूजन और उत्सव प्रारंभ करें। राजा प्रियव्रत ने तत्काल राज्यादेश जारी कर पूरे राज्य में षष्ठी पूजा का विधान लागू किया। विशेष रूप से कार्तिक शुक्ल षष्ठी को किया जाने वाला यह अनुष्ठान संतान की रक्षा, आरोग्यता, वंश वृद्धि और दीर्घायु का प्रमुख महापर्व बन गया। तभी से माता षष्ठी को लोकभाषा में प्यार और श्रद्धा से 'छठी मइया' कहा जाने लगा।
​ऋग्वैदिक काल: निराकार सूर्योपासना और अर्घ्य - ​वैदिक काल में भारतीय अध्यात्म पूर्णतः प्रकृति-केंद्रित था। उस युग में न तो मंदिरों की स्थापना हुई थी और न ही मूर्ति पूजा का प्रचलन था। ऋषि-मुनि प्रकृति की प्रत्यक्ष शक्तियों—सूर्य, अग्नि, वायु, उषा और जल—की उपासना करते थे। ऋग्वेद के कई सूक्तों में भगवान सूर्य और उनकी अर्धांगिनी व शक्ति उषा (प्रातःकालीन किरणों की देवी) की स्तुति की गई है। ​वैदिक ऋषि बिना किसी मध्यस्थ या पुरोहित के, स्वयं पवित्र नदियों के जल में कमर तक खड़े होकर सूर्य की ओर मुख करके 'अर्घ्य' अर्पित करते थे। ऋग्वेद के मंत्रों में सूर्योपासना के जिस कठोर अनुशासन, उपवास, पवित्रता और जल में खड़े होकर अर्घ्य देने का वर्णन मिलता है, वही आज भी छठ महापर्व की मूल और अपरिवर्तित विधि है। इस दृष्टि से छठ विश्व का एकमात्र ऐसा जीवंत पर्व है जिसने हजारों वर्षों के बाद भी अपनी वैदिक मौलिकता को अक्षुण्ण बनाए रखा है, जहाँ भक्त और भगवान के बीच किसी पुरोहित या कर्मकांड की दीवार नहीं होती।
​युगों के परिवर्तन के साथ छठ महापर्व की महिमा और भी विस्तृत होती गई। सतयुग, त्रेतायुग और द्वापरयुग के अनेक महापुरुषों और राजवंशों ने कठिन परिस्थितियों से उबरने और लोक कल्याण के लिए इस व्रत का पालन किया था।
​पौराणिक आख्यानों के अनुसार, सतयुग में राजा शर्याति की सुपुत्री और महर्षि च्यवन की पतिव्रता पत्नी सुकन्या ने अपने वृद्ध और नेत्रहीन पति की नेत्र ज्योति और यौवन की पुनःप्राप्ति के लिए कार्तिक शुक्ल षष्ठी का कठिन व्रत रखकर सूर्यदेव की आराधना की थी। सूर्यदेव की कृपा से महर्षि च्यवन को दिव्य दृष्टि और नवयौवन प्राप्त हुआ। इसी प्रकार, प्राचीन किकट प्रदेश (आधुनिक मगध क्षेत्र) के राजा बुध की पत्नी इला (एल) द्वारा भी सूर्योपासना और छठ व्रत किए जाने के उल्लेख मिलते हैं, जिससे इस क्षेत्र में सौर परंपरा की जड़ें अत्यंत गहरी हुईं। इसके अतिरिक्त प्राचीन भारत के कारुष, निमि, विशाली और वसु राजवंशों में भी सूर्य उपासना को राजधर्म के रूप में मान्यता प्राप्त थी।
​त्रेतायुग: भगवान राम, माता सीता और मुंगेर का सीता चरण
​त्रेतायुग में छठ महापर्व का सीधा संबंध मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और माता सीता से जुड़ता है। लंकापति रावण के वध के पश्चात जब भगवान राम अयोध्या लौटे, तो उन पर रावण (जो एक ब्राह्मण था) के वध का दोष था। इस ब्रह्महत्या के पाप से मुक्ति और रामराज्य की सुख-समृद्धि व स्थापना के लिए ऋषि वशिष्ठ और मुनियों ने उन्हें सूर्यदेव की उपासना करने का परामर्श दिया।
​लोक परंपराओं और मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम और माता सीता ने बिहार के मुंगेर स्थित गंगा तट पर कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन उपवास रखकर सूर्यदेव की आराधना की थी और अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया था। मुंगेर में गंगा नदी के मध्य एक शिला पर स्थित 'सीता चरण मंदिर' आज भी इस पौराणिक घटना का जीवंत प्रमाण माना जाता है, जहाँ माता सीता के पदचिह्न अंकित हैं।
​द्वापरयुग: महाभारत काल में कर्ण और द्रौपदी की साधना
​द्वापरयुग यानी महाभारत काल में छठ पूजा के दो अत्यंत प्रसिद्ध प्रसंग मिलते हैं: ​सूर्यपुत्र कर्ण: अंग देश (वर्तमान बिहार का भागलपुर और मुंगेर क्षेत्र) के राजा और महादानी कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वे प्रतिदिन प्रातःकाल ब्रह्ममुहूर्त में गंगा नदी के जल में कमर तक खड़े होकर घंटों सूर्यदेव की उपासना करते थे और अर्घ्य देते थे। सूर्य की इसी कृपा से कर्ण को अजेय शक्ति, दिव्य कवच-कुंडल और दानवीरता का तेज प्राप्त हुआ था।
​पांडव और द्रौपदी: जब जुए में अपना सब कुछ हारकर पांडव हस्तिनापुर से निर्वासित होकर वनों में अज्ञातवास और कष्ट भोग रहे थे, तब उनकी कुलवधू द्रौपदी ने अपने पतियों के कष्टों के निवारण, उत्तम स्वास्थ्य और खोए हुए साम्राज्य की पुनःप्राप्ति के लिए कुलपुरोहित ऋषि धौम्य के मार्गदर्शन में कार्तिक शुक्ल षष्ठी का कठिन निर्जला व्रत किया था। इस व्रत के पुण्य प्रभाव से पांडवों को पुनः अपना राज्य और गौरव प्राप्त हुआ।
​बिहार और झारखंड में सौर संप्रदाय: ​प्राचीन भारत में विशेष रूप से मगध, अंग, शाहाबाद और छोटानागपुर के पठारी क्षेत्रों में 'सौर संप्रदाय' (सूर्य को परम ब्रह्म मानने वाला संप्रदाय) का व्यापक प्रभाव रहा है। मौर्य, गुप्त, उत्तर-गुप्त, पाल और नागवंशी शासकों के काल में इस क्षेत्र में भव्य सूर्य मंदिरों और पवित्र सूर्य कुंडों का निर्माण हुआ। शाकद्वीपीय ब्राह्मणों (मग ब्राह्मणों) के आगमन और प्रसार ने इस क्षेत्र में सूर्य उपासना को शास्त्रीय और सांस्कृतिक आधार प्रदान किया।
​बिहार और झारखंड के प्रमुख ऐतिहासिक सूर्य मंदिरों और जिलों का विवरण निम्नलिखित है:
​ औरंगाबाद (बिहार) - उमगा और ​देव सूर्य मंदिर : औरंगाबाद जिले के देव नामक स्थान पर स्थित यह मंदिर भारत के सबसे प्राचीन और अनोखे सूर्य मंदिरों में से एक है। इसका निर्माण लगभग आठवीं-नौवीं शताब्दी में कर्क राजवंश या भंवरा के राजा ऐश्वर्य पाल द्वारा करवाया गया था, जबकि पौराणिक मान्यता इसे त्रेतायुग और भगवान विश्वकर्मा द्वारा एक ही रात में निर्मित मानती है। इस मंदिर की सबसे अद्भुत विशेषता यह है कि विश्व के अन्य सभी सूर्य मंदिरों के विपरीत इसका मुख्य द्वार पश्चिम दिशा (अस्त होते सूर्य) की ओर है। काले पत्थरों से निर्मित नागर शैली का यह मंदिर स्थापत्य कला का अद्भुत नमूना है।
​उमगा सूर्य मंदिर: औरंगाबाद की मदनपुर पहाड़ियों पर स्थित उमगा मंदिर भी प्राचीन काल में सूर्य और शैव उपासना का प्रमुख केंद्र रहा है।
​ नालंदा (बिहार) - ​बड़गाँव सूर्य मंदिर : प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों के समीप स्थित बड़गाँव देश के द्वादशार्क (१२ प्रमुख सूर्य पीठों) में से एक माना जाता है। यहाँ स्थित पवित्र सूर्य तालाब पर कार्तिक और चैत्र छठ के अवसर पर लाखों श्रद्धालु जुटते हैं।
​औंगारी सूर्य मंदिर : एकंगरसराय प्रखंड के औंगारी धाम में स्थित यह प्राचीन सूर्य मंदिर भी द्वादशार्क में गिना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को ऋषि दुर्वासा के शाप से कुष्ठ रोग हो गया था। नारद मुनि के कहने पर साम्ब ने यहीं के सूर्य कुंड में स्नान कर सूर्यदेव की आराधना की, जिससे वे पूर्णतः रोगमुक्त हुए।
​ गया (बिहार) - ​ब्रह्मीघाट, सूर्यकुंड और मानपुर सूर्य मंदिर गयार्क : मोक्ष नगरी गया प्राचीन काल से सौर संप्रदाय का प्रमुख गढ़ रही है। यहाँ दिन के तीन प्रहरों (प्रातः, मध्याह्न और सायं) के प्रतीक के रूप में तीन प्राचीन सूर्य मंदिर स्थापित हैं। गया के सूर्य मंदिरों में भगवान सूर्य की प्रतिमा के साथ उनके परिवार—शनिदेव, यमराज, संज्ञा और छाया—की मूर्तियाँ भी विराजमान हैं।
​पटना (बिहार) ​उलार सूर्य मंदिर (उल्यार्क): पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के उलार गाँव में स्थित 'उलारार्क सूर्य मंदिर' की गणना देश के १२ प्रमुख सूर्य मंदिरों (द्वादशार्क) में होती है। मान्यता है कि इसका निर्माण भी श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने करवाया था और बाद में पाल वंश के शासकों ने इसका जीर्णोद्धार किया। इसके अतिरिक्त पटना के गंगा तटों (दीघा, कलेक्ट्रेट घाट, गायघाट आदि) पर छठ का विराट दृश्य देखने को मिलता है। पंडारक सूर्य मंदिर है।
​मुंगेर और भागलपुर (अंग प्रदेश, बिहार) - ​सीता चरण मंदिर (मुंगेर): गंगा की धारा के बीच चट्टान पर बना यह मंदिर त्रेतायुग में माता सीता द्वारा की गई छठ पूजा का प्रतीक है।
​अंग क्षेत्र (भागलपुर व बांका): सूर्यपुत्र कर्ण की राजधानी चम्पानगर (भागलपुर) और बांका के पहाड़ी क्षेत्रों में पाल राजवंश (आठवीं से बारहवीं शताब्दी) के दौरान काले बेसाल्ट पत्थर से निर्मित अनेक सूर्य प्रतिमाएँ प्राप्त हुई हैं, जो इस क्षेत्र में सौर संप्रदाय की समृद्धि को दर्शाती हैं।
​लखीसराय, नवादा, जहानाबाद और अरवल (मगध क्षेत्र, बिहार)
​लखीसराय: पाल काल के दौरान यहाँ के पहाड़ी क्षेत्रों में सूर्य मंदिरों और मूर्तियों की स्थापना हुई। ​नवादा का हार्डिया सूर्य मंदिर, जहानाबाद का बराबर पर्वत समूह का सूर्यांक गिरि , कको सूर्य मंदिर , दक्षीणी सूर्यमंदिर , जहानाबाद ठाकुरवाडी सूर्य मंदिर अरवल का करपी , मदसरवां : मगध साम्राज्य के केंद्र में होने के कारण इन जिलों के गाँवों और कस्बों में गुप्त और पाल कालीन सूर्य प्रतिमाएँ (सात घोड़ों के रथ पर सवार सूर्यदेव) बड़ी संख्या में मिली हैं। यहाँ के आहर-पायन (पारंपरिक जल संचयन प्रणालियाँ) और प्राचीन तालाब सदियों से छठ व्रत के केंद्र रहे हैं।
​शाहाबाद क्षेत्र: भोजपुर, रोहतास, कैमूर और बक्सर (बिहार)
​भोजपुर और बक्सर: महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि बक्सर में उत्तरवाहिनी गंगा के रामरेखा घाट और भोजपुर में गंगा-सोन के संगम क्षेत्र में वैदिक काल से ही सूर्योपासना की परंपरा रही है।
​रोहतास और कैमूर: कैमूर की पहाड़ियों, रोहतासगढ़ किले और सोन नदी के तटवर्ती इलाकों में प्राचीन सनातन राजवंशों द्वारा निर्मित जलाशयों के किनारे सूर्य उपासना की लोक परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है।
​झारखंड के प्राचीन सौर स्थल - ​देवघर, राँची और छोटानागपुर पठार: झारखंड की भूमि पर शैव और शाक्त परंपराओं के साथ-साथ सौर संप्रदाय का भी गहरा प्रभाव रहा है। नागवंशी राजाओं और पाल शासकों के प्रभाव काल में देवघर (वैद्यनाथ धाम क्षेत्र), राँची (ओरमांझी/उरई क्षेत्र) और पलामू-हजारीबाग के पठारी इलाकों में प्राचीन सूर्य मंदिरों और सूर्य कुंडों का निर्माण हुआ। छोटानागपुर के जनजातीय और क्षेत्रीय समाजों में भी सूर्य (सिंगबोंगा) और प्रकृति पूजा की परंपरा अत्यंत प्राचीन है, जो छठ महापर्व के साथ गहराई से जुड़ी हुई है।


​मध्यकाल (१२वीं से १८वीं शताब्दी) भारतीय इतिहास में अनेक राजनीतिक उथल-पुथल और विदेशी आक्रमणों का दौर था। इस कठिन समय में जब अनेक शास्त्रीय कर्मकांड और मंदिरों की व्यवस्था प्रभावित हुई, तब छठ महापर्व राजमहलों और शास्त्रों की सीमाओं से निकलकर सीधे आम जनमानस के लोक जीवन में समाहित हो गया।
​बिहार (मिथिला, मगध, भोजपुर, अंग), झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में यह पर्व बिना किसी जातिगत भेदभाव, वर्ग विभाजन या पुरोहिती आडंबर के सामूहिक रूप से मनाया जाने लगा। मध्यकालीन लोकगीतों (विशेषकर मैथिली, भोजपुरी और मगही के छठ गीतों) ने इस पर्व की भावनाओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखा।
​इस काल की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि छठ पूजा कृषि संस्कृति के साथ जुड़ गई। कार्तिक मास में खरीफ की फसलों (विशेषकर धान, गन्ना, हल्दी, अदरक, सुथनी और मौसमी फलों) की कटाई के ठीक बाद, किसान और आम नागरिक अपनी पहली उपज सूर्यदेव और छठी मइया को समर्पित कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने लगे। समाज के हर वर्ग की भागीदारी—डोम समाज द्वारा बनाए गए बांस के सूप, कुम्हार द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये और कोसी, तथा किसानों द्वारा उगाए गए फल—ने इस पर्व को सामाजिक समरसता (Social Harmony) का विश्व का सबसे अनूठा उदाहरण बना दिया।
​ प्रवासन और वैश्विक विस्तार: १९वीं से २१वीं सदी की यात्रा
​१९वीं और २०वीं सदी के दौरान औपनिवेशिक ब्रिटिश शासन ने भारत (विशेषकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश) से लाखों मजदूरों को अनुबंध पर (गिरमिटिया मजदूर के रूप में) गन्ने के खेतों में काम करने के लिए सात समंदर पार भेजा। ये प्रवासी भारतीय अपने साथ केवल कुछ वस्त्र, रामचरितमानस की प्रति और अपनी संस्कृति के संस्कार लेकर मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, और गुयाना जैसे देशों में पहुँचे।
​विपरीत परिस्थितियों, अनजान भूगोल और कठिन संघर्षों के बीच भी इन प्रवासियों ने छठी मइया के गीतों और कार्तिक शुक्ल षष्ठी के व्रत को नहीं छोड़ा। आज मॉरीशस और सूरीनाम जैसे देशों में छठ महापर्व राष्ट्रीय स्तर पर बड़े उत्साह और श्रद्धा से मनाया जाता है।
​२१वीं सदी के आधुनिक वैश्वीकरण के दौर में शिक्षा, रोजगार और व्यापार के माध्यम से पूर्वांचल और बिहार-झारखंड के लोग भारत के महानगरों (दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई) से लेकर अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और यूरोप के अनेक देशों में बस गए हैं। आज न्यूयॉर्क की हडसन नदी, लंदन की थेम्स नदी, और कनाडा की झीलों के किनारे हजारों की संख्या में प्रवासी भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में एकत्र होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। छठ आज एक क्षेत्रीय पर्व न रहकर भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान बन चुका है।
​ चार दिवसीय अनुष्ठान का आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्व
​छठ महापर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से प्रारंभ होकर सप्तमी की प्रातः तक पूरे चार दिनों तक चलता है। इस चार दिवसीय अनुष्ठान की प्रत्येक विधि के पीछे गहरा आध्यात्मिक दर्शन और ठोस वैज्ञानिक आधार छिपा है:
​ पहला दिन: नहाय-खाय (कार्तिक शुक्ल चतुर्थी) ​अनुष्ठान: इस दिन व्रती पवित्र नदियों या जलाशयों में स्नान कर घर की शुद्धि करते हैं और शुद्ध सात्विक भोजन (अरवा चावल, चने की दाल और लौकी/कद्दू की सब्जी) ग्रहण करते हैं।
​वैज्ञानिक महत्व: यह दिन आगामी ३६ घंटों के कठिन निर्जला उपवास के लिए शरीर और पाचन तंत्र को मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार करने की प्रक्रिया है। लौकी में पानी और फाइबर की प्रचुर मात्रा होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखती है और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालती है।
दूसरा दिन: खरना या लोहंडा (कार्तिक शुक्ल पंचमी) ​अनुष्ठान: व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर (रसियाव) और रोटी बनाते हैं। पूजा के बाद व्रती यह प्रसाद ग्रहण करते हैं और इसके तुरंत बाद उनका ३६ घंटे का कठिन निर्जला व्रत आरंभ हो जाता है। गुड़ और चावल से बनी खीर शरीर को तत्काल ऊर्जा (ग्लाइकोजन) प्रदान करती है, जो अगले डेढ़ दिन तक बिना जल और अन्न के शरीर की ऊर्जा को संतुलित रखती है। यह उपवास शरीर की कोशिकाओं की मरम्मत करने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया 'ऑटोफैगी' को सक्रिय करता है, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
​तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य (कार्तिक शुक्ल षष्ठी)​अनुष्ठान: पूरे दिन निर्जला रहकर संध्या के समय व्रती और परिजन बांस के सूप और दौरी में फल, ठेकुआ, गन्ना और पूजा सामग्री सजाकर नदी या तालाब के घाट पर पहुँचते हैं। व्रती कमर तक जल में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को प्रथम अर्घ्य देते हैं। विश्व में छठ ही एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा की जाती है, जो यह संदेश देता है कि जीवन में अस्त होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उदय होना।
​ सूर्यास्त के समय सूर्य की किरणों में हानिकारक पराबैंगनी विकिरण न्यूनतम हो जाता है। जल में खड़े होकर जब सूर्य की लालिमा युक्त किरणें जल की सतह से परावर्तित होकर मानव शरीर और आँखों पर पड़ती हैं, तो यह 'सोलर हीलिंग' का कार्य करती है और तंत्रिका तंत्र को शांत करती है।
​चौथा दिन: उषा अर्घ्य और पारण (कार्तिक शुक्ल सप्तमी)
​अनुष्ठान: चौथे दिन ब्रह्ममुहूर्त से ही घाटों पर श्रद्धालु एकत्र हो जाते हैं। जल में खड़े होकर उगते हुए सूर्य (उषा और प्रत्युषा) को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इसके पश्चात हवन, परिक्रमा और छठी मइया की कथा सुनने के बाद व्रती अदरक और गुड़ खाकर अपना ३६ घंटे का निर्जला व्रत खोलते हैं (पारण करते हैं)। प्रातःकालीन सूर्य की किरणें त्वचा के संपर्क में आकर शरीर में विटामिन-डी के संश्लेषण को तीव्र करती हैं और मस्तिष्क में सेरोटोनिन व मेलाटोनिन हार्मोन के संतुलन को बेहतर बनाती हैं। यह प्रक्रिया शरीर और मन को नई ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देती है।
​आधुनिक विश्व जब जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण और नदियों के मैले होने की गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, तब छठ महापर्व संपूर्ण मानवता के लिए पर्यावरण संरक्षण का सबसे बड़ा आदर्श प्रस्तुत करता है: छठ पूजा में किसी भी प्रकार की कृत्रिम, रासायनिक या प्लास्टिक की वस्तु का प्रयोग पूर्णतः वर्जित है। पूजा में उपयोग होने वाले सूप और डलिया बांस से बने होते हैं, दीये मिट्टी के होते हैं, और प्रसाद के रूप में केवल मौसमी फल, कंद-मूल और घर में शुद्ध घी से बने ठेकुआ अर्पित किए जाते हैं। ये सभी वस्तुएं पूर्णतः जैव-निम्नीकरणीय हैं।
​सामूहिक स्वच्छता का जन-आंदोलन: छठ एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें किसी सरकारी अभियान की प्रतीक्षा किए बिना, समाज के सभी वर्ग स्वयं आगे आकर सड़कों, गलियों, नदियों और तालाबों के घाटों की सफाई करते हैं। यह पर्व हमें सिखाता है कि जलस्रोतों को स्वच्छ रखना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है।​मन्वंतर काल में राजा प्रियव्रत के पुत्र को जीवनदान देने से प्रारंभ हुई षष्ठी माता की यह पावन यात्रा वैदिक ऋषियों के मंत्रों, सीता-राम और कर्ण-द्रौपदी की साधना, तथा बिहार-झारखंड के ऐतिहासिक सौर मंदिरों से होती हुई आज संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन कर रही है। छठ महापर्व हमें यह शाश्वत सत्य स्मरण कराता है कि मनुष्य प्रकृति का स्वामी नहीं, बल्कि उसका एक अभिन्न अंग है। प्रत्यक्ष देव सूर्य, निर्मल जल और धरती की उर्वरा शक्ति के प्रति कृतज्ञता का यह महापर्व युगों-युगों तक मानवता को स्वच्छता, समरसता, संयम और प्रकृति-प्रेम के मार्ग पर आलोकित करता रहेगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ