आर्य समाज सिकंदराबाद द्वारा " नाथूराम गोडसे चिंतन विवाद और वास्तविक सत्य " विषय पर आयोजित गोष्ठी हुई संपन्न

आर्य समाज सिकंदराबाद द्वारा " नाथूराम गोडसे चिंतन विवाद और वास्तविक सत्य " विषय पर आयोजित गोष्ठी हुई संपन्न

  • सिकंदराबाद। आर्य समाज सिकंदराबाद में एक बहुत ही गंभीर और विचारोत्तेजक गोष्ठी का आयोजन " नाथूराम गोडसे चिंतन, विवाद, और वास्तविक सत्य " किया गया।

इस गोष्ठी में इतिहास के उन पृष्ठों पर खुलकर चिंतन हुआ,जिन पर अक्सर विवाद होता है और सत्य जानने का प्रयास कम होता है। इस संगोष्ठी में आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश की न्याय सभा के प्रधान न्यायाधीश और आर्य प्रतिनिधि सभा जनपद गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार आर्य मुख्य अतिथि के रूप में तथा आर्य प्रतिनिधि सभा जनपद गौतम बुद्ध नगर की भाषा प्रचारिणी सभा के जिला अध्यक्ष ब्रह्मचारी आर्य सागर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ राकेश कुमार आर्य ने बड़े ही तथ्यपूर्ण और तर्कपूर्ण ढंग से समकालीन इतिहास की उन परिस्थितियों पर प्रकाश डाला जिनके कारण उसे समय गांधी वध जैसी एक घटना हुई। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में हमें गोडसे द्वारा न्यायालय के समक्ष दिए गए उनके बयान का अनुशीलन करना चाहिए। जिससे स्पष्ट होता है कि वह आर्य समाज की विचारधारा से अत्यधिक प्रभावित थे। स्वामी श्रद्धानंद की बलिदानी भावना और शुद्धि आंदोलन ने उनको हृदय से प्रभावित किया था। इसके अतिरिक्त गांधी जी का स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान पर विपरीत और दोगला चिंतन, वक्तव्य, लेखन भी उनको अत्यधिक चुभा था। उस समय लगभग 20 लाख लोगों को पाकिस्तान से भारत आते हुए काट दिया गया था। उनके परिजनों की करुण चीत्कार भी गांधी के प्रति लोगों में विष घोल रही थी। क्योंकि गांधी जी उस चीत्कार को भी अनसुना कर रहे थे। कांग्रेस के लोगों को सत्ता प्राप्त करने की जल्दी लगी हुई थी। उन्होंने बड़े सुरक्षित ढंग से अंग्रेजों को यहां से निकाल दिया था। जिसके लिए नेहरू और लॉर्ड माउंटबेटन के बीच एक गुप्त समझौता हो गया था। यही कारण था कि उस समय मरने वाले लोगों में केवल हिंदू और मुसलमान थे। उनमें भी अधिक हिंदू थे। ईसाइयों पर कहीं कोई हमला नहीं हुआ। क्योंकि गांधी के शिष्य नेहरू प्रधानमंत्री के रूप में उनकी ढाल बनकर खड़े हो गए थे।
उन्होंने बताया कि किसी भी घटना को समझने के लिए हमें नफरत या पक्षपात से नहीं बल्कि सत्य, प्रमाण और विवेक से देखना चाहिए। यही महर्षि दयानन्द सरस्वती जी का संदेश है - सत्य को ग्रहण करो, असत्य को छोड़ो। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के दिल पर उस समय वह दर्द गुजरा था उसकी पीड़ा को केवल वही अनुभव कर सकते थे। उनके वंशजों के दिल आज भी उस समय के दर्द को अनुभव करके कराह उठते हैं। हम सबको उनके प्रति संवेदनशील होना चाहिए। परंतु दुर्भाग्य यह था कि कांग्रेस और कांग्रेस के तत्कालीन नेता उन लोगों के दर्द को देखकर भी उनके प्रति भावशून्यता का प्रदर्शन कर रहे थे। उस समय बहुसंख्यक समाज अपने आप को असुरक्षित अनुभव कर रहा था। गांधी जी का चौरीचौरा कांड की घटना पर असहयोग आंदोलन को रोकना क्रांतिकारियों के दिल पर बड़ा झटका था। जिसके चलते स्वामी श्रद्धानंद जी ने गांधी जी को हमेशा के लिए छोड़ दिया था। इसी प्रकार हमारे भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी उनके साथियों को लगने वाली फांसी के प्रति गांधी जी द्वारा अरुचि दिखाना , सोहरावर्दी द्वारा पश्चिम बंगाल में की गई सीधी कार्यवाही के अवसर पर मारे गए हिंदुओं के प्रति असंवेदनशीलता प्रकट करना, मोपला कांड के दोषी लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करना और उन्हें समर्थन देना, नोवाखाली रक्तपात में हजारों हिंदू महिलाओं के प्रति पत्थर दिल का प्रदर्शन करना भी गांधी के लिए नाथूराम गोडसे के दिल में घृणा पैदा कर गया था।
डॉ राकेश कुमार आर्य ने कहा कि गांधी जी ने कभी भी हिंदू हितों के लिए कोई अनशन नहीं किया। राष्ट्रहित के लिए कोई अनशन नहीं किया और वह अंतिम दिनों में भारत सरकार पर इस बात के लिए दबाव बनाने के लिए अनशन पर बैठ गए थे कि वह पाकिस्तान को 55 करोड़ रूपया दे। इन सब बातों के चलते हिंदू को उन्होंने मरने के लिए छोड़ दिया था। अपनी मातृभूमि के विशाल भूभाग को विदेशी धर्म को मानने वाले मुसलमानों को सौंप कर गांधी जी को तनिक भी कष्ट नहीं हुआ। जबकि नाथूराम गोडसे जैसे देशभक्तों के दिल पर उस समय वज्रपात हो गया था और ऐसे नाथूराम गोडसे उन दिनों देश में लाखों करोड़ों की संख्या में थे। नाथूराम गोडसे ने जो कुछ किया वह कितना सही या कितना गलत था,वह इन सब तथ्यों परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर हमें निर्णीत करना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे ब्रह्मचारी आर्य सागर ने अपने वक्तव्य में कहा कि गांधी जी देश के प्रति वफादारी ना दिखा कर एक संप्रदाय विशेष के प्रति वफादारी दिखाने पर काम कर रहे थे। उन्होंने एक सुनियोजित षड्यंत्र के अंतर्गत और अपनी हठधर्मिता का प्रदर्शन करते हुए देश का पहला प्रधानमंत्री पंडित नेहरू को बनाया ।जबकि उस समय के 15 प्रांतों में से 13 प्रांत पंडित नेहरू को नहीं बल्कि सरदार पटेल को देश का प्रधानमंत्री बनना चाहते थे। गांधी जी ने देश के लिए 'हिंदुस्तानी' ,नामक भाषा को अपनाने पर बल दिया। वह नहीं चाहते थे कि संस्कृतनिष्ठ हिंदी भारत की राष्ट्रभाषा बने, बल्कि वह उर्दूनिष्ठ हिंदी को ( जिसे वह हिंदुस्तानी कहते थे ) भारत की राष्ट्रभाषा बनाना चाहते थे। जबकि सावरकर जैसे लोग संस्कृतनिष्ठ हिंदी को भारत की राष्ट्रभाषा बनाने के समर्थक थे।
उन्होंने कहा कि गांधी जी ने 1921 में हुए मोपला कांड के समय मारे गए हिंदुओं के प्रति कोई संवेदना प्रकट नहीं की थी बल्कि मुस्लिम समाज को खुश करने के लिए बेकार में ही खिलाफत आंदोलन चला दिया था। जबकि इस खिलाफत आंदोलन का कई मुस्लिम नेता भी विरोध कर रहे थे। परंतु गांधी जी जिद्दी स्वभाव के होने के कारण अपनी बात से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए थे। परिणाम यह हुआ कि उस आंदोलन में बड़ी संख्या में हिंदुओं का कत्ल किया गया। इसके उपरांत भी गांधी जी सारे घटना चक्र पर मौन रह गए।
आर्य सागर ने कहा कि गांधी जी अपने जीवन में बार-बार यह कहते रहे कि पाकिस्तान उनकी लाश पर बनेगा । परंतु 3 जून 1947 को उनकी कांग्रेस ने भारत के विभाजन संबंधी दस्तावेज पर उनके जीते जी हस्ताक्षर कर दिए। तब गांधी जी ने एक दिन भी भूख हड़ताल करने की धमकी अंग्रेज सरकार को नहीं दी। जबकि अंग्रेज उनसे इस बात को लेकर भयभीत रहते थे कि विभाजन संबंधी घोषणा पर गांधी जी भूख हड़ताल पर जा सकते हैं। यदि गांधी जी अपनी शक्ति का प्रयोग करते तो वह विभाजन को टाल सकते थे। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि गांधी जी ने विभाजन के उपरांत भी हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कोई उपाय करने के लिए अपने प्रिय शिष्य और देश के प्रधानमंत्री नेहरू को निर्देशित नहीं किया । विभाजन जल्दबाजी में लिया गया निर्णय था। यदि विभाजन पर कांग्रेस सहमत भी हो गई थी तो भी अच्छी बात यह होती कि हिंदू मुस्लिम आबादी का शांतिपूर्वक विस्थापन होने के उपरांत देश के विभाजन की रेखा खींची जाती ।परंतु सत्ता की भूखी कांग्रेस और कांग्रेस के नेता गांधी व नेहरू ने इस पर भी गंभीरता पूर्वक चिंतन नहीं किया और देश को विभाजन की विभीषिका में झोंक दिया।
ब्रह्मचारी आर्य सागर ने कहा कि इतिहास के तथ्यों पर हमें गंभीरता से चिंतन करना चाहिए। तभी गोडसे को कातिल या देशभक्त की संज्ञा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश विरोध सांकेतिक आधार पर भी हो सकता है, लेखन के आधार पर भी हो सकता है, किसी का पक्ष पोषण करने से भी हो सकता है, किसी व्यक्ति को किसी वर्ग विशेष के विरुद्ध उकसाने पर भी हो सकता है, इसके अतिरिक्त किसी नेता या किसी वर्ग की अच्छी बात को भी गलत साबित करने और दूसरे की गलत बात को भी अच्छी सिद्ध करने की दुर्भावना से भी हो सकता है, कौन व्यक्ति अपने इस प्रकार के आचरण से उन दिनों देश का विरोध कर रहा था, देश की आत्मा के साथ छल कर रहा था, और कौन उस प्रकार के छल और आचरण को समझ रहा था, इस पर भी आज चिंतन करने की आवश्यकता है।
ध्यान रहे कि आर्य समाज सिकंदराबाद के यशस्वी प्रधान रमेश आर्य ने आजादी के बाद पहली बार आर्य समाज सिकंदराबाद में इस विषय पर विचार गोष्ठी कराकर एक अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया है। सत्य पर चर्चा करना आसान नहीं होता, इसके लिए साहस चाहिए और वह साहस श्री रमेश आर्य व उनके साथियों ने दिखाया है।आपने इतिहास को दबाने के बजाय उसे तर्क, प्रमाण और विवेक से समझने का मंच दिया।
महर्षि दयानन्द के सिद्धांत - सत्य को ग्रहण करो, असत्य को छोड़ो - के आधार पर आर्य समाज सिकंदराबाद द्वारा की गई इस पहल का हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण से अनुकरण करना चाहिए । तत्कालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर और इतिहास की उन गंभीर विकृतियों को समझकर हमें निर्णय लेना चाहिए जिनके कारण उस समय विस्फोटक स्थिति बन चुकी थी और गांधी जी उस विस्फोटक स्थिति को समझ कर भी हिंदू समाज को दबाने का काम कर रहे थे। इस अवसर पर 92 साल के भजनलाल बोहरा भी उपस्थित हुए। जो कि 1947 के समय एक विस्थापित के रूप में भारत आए थे। उन्होंने रोते हुए अपनी पीड़ा को व्यक्त किया। जिन्हें संपूर्ण समाज की ओर से सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन आर्य समाज सिकंदराबाद के पुरोहित सुरेंद्र आर्य द्वारा किया गया । इस अवसर पर वेद प्रचारिणी सभा गौतम बुद्ध नगर के प्रधान विजेंद्र सिंह आर्य, मंत्री हेम सिंह आर्य, आर्य समाज नियाना आना के प्रधान गजराज सिंह आर्य, स्वामी प्राण देव जी महाराज, राम प्रसाद आर्य , आर्य प्रतिनिधि सभा गौतम बुद्ध नगर के उप प्रधान महावीरसिंह आर्य, सुदेश आर्य, आर्य समाज अस्तौली के प्रधान गिरिराज सिंह आर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य धनीराम शास्त्री द्वारा की गई। उन्होंने अपने भाषण में सबका धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सत्य और तथ्य को स्पष्ट करना आर्य समाज के मंच का पवित्र कार्य है। आज जिस प्रकार की चर्चा इस संगोष्ठी में की गई है, वह किसी के प्रति दुर्भाव रखते हुए या किसी के कृत्य का महिमामंडन करने के लिए नहीं की गई है, बल्कि सत्य और तथ्य को स्पष्ट करने के लिए आयोजित की गई है। जिससे कि वर्तमान पीढ़ी को सच्चाई का ज्ञान हो सके।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ